Home खोजी रिपोर्टिंग रानीगंज ग्राम विकास बैंक चुनाव में पप्पू मिश्रा की बड़ी जीत, भाजपा...

रानीगंज ग्राम विकास बैंक चुनाव में पप्पू मिश्रा की बड़ी जीत, भाजपा समर्थित प्रत्याशी को दी मात

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज स्थित उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखा प्रतिनिधि चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार मिश्र उर्फ पप्पू मिश्रा ने शानदार जीत दर्ज कर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी। शुक्रवार को हुए चुनाव में पप्पू मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा समर्थित प्रत्याशी वेद प्रकाश को 194 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखा रानीगंज के इस चुनाव में कुल 404 गांवों के 1479 मतदाता शामिल थे। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चली, जिसमें कुल 503 मत पड़े। मतदान समाप्त होने के बाद शुरू हुई मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार मिश्र उर्फ पप्पू मिश्रा को सर्वाधिक मत मिले और उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया।

चुनाव परिणाम के अनुसार अशोक मिश्र उर्फ पप्पू मिश्रा को 316 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी वेद प्रकाश को 116 वोट मिले। वहीं उमाकांत पाण्डेय उर्फ बब्बू पाण्डेय तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा अरुण कुमार को मात्र एक मत प्राप्त हुआ। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

जीत का प्रमाण पत्र लेकर जैसे ही अशोक मिश्र बाहर निकले, समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। बैंक परिसर के बाहर देर तक समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा और जमकर नारेबाजी होती रही। समर्थकों ने इसे जनता और किसानों की जीत बताते हुए खुशी जाहिर की।

बताया जा रहा है कि चुनाव से कुछ दिन पहले अशोक मिश्र ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए प्रशासन को शिकायत भी दी थी। हालांकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और आखिरकार मतगणना में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज कर ली।

दरअसल यह चुनाव उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की शाखा प्रतिनिधि समिति का चुनाव होता है। यह बैंक किसानों को कृषि, भूमि विकास और ग्रामीण कार्यों के लिए दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराने का कार्य करता है। उत्तर प्रदेश में सहकारी ग्राम विकास बैंक का संचालन सहकारिता विभाग के अंतर्गत किया जाता है तथा इसके लिए अलग अधिनियम भी लागू है।

शाखा प्रतिनिधि चुनाव के माध्यम से चुने गए प्रतिनिधि बैंक की नीतियों, किसानों से जुड़े फैसलों और प्रबंधन से संबंधित प्रक्रियाओं में भागीदारी करते हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में समय-समय पर इस प्रकार के चुनाव कराए जाते हैं, जिनकी निगरानी उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी निर्वाचन आयोग द्वारा की जाती है।

चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी स्वयं पूरे समय मतदान स्थल पर मौजूद रहे। उनके साथ थाना रानीगंज और फतनपुर के थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन मतदान केंद्र और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी करता रहा, जिससे चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

रानीगंज शाखा का यह चुनाव अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि निर्दलीय प्रत्याशी की इस बड़ी जीत को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply