पीड़ित परिवार से मिले सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, बंधाया ढांढस
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में मकान गिरने की दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी अपने साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अब्दुल कादिर जिलानी ने कहा कि एक ही परिवार के छह लोगों की असमय मौत अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता और राहत उपलब्ध कराने की मांग भी की।
इस दौरान उनके साथ समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।इस मौके पर सचिव वकार अहमद,फौजन नेता, अधिवक्ता असलम खान,सहित अन्य सपा के लोग मौजूद रहे
घटना की जानकारी: गुरुवार तड़के नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में लगातार बारिश के बीच करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मलबे में दबने से प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव, पुत्र नितिन श्रीवास्तव, बहू माधुरी तथा दो मासूम बच्चों माधव और अद्विक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि परिवार का एक सदस्य अमन श्रीवास्तव सुरक्षित बाहर निकल आया। हादसे के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।







