Home अपराध गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के मोबाइल चुराने वाला गिरफ्तार, चार जिंदा देशी...

गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के मोबाइल चुराने वाला गिरफ्तार, चार जिंदा देशी बम बरामद

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को चोरी के मोबाइल फोन और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार जिंदा देशी बम भी बरामद किए। बरामद बमों को पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक पानी में डुबोकर निष्क्रिय कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मानिकपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक चोरी के सामान और विस्फोटक सामग्री के साथ रहमत अली के पुरवा से शाहाबाद घाट जाने वाली सड़क के पास मौजूद है। सूचना पर दरोगा अमित कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर मुर्गी फार्म वाले कच्चे रास्ते के पास से करीब 25 वर्षीय शैलेन्द्र सोनकर पुत्र इन्द्रजीत सोनकर निवासी मनिहारी टोला, थाना मानिकपुर को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार एंड्राइड मोबाइल फोन, एक काला पर्स, एक आधार कार्ड और 500 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा चार जिंदा देशी नाजायज बम भी मिले। विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने बेहद सतर्कता बरतते हुए चारों बमों को पानी में डुबोकर निष्क्रिय किया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कई दिनों से शाहाबाद गंगा घाट पर स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी करता था। चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम से वह नशा करता था। बरामद सामान में एक मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड और 500 रुपये थाना मानिकपुर में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मानिकपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 188/26 में धारा 303(2)/317(2) बीएनएस की कार्रवाई की है। वहीं चार जिंदा देशी बम बरामद होने के मामले में मुकदमा संख्या 196/26 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद तीन अन्य मोबाइल फोन के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की खास चर्चा है। मुखबिर की सूचना पर बिना समय गंवाए कार्रवाई करते हुए उन्होंने आरोपी को दबोचा और उसके कब्जे से चोरी के सामान के साथ खतरनाक विस्फोटक सामग्री बरामद कर बड़ी घटना की आशंका को टाल दिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक कनेक्शन और चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply