प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के रानीगंज कस्बे में शनिवार को अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से बाइक सवार लाइनमैन हादसे का शिकार हो गए। हादसे में सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार रानीगंज तहसील फीडर में तैनात लाइनमैन सौरभ पांडेय उर्फ विपिन पांडेय निवासी पचरास थाना रानीगंज प्रतापगढ़ बाइक से रानीगंज तहसील से पावर हाउस जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही दोनों लीलाहा के पास पहुंचे, उसी दौरान अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। बाइक सवार लाइनमैन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक कुत्ते से टकरा गई।
कुत्ते से टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और लाइनमैन सड़क पर गिर पड़े। हादसे में चोटें आईं। दुर्घटना देखकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल की मदद की। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना संबंधित विभाग के कर्मचारियों को भी दी।
हादसे की जानकारी मिलते ही पावर हाउस से रिंकू पांडेय, रमेश पांडेय सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए तत्काल उन्हें रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा दोनों का उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और विभागीय कर्मचारी भी ट्रामा सेंटर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। फिलहाल लाइनमैन का उपचार जारी है। हादसे के बाद आसपास के लोगों में सड़क पर अचानक आने वाले आवारा पशुओं को लेकर चिंता देखने को मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे और आसपास की सड़कों पर आवारा कुत्तों व अन्य पशुओं के अचानक सड़क पर आ जाने से आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।







