प्रयागराज STF की बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, 4 पिस्टल व 8 मैगजीन बरामद
लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने अंतरराज्यीय असलहा तस्कर कुनाल पाण्डेय उर्फ शिवम पाण्डेय को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार अवैध .32 बोर पिस्टल, आठ मैगजीन, एक मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसटीएफ को काफी समय से इस गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। सूचनाओं के आधार पर लगातार निगरानी और सटीक खुफिया तंत्र का इस्तेमाल करते हुए टीम ने 03 अगस्त 2026 को प्रयागराज के थाना हंडिया क्षेत्र स्थित भिटी रेलवे क्रॉसिंग, बरोत रोड पर जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले लगभग पांच वर्षों से अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त कर रहा है। उसने बताया कि वह बिहार के पटना जिले के राजेन्द्र नगर से करीब 30 हजार रुपये प्रति पिस्टल के हिसाब से हथियार खरीदकर उत्तर प्रदेश में 35 से 40 हजार रुपये में बेचता था और तस्करी के लिए बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। आरोपी के विरुद्ध पहले भी असलहा तस्करी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।
इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई की सतर्कता, सटीक सूचना संकलन और सुनियोजित कार्रवाई को जाता है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (एसटीएफ फील्ड इकाई, प्रयागराज) श्री शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक श्री जय प्रकाश राय के नेतृत्व में संपन्न हुई।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में एसटीएफ प्रयागराज से उपनिरीक्षक गुलजार सिंह,मुख्य आरक्षी भ्रमजन पाण्डेय,मुख्य आरक्षी अजय सिंह यादव,मुख्य आरक्षी अनूप राय,मुख्य आरक्षी उदय प्रताप सिंह,मुख्य आरक्षी पंकज तिवारी,तथा आरक्षी चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय शामिल रहे। टीम की सक्रियता और समन्वित कार्रवाई से यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों की तस्करी पर करारा प्रहार माना जा रहा है। प्रदेश में संगठित अपराध और असलहा तस्करी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश एसटीएफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है, जिसके चलते अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो रहा है।







