Home खोजी रिपोर्टिंग प्रतापगढ़ हाईवे पर खौफनाक मंजर: पुलिस की गाड़ी से टकराए तीन वाहन,...

प्रतापगढ़ हाईवे पर खौफनाक मंजर: पुलिस की गाड़ी से टकराए तीन वाहन, मची अफरा-तफरी

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png



तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को मारी जोरदार टक्कर, कई पुलिसकर्मी समेत नौ लोग घायल, मचा हड़कंप

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजापुर खरहर गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस विभाग के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस विभाग के सहायक लेखाधिकारी सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टक्कर के बाद पीछे से आ रहे टेम्पो और ई-रिक्शा भी पुलिस वाहन से भिड़ गए, जिससे कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।



जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग के सहायक लेखाधिकारी संजय मौर्य किसी लेखा संबंधी कार्य से रानीगंज स्थित क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय आए थे। कार्य समाप्त होने के बाद वह विभागीय वाहन से प्रतापगढ़ मुख्यालय लौट रहे थे। उनके साथ वाहन में सहायक आरक्षी संदीप यादव तथा उत्तम अग्रहरि भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी गाड़ी राजापुर खरहर गांव के समीप पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद पुलिस वाहन के पीछे चल रहा एक टेम्पो और एक ई-रिक्शा भी नियंत्रण खो बैठे और पुलिस वाहन से जा टकराए। इस कारण दुर्घटना और भी गंभीर हो गई। टेम्पो में सवार सर्वेश दुबे निवासी राजापुर खरहर घायल हो गए। वहीं ई-रिक्शा में सवार अनिशा बानो, कमर जहां हाशिम, साइमां, शकीरा तथा रुश्दा निवासी जयरामपुर, रानीगंज भी चोटिल हो गईं।

बताया गया कि ई-रिक्शा में सवार सभी महिलाएं प्रतापगढ़ के चिलबिला क्षेत्र में एक रिश्तेदार के जनाजे में शामिल होने जा रही थीं। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस की सहायता से रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा गया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की भी चर्चा रही।

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी भी तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल लिया तथा चिकित्सकों से बातचीत कर बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीओ ने दुर्घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

इस भीषण सड़क दुर्घटना में पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित कुल कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सड़क सुरक्षा तथा भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply