Home अपराध दुकान में घुसकर युवक से मारपीट का आरोप, सीसीटीवी फुटेज आने के...

दुकान में घुसकर युवक से मारपीट का आरोप, सीसीटीवी फुटेज आने के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

Oplus_16908288
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के अंतू थाना क्षेत्र स्थित ककराह बाजार में पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक दरोगा पर दुकान में घुसकर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस जानलेवा हमला और मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी मस्सन की तलाश कर रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम आरोपी की जानकारी जुटाने के उद्देश्य से उसके भाई रुस्तम की दुकान पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने दुकान पर पहुंचकर रुस्तम से आरोपी के संबंध में पूछताछ शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूछताछ के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।आरोप है कि इसी दौरान चौकी इंचार्ज ने युवक रुस्तम के साथ मारपीट की। यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिसकर्मी दुकान के अंदर घुस गए और युवक के साथ हाथापाई की गई।जिसका सीसीटीवी फुटेज जारी किया

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को लेकर नाराजगी जताई। इसी बीच दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी सामने आई, जिसमें कथित रूप से पुलिस और युवक के बीच हुई घटना कैद होने की बात कही जा रही है। फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

आरोप यह भी है कि मारपीट के बाद पुलिस युवक रुस्तम को अपने साथ चौकी ले गई, जहां उससे देर रात तक पूछताछ की गई। हालांकि बाद में युवक को छोड़ दिया गया।

घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका गलत पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply