प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां तैनात एक महिला आरक्षी ने अपने साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने स्वयं रानीगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभ में थाने स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर महिला आरक्षी ने उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया गया, जिसके बाद रानीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों पर दुष्कर्म सहित अन्य संगीन धाराएं लगाई गई हैं। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी सोनू यादव उर्फ वीर बहादुर यादव पुत्र तीरथ यादव निवासी रस्तीपुर को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) के लिए भेज दिया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें और जांच को आगे बढ़ाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। महिला आरक्षी के साथ इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।







