बिल जमा, फिर भी अंधेरे में परिवार: एक माह से बिजली न मिलने पर उपभोक्ताओं में आक्रोश
प्रतापगढ़। भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग की लापरवाही से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि बिजली बिल का पूर्ण भुगतान करने के बावजूद कई उपभोक्ताओं के घरों में पिछले एक महीने से विद्युत आपूर्ति बाधित है, जिससे लोगों में विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।
रानीगंज सब डिवीजन क्षेत्र के पूरनपुर गांव निवासी साजिद अली ने बताया कि उन्होंने अप्रैल माह में अपना विद्युत बिल पूरी तरह जमा कर दिया था। बिल जमा होने के बाद से ही उनके घर में मीटर तक बिजली पहुंच रही है, लेकिन मीटर के आगे विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कई बार क्षेत्रीय लाइनमैन को बुलाकर समस्या से अवगत कराया। लाइनमैन मौके पर पहुंचकर जांच भी करता है, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका है।
साजिद अली का कहना है कि भीषण गर्मी में उनके परिवार के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बेहद परेशान हैं। घर में पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
इसी प्रकार विश्वनाथगंज विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के पूरे अजमेर शाह गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार ने भी बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब एक माह पूर्व बिजली बिल जमा करने के बाद से उनके घर में मीटर के आगे बिजली नहीं जा रही है। इसके कारण घर के सभी विद्युत उपकरण बेकार पड़े हुए हैं और परिवार को गर्मी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने मीटर विभाग और उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायत दी, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने जिम्मेदारी लेते हुए स्थायी समाधान करने का प्रयास नहीं किया।
क्षेत्र के अन्य लोगों का भी कहना है कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि विभाग समय पर बिल वसूली तो कर लेता है, लेकिन उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में उदासीन रवैया अपनाता है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। संबंधित मीटर विभाग के कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी तथा उपभोक्ताओं की समस्या का जल्द से जल्द निराकरण कराया जाएगा।
फिलहाल भीषण गर्मी के दौर में एक माह से बिजली से वंचित परिवार विभागीय कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं और जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।







