1. 30 साल पुराने मुकदमे में 3 वारंटी दबोचे, शाहपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर तीन वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उपनिरीक्षक विवेक पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम शाहपुर प्राथमिक विद्यालय के सामने से सुकरु सरोज (75), रामशिव उर्फ शिवराम (40) और दुःखी राम (53) को गिरफ्तार किया। तीनों वर्ष 1995 में दर्ज मारपीट, गाली-गलौज और उपद्रव से जुड़े मुकदमे में वांछित थे। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
2. लालगंज पुलिस ने 2 वारंटी अभियुक्तों को घर से दबोचा
प्रतापगढ़ के लालगंज थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उपनिरीक्षक राम नरेश यादव की टीम ने अशोक कुमार उर्फ रामकृपाल निवासी पूरे पाठक का पुरवा अझारा तथा भुट्टो उर्फ इस्माइल निवासी तकिया खानापट्टी को उनके घर से गिरफ्तार किया। दोनों अलग-अलग पुराने आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे थे। एक मुकदमा आगजनी व तोड़फोड़ से जुड़ा है जबकि दूसरा चोरी के मामले से संबंधित है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
3. युवती के अपहरण और अवैध धर्म परिवर्तन मामले में आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
नवाबगंज थाना पुलिस ने अपहरण एवं अवैध धर्म परिवर्तन से जुड़े चर्चित मामले में आरोपी मुजाइद अली (23) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर गांव की युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप था। पुलिस ने कालाकांकर अंडरपास भैरव बाबा के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से ई-स्टाम्प पर तैयार निकाहनामा बरामद किया। वहीं पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में बीएनएस की कई गंभीर धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
4. दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की प्लेटिना बाइक बरामद
सांगीपुर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों अमित पाण्डेय और शुभम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नौगीर मोड़ के पास से दोनों को चोरी की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल के साथ दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने दो दिन पहले गदियान मोड़ क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार अमित पाण्डेय के खिलाफ पहले से हत्या समेत गंभीर मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई हैं। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
5. मंदिर में महिला की सोने की चेन उड़ाने वाली 2 महिलाएं गिरफ्तार
घुइसरनाथ धाम में दर्शन के दौरान महिला की सोने की चेन चोरी करने वाली दो महिलाओं को सांगीपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रेखा उर्फ माधुरी निवासी जौनपुर और सिंक उर्फ सुनैना निवासी गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को घुइसरनाथ नदी पुल के पास से चोरी के जेवर बेचकर मिले 2000 रुपये के साथ पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए जेवर अन्य महिला साथियों को बेचने के लिए दे दिए गए हैं। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
6. हत्या कांड में फरार बबलू गौतम गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल लाठी बरामद
सांगीपुर थाना पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित बबलू गौतम (23) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 6 जून को हुए विवाद में बबलू और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला किया था, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को पूरे अमान भोजपुर और रामगंज मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
7. KYC अपडेट के नाम पर ₹6.52 लाख की ठगी, साइबर अपराधी बिहार से गिरफ्तार
प्रतापगढ़ साइबर थाना पुलिस ने बैंक KYC अपडेट कराने के नाम पर 6.52 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी सुरेन्द्र नट को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के बक्सर जिले का निवासी है। जांच में सामने आया कि उसने फर्जी APK फाइल भेजकर पीड़ित से बैंक संबंधी जानकारी हासिल की और खाते से लाखों रुपये ट्रांसफर कर लिए। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिए दूसरे के नाम पर सिम कार्ड लेकर साइबर अपराध को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और उसके नेटवर्क की जांच जारी है।
8. मिशन शक्ति टीम ने सुलझाया पारिवारिक विवाद, महिला को मिला ससुराल में रहने का अधिकार
कुंडा थाना की मिशन शक्ति टीम ने एक महिला के पारिवारिक विवाद का त्वरित निस्तारण कर सराहनीय कार्य किया है। नरसिंहगंज निवासी महिला ने शिकायत की थी कि उसे ससुराल में रहने से रोका जा रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई। बातचीत के बाद देवर और देवरानी ने महिला को ससुराल में रहने की सहमति दी। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हो गया। पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
9. लीलापुर पुलिस का सराहनीय कार्य, 1 घंटे में खोज निकाला खोया मोबाइल
थाना लीलापुर पुलिस ने एक युवती का खोया मोबाइल फोन महज एक घंटे में बरामद कर उसे वापस सौंप दिया। शमेशरगंज निवासी युवती ने पुलिस को बताया था कि परीक्षा देकर लौटते समय उसका मोबाइल कहीं गिर गया। प्रभारी निरीक्षक अमला कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल सर्विलांस की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद CCTNS कर्मचारी अभिषेक यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद कर लिया। मोबाइल वापस मिलने पर युवती और उसके परिजनों ने पुलिस टीम का धन्यवाद करते हुए उनकी सराहना की।







