प्रतापगढ़ में स्कूल वाहनों पर चला सख्त अभियान, मानक विहीन वाहन सीज
प्रतापगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में स्कूल वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भूकर के निर्देशन में रविवार को यातायात पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर अभियान चलाकर स्कूल बसों, वैन और अन्य वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले एक स्कूल वाहन को सीज कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ‘स्कूल वाहन फिटनेस जांच अभियान’ के तहत क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अनिल कुमार राय के नेतृत्व और टीएसआई प्रदीप सिंह की मौजूदगी में टीम ने कई विद्यालयों के वाहनों की बारीकी से जांच की। चेकिंग के दौरान वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। साथ ही वाहनों में लगे सुरक्षा उपकरणों जैसे फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और बच्चों की सुरक्षा के लिए जाली आदि की भी जांच की गई।
इसी दौरान एक स्कूल वाहन पूरी तरह मानकों के विपरीत संचालित मिलता पाया गया। वाहन में न तो आवश्यक सुरक्षा उपकरण मौजूद थे और न ही सभी दस्तावेज अद्यतन पाए गए। गंभीर लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत तत्काल प्रभाव से वाहन को सीज कर दिया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने स्कूल संचालकों और वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि सभी दस्तावेज समय-समय पर अपडेट रखें और बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न करें। नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने स्पष्ट कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि बच्चों का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित रह सके।







