Home अपराध 32.5 टन चोरी की सरिया का खुलासा, पांच गिरफ्तार; गोदामों और दुकानों...

32.5 टन चोरी की सरिया का खुलासा, पांच गिरफ्तार; गोदामों और दुकानों से बरामद हुआ लाखों का माल

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। मान्धाता थाना पुलिस ने चोरी की सरिया की बड़ी खेप का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग दुकानों, गोदामों और एक बेसमेंट से कुल 32.5 मीट्रिक टन चोरी की सरिया बरामद करने का दावा किया है। बरामद सरिया पर “गिरधर एनईएक्सटी” अंकित है, जिसकी पहचान वादी ने चोरी गए माल के रूप में की है। पुलिस की कार्रवाई से चोरी के माल को सस्ते दाम पर खरीदकर खपाने वाले नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, मऊआइमा थाना क्षेत्र के सुल्तापुर निवासी वादी ने झुमरी तिलैया, कोडरमा, झारखंड से 41.760 मीट्रिक टन सरिया ट्रक संख्या UP70PT8849 से महाराष्ट्र के सतारा भेजने के लिए मंगाई थी। ट्रक चालक गुलजार को माल निर्धारित स्थान पर पहुंचाना था, लेकिन आरोप है कि वह सरिया सतारा पहुंचाने के बजाय उत्तर प्रदेश ले आया। इसके बाद चालक ने अलग-अलग स्थानों पर माल उतारने की जानकारी देकर वादी को गुमराह किया।

बताया गया कि वादी ने सरिया बहरिया स्थित गुप्ता ट्रेडर्स में उतारने को कहा, लेकिन वहां से माल प्राप्त होने से इनकार कर दिया गया। चालक द्वारा लगातार अलग-अलग जानकारी दिए जाने और 21 से 25 अगस्त तक माल की कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर वादी को सरिया चोरी कर बेच दिए जाने का संदेह हुआ। तहरीर के आधार पर थाना मान्धाता में मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 के तहत धारा 303(2), 316(3), 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में मान्धाता पुलिस ने जांच तेज की। थाना प्रभारी धनन्जय राय की टीम ने पूछताछ और सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार रामअजोर पटेल से पूछताछ में सामने आया कि उसे चोरी की सरिया इमरान पुत्र मुस्सन निवासी नौवापुर, थाना देल्हूपुर द्वारा कम कीमत पर उपलब्ध कराई गई थी। रामअजोर ने कथित तौर पर इस सरिया को अलग-अलग लोगों को सस्ते दाम पर बेच दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश देकर चोरी का माल बरामद किया।

ग्राम होला का पुरवा स्थित पटेल सीमेंट एजेंसी के गोदाम से धर्मेन्द्र पटेल के कब्जे से करीब 1.5 मीट्रिक टन, लक्ष्मीगंज बाजार में अरविन्द यादव की दुकान के सामने से करीब 3 मीट्रिक टन, लोकापुर वीरसिंहपुर स्थित नौशाद के गोदाम से करीब 3 मीट्रिक टन तथा भावनपुर डेरवा स्थित संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला के गोदाम से करीब 1.5 मीट्रिक टन सरिया बरामद की गई।

सबसे बड़ी बरामदगी रामअजोर पटेल के नन्दा का पुरवा, कटरा गुलाब सिंह स्थित घर के बेसमेंट में बने गोदाम से हुई, जहां से पुलिस ने करीब 16 मीट्रिक टन सरिया बरामद की। इसके अलावा जांच के दौरान राजकुमार त्रिपाठी की दुकान से करीब 3 मीट्रिक टन और देवीशंकर मिश्रा की दुकान से करीब 4.5 मीट्रिक टन सरिया भी बरामद हुई। हालांकि दोनों मौके पर नहीं मिले, जिसके चलते उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने धर्मेन्द्र पटेल, अरविन्द यादव, नौशाद, संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला और रामअजोर पटेल को गिरफ्तार किया है। विवेचना में चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। मनोज शुक्ला और उमेश पटेल समेत अन्य संदिग्धों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

मामले में बरामदगी और विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस का कहना है कि चोरी की सरिया को कम कीमत पर खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर खपाने वाले पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धनन्जय राय के साथ उपनिरीक्षक अनूप यादव, कांस्टेबल शिवराम मिश्रा, हरिपाल, रिक्रूट महिला कांस्टेबल पूजा यादव-1 तथा चालक रतन लाल त्रिपाठी शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि 41.760 मीट्रिक टन सरिया में से शेष माल कहां गया और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।

Leave a Reply