Home खोजी रिपोर्टिंग युवती से मारपीट व निर्वस्त्र करने के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार,...

युवती से मारपीट व निर्वस्त्र करने के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

युवती से मारपीट व निर्वस्त्र करने के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश

मुदस्सिर मेहंदी खान
रूबरू इंडिया | प्रतापगढ़

प्रतापगढ़। जनपद के दिलीपपुर थाना क्षेत्र में युवती के साथ मारपीट, अभद्रता और उसे निर्वस्त्र किए जाने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि रूबरू इंडिया वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

पुलिस के अनुसार, दिलीपपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के पास सरपत के जंगल में कुछ युवकों द्वारा एक युवती के साथ गाली-गलौज, मारपीट और उसे निर्वस्त्र किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

इस संबंध में थाना दिलीपपुर में तैनात उपनिरीक्षक सारिका शाहू की तहरीर पर घोरका मुफरिद गांव निवासी सूरज गौड़, इंतजार उर्फ जीशान, वाहिद उर्फ पतलू, यहियापुर निवासी बबलू तथा दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर लगातार दबिश देना शुरू कर दिया।

मामले में पुलिस इससे पहले मुख्य आरोपी सूरज गौड़ और इंतजार उर्फ जीशान को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज चुकी है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। थाना दिलीपपुर पुलिस ने तीसरे आरोपी वाहिद उर्फ पतलू निवासी घोरका मुफरिद को गोपालपुर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी फरार होने की फिराक में था, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक रमिल कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में कांस्टेबल शिवम सिंह और निर्दोष कुमार भी शामिल रहे। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष बलराम सिंह ने बताया कि इस बहुचर्चित प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष नामजद एवं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है तथा फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज है।

Leave a Reply