कंधई में एमडी की खेप के साथ तीन गिरफ्तार
35.84 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, तराजू-पन्नियां और बाइक भी मिली
प्रतापगढ़। कंधई पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 35.84 ग्राम अवैध एमडी बरामद करने का दावा किया है। आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक तराजू, नौ छोटी पारदर्शी पन्नियां, मोबाइल फोन और एक बाइक भी मिली है। कार्रवाई में थाना पुलिस के साथ स्पेशल टीम और सर्विलांस सेल की अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान सचिन तिवारी उर्फ दिलावर पुत्र कपिल देव तिवारी निवासी पूरे भुलई, सिद्धार्थ शुक्ला पुत्र राजमणि शुक्ला निवासी गोगलापुर और अश्वनी तिवारी पुत्र निशाकांत तिवारी निवासी तरहा के रूप में हुई।
तलाशी में सचिन तिवारी के पास से 21.43 ग्राम, सिद्धार्थ शुक्ला के पास से 8.23 ग्राम और अश्वनी तिवारी के कब्जे से 6.18 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक तीनों के पास से बरामद मादक पदार्थ की कुल मात्रा 35.84 ग्राम है।
सचिन तिवारी के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नौ छोटी पारदर्शी पन्नियां भी बरामद हुईं। इसके अलावा POCO कंपनी का नेवी ब्लू रंग का मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने बरामदगी में इस्तेमाल एचएफ डीलक्स बाइक को भी कब्जे में लिया है।
स्पेशल टीम की रही अहम भूमिका
मादक पदार्थ के खिलाफ हुई इस कार्रवाई में स्पेशल टीम और सर्विलांस सेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्पेशल टीम प्रभारी उपनिरीक्षक विजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाया। सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत सिंह की टीम ने भी इसमें सहयोग किया। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मादक पदार्थ की बिक्री और तस्करी में जुटे लोगों में खलबली मची है।
कार्रवाई करने वाली टीम में कंधई थाने के उपनिरीक्षक अनुपम पटेल, उपनिरीक्षक कैलाश यादव, कांस्टेबल कपिल, रिजर्व कांस्टेबल संदीप पासवान, राहुल पटेल, नदीम स्पेशल टीम में हेड कांस्टेबल भानु प्रताप सिंह, कांस्टेबल मुकेश पटेल, माधवेश राय, आनंद यादव और पियूष यादव शामिल रहे।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ कंधई थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसके कारोबार से कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।







