रानीगंज, प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में सांप के काटने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार दादूपुर गांव निवासी कृष्ण कुमार दुबे के 28 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार दुबे शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपने कच्चे मकान में सोने चले गए थे। इन दिनों लगातार हो रही बारिश के कारण गांव में कई जगह जंगल और झाड़ियां उग आई हैं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक सांप घर के अंदर घुस आया और सोते समय अभिषेक के बाएं पैर में कई जगह काट लिया।
रात में परिवार के लोगों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। शनिवार सुबह अभिषेक का छोटा भाई उन्हें चाय देने और जगाने के लिए कमरे में पहुंचा। उसने आवाज देकर अभिषेक को जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वह उनके पास गया तो अभिषेक को मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने जब अभिषेक के शरीर की जांच की तो उनके बाएं पैर पर सांप के काटने के कई निशान दिखाई दिए। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी गई। युवक की मौत से माता-पिता समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि अभिषेक के कुछ परिजन मुंबई में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वे मुंबई से गांव के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार के अनुसार अभिषेक का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर प्रयागराज में किया जाएगा।
बरसात के मौसम में सांपों के घरों में घुसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों में साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई कराने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।





