Home खोजी रिपोर्टिंग किराने की दुकान से गांजा बरामद, 11 हजार रुपये समेत दुकानदार गिरफ्तार

किराने की दुकान से गांजा बरामद, 11 हजार रुपये समेत दुकानदार गिरफ्तार

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानिकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम मुन्दीपुर रानापट्टी स्थित एक किराने की दुकान से 1 किलो 210 ग्राम अवैध गांजा और बिक्री के 11,080 रुपये बरामद करते हुए 58 वर्षीय श्यामजी मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायन वैस के पर्यवेक्षण में मानिकपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुन्दीपुर रानापट्टी गांव में किराने की दुकान से गांजे की बिक्री की जा रही है। सूचना पर उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान पर कार्रवाई करते हुए श्यामजी मिश्रा, निवासी मुन्दीपुर रानापट्टी, को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान दुकान से 1 किलो 210 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की जामातलाशी में बिक्री के 11,080 रुपये नकद भी बरामद किए। मामले में थाना मानिकपुर में मु0अ0सं0 219/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।

दरोगा अमित सिंह की भूमिका रही अहम

पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बिना देरी कार्रवाई को अंजाम दिया। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते किराने की दुकान से गांजा और बिक्री की रकम बरामद हो सकी। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल रामदेव गौतम, कांस्टेबल भीमराव और रिक्रूट महिला कांस्टेबल सुष्मिता सिंह शामिल रहीं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी वर्ष 1997 में धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply