Home खोजी रिपोर्टिंग डीएम से मिले पूर्व विधायक धीरज ओझा, रिंकी मिश्रा के परिवार को...

डीएम से मिले पूर्व विधायक धीरज ओझा, रिंकी मिश्रा के परिवार को मिली सरकारी योजनाओं की सौगात

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। रानीगंज क्षेत्र के ग्राम हरनाहपुर निवासी श्रीमती रिंकी मिश्रा के परिवार की आर्थिक स्थिति और आवासीय समस्याओं को लेकर रानीगंज के पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने रविवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय से मुलाकात की। उन्होंने जिलाधिकारी को परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति से अवगत कराते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का अनुरोध किया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और नायब तहसीलदार की टीम ने गांव पहुंचकर परिवार की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि श्रीमती रिंकी मिश्रा पत्नी स्वर्गीय पुष्पराज मिश्र अपनी चार पुत्रियों और वयोवृद्ध ससुर दिवाकर मिश्र के साथ 4 से 5 कमरों वाले खपरैल मकान में रहती हैं। मकान के एक कमरे की पिछली दीवार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पाई गई। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कई योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

श्रीमती रिंकी मिश्रा को आपदा राहत कोष से अहैतुक सहायता उपलब्ध कराई गई है। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उनका आवेदन कराया गया है, जिससे आवास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण और उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कराया गया है।

परिवार की दो पुत्रियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन किया गया है। योजना के तहत पात्र बालिकाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता मिलने का प्रावधान है। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से रिंकी मिश्रा को स्वयं सहायता समूह से भी जोड़ा गया है, ताकि वह स्वरोजगार के माध्यम से आय अर्जित कर सकें।

प्रशासन के अनुसार रिंकी मिश्रा पहले से निराश्रित महिला पेंशन का लाभ प्राप्त कर रही हैं, जबकि उनके ससुर दिवाकर मिश्र को वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है। 75 वर्ष से अधिक आयु होने के कारण उनका आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भी आवेदन कराया गया है।

पूर्व विधायक धीरज ओझा ने कहा कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply