Home अपराध पट्टी पुलिस की कार्रवाई पर न्यायालय में उठे सवाल, जानलेवा हमले की...

पट्टी पुलिस की कार्रवाई पर न्यायालय में उठे सवाल, जानलेवा हमले की धारा खत्म होते ही अधिवक्ताओं में खुशी; जावेद अख्तर और उसामा खान को मिली जमानत

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

ग्रामीणों की तहरीर पर दो सगे अधिवक्ता भाइयों के खिलाफ दर्ज हुआ था हत्या के प्रयास का मुकदमा, गिरफ्तारी के बाद अधिवक्ता समाज ने खोला मोर्चा; पुलिस की एकतरफा कार्रवाई को लेकर उठे गंभीर सवाल

प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सड़क निर्माण को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने वाली पुलिस की कार्रवाई को न्यायालय में राहत नहीं मिली। सोमवार को दोनों भाइयों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद हत्या के प्रयास की धारा समाप्त कर दी गई और अन्य धाराओं में दोनों को जमानत मिल गई। न्यायालय के इस फैसले के बाद अधिवक्ता समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं, पुलिस की कार्रवाई और विवेचना के तरीके को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

पूरा मामला रविवार दोपहर पट्टी क्षेत्र के कोठियार गांव का है। यहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसे कुछ ग्रामीणों द्वारा रोका जा रहा था। इसी दौरान अधिवक्ता जावेद अख्तर अपने छोटे भाई उसामा खान के साथ थार गाड़ी से मौके पर पहुंचे। निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों और दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जावेद अख्तर की थार गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और उनके साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। आरोप है कि पुलिस ने ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर अधिवक्ता जावेद अख्तर और उनके भाई उसामा खान के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी जब जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं को हुई तो बड़ी संख्या में अधिवक्ता पट्टी कोतवाली पहुंच गए।

थाने में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। अधिवक्ताओं ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि आखिर जिस पक्ष की गाड़ी तोड़ी गई, जिसके व्यक्ति के घायल होने की बात सामने आई, उसी पक्ष के लोगों को गंभीर धाराओं में आरोपी बनाकर गिरफ्तार क्यों कर लिया गया? इस दौरान थाने में हुई बहस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

सुबह से न्याय के लिए लामबंद रहे अधिवक्ता

सोमवार सुबह से ही अधिवक्ताओं में इस कार्रवाई को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। अधिवक्ताओं का कहना था कि सड़क निर्माण के दौरान ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से जबरन काम रोका गया। कुछ लोगों पर पैसे की मांग करने और विरोध करने पर अधिवक्ता के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया। इसके बावजूद पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अधिवक्ता और उनके भाई के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज कर उन्हें पूरी रात हवालात में रखा।

अधिवक्ताओं ने सवाल उठाया कि क्या पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से पहले घटनास्थल की परिस्थितियों, दोनों पक्षों के आरोपों और चोटिल व्यक्ति के पक्ष को गंभीरता से परखा था? उनका आरोप था कि पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच किए बिना ही एक पक्ष की शिकायत पर इतनी बड़ी कार्रवाई कर दी।

न्यायालय में पेशी के दौरान भी दिखा अधिवक्ताओं का आक्रोश

सोमवार शाम करीब चार बजे विवेचक राहुल पांडेय दोनों सगे भाइयों को पुलिस जीप से लेकर न्यायालय पहुंचे। यहां पहले से मौजूद बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने विरोध जताया। सभी की निगाहें न्यायालय की सुनवाई पर टिकी थीं। दोनों भाइयों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां सुनवाई और बहस के बाद हत्या के प्रयास की धारा समाप्त कर अन्य धाराओं में जमानत दे दी गई।

न्यायालय से राहत मिलने की जानकारी बाहर आते ही अधिवक्ताओं में खुशी छा गई। अधिवक्ताओं ने इसे न्यायिक प्रक्रिया में अपना पक्ष रखने की जीत बताया। वहीं, सुबह से अपने बेटे के समर्थन में खड़े अधिवक्ता जावेद अख्तर के पिता अब्दुल जब्बार ने कठिन समय में साथ देने वाले अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताया और सभी का शुक्रिया अदा किया।

पट्टी पुलिस के रवैये को लेकर अब भी नाराजगी

न्यायालय से राहत मिलने के बाद भी पट्टी कोतवाली पुलिस की कार्यशैली को लेकर अधिवक्ताओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। खासकर उस समय पट्टी का चार्ज संभाल रहे कोतवाल के रवैये को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि कानून का काम निष्पक्ष कार्रवाई करना है, न कि किसी एक पक्ष की शिकायत पर दूसरे पक्ष को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर देना।

इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर सड़क निर्माण को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं की गई? गाड़ी तोड़े जाने और अधिवक्ता के घायल होने के आरोपों पर पुलिस ने क्या कार्रवाई की? क्या पुलिस ने दूसरे पक्ष की भूमिका की भी उसी गंभीरता से जांच की? इन सवालों का जवाब अब पुलिस की निष्पक्ष जांच और आगे की कार्रवाई से ही मिल सकेगा।

एक तरफ पुलिस की गिरफ्तारी और गंभीर धाराओं में मुकदमा, दूसरी तरफ न्यायालय में सुनवाई के बाद हत्या के प्रयास की धारा का समाप्त होना पट्टी पुलिस की कार्रवाई पर चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply