प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आसपुर देवसरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय आपराधिक गिरोह से जुड़े दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर सनसनी फैला दी है।
पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से 06 जिंदा अवैध देशी बम बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना प्रभारी राकेश चौरसिया के कुशल नेतृत्व और सटीक रणनीति का परिणाम मानी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आसपुर देवसरा पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में थाना प्रभारी राकेश चौरसिया के निर्देशन में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर नीमा नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विपिन कुमार मिश्रा निवासी भदोही तथा पंकज सिंह निवासी वाराणसी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 06 जिंदा अवैध देशी बम बरामद हुए, जिससे क्षेत्र में दहशत फैलाने अथवा किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है। इनमें गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आबकारी अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अपराधी विभिन्न जनपदों में सक्रिय रहे हैं और लंबे समय से कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए थे।
थाना प्रभारी राकेश चौरसिया की सतर्कता और अपराधियों के खिलाफ उनकी आक्रामक कार्यशैली एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। क्षेत्र में लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसने और प्रभावी पुलिसिंग के कारण अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
बरामद बमों के संबंध में थाना आसपुर देवसरा में मु0अ0सं0 138/26 धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन बमों का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया जाना था तथा इनके अन्य साथियों की भूमिका क्या रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती थी। प्रतापगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है, जबकि अपराधियों में खलबली मच गई है।







