रानीगंज चौकी प्रभारी की कार को पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर, सिर में गंभीर चोट
प्रतापगढ़। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें रानीगंज बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार पिकअप की जोरदार टक्कर से उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगते ही कार के एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव अपनी निजी कार से दरियापुर पावर हाउस चौकी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से चौकी की ओर वाहन मोड़ा, उसी दौरान प्रतापगढ़ से बादशाहपुर की दिशा में तेज गति से जा रही एक पिकअप ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर ही झटके के साथ रुक गई और उसके एयरबैग तुरंत खुल गए। आसपास मौजूद लोगों और दरियापुर पावर हाउस चौकी के पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल चौकी प्रभारी को कार से बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया और कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घायल उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी है । चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया। वाहन को भी कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक करने के दौरान लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है।
थाना रानीगंज प्रभारी निरीक्षक विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि घायल उपनिरीक्षक का उपचार जारी है। पिकअप चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। इसी मार्ग पर दो दिन पहले भी तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक कार में सवार सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर प्रभावी यातायात नियंत्रण, सख्त निगरानी और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।







