Home अपराध साइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, सात चोरी की साइकिलें बरामद

साइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, सात चोरी की साइकिलें बरामद

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। उदयपुर पुलिस ने साइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल सात साइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रायबरेली और प्रतापगढ़ में चोरी, अपहरण, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को ग्राम मठिया किशुनगढ़ निवासी जय सिंह ने उदयपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि दोपहर करीब दो बजे उनके घर के बाहर खड़ी उनकी और उनके पुत्र की दो साइकिलें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए टीम गठित की।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उदयपुर दीपनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी थी। 27 अगस्त को उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में भ्रमण और विवेचना कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बूढ़े बाबा थान से पूरे भोजई जाने वाले मार्ग पर तीन व्यक्ति चोरी की साइकिलें बेचने की फिराक में खड़े हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को साइकिलों समेत दबोच लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर मौके से तीन साइकिलें बरामद हुईं, जबकि पास की बाग और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चार अन्य साइकिलें भी पुलिस ने बरामद कर लीं। इस तरह कुल सात चोरी की साइकिलें बरामद हुईं।

बरामद साइकिलों में हीरो, हरक्यूलिस, एटलस और KW कंपनी की साइकिलें शामिल हैं। इनमें दो साइकिलों की पहचान वादी जय सिंह ने अपनी चोरी हुई साइकिलों के रूप में की। वहीं कुम्भी आइमा निवासी ओमप्रकाश ने एक हरक्यूलिस साइकिल को करीब 15 दिन पहले चोरी हुई अपनी साइकिल बताया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि मौर्या (26), लालजी पटेल (25) और धर्मेन्द्र सरोज (32), निवासी थाना नसीराबाद, जनपद रायबरेली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे तीनों मिलकर साइकिल चोरी करते थे और चोरी की साइकिलें राहगीरों को बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मठिया गांव से दो साइकिलें चोरी करने के साथ ही अन्य स्थानों से भी साइकिलें चोरी कर उन्हें झाड़ियों और बाग में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी के साथ कांस्टेबल जीयन कुमार, प्रमोद कुमार, गोपाल गिरि और अखिलेश कुमार पाण्डेय शामिल रहे।

Leave a Reply