तांत्रिक के पास भी ले गए परिजन, सुबह ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत बताया
प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव में सोमवार की रात मोबाइल फोन पर बात कर रहे 18 वर्षीय युवक को जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिजन शव को तांत्रिक के पास भी लेकर पहुंचे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मंगलवार सुबह दोबारा रानीगंज ट्रामा सेंटर लाने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, शेखूपुर गांव निवासी संदीप (18) पुत्र रामशिरोमणि सोमवार की रात करीब 10 बजे घर के पास बैठकर मोबाइल फोन से किसी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान अचानक एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने की जानकारी होते ही युवक की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और वे तत्काल संदीप को लेकर रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचे।
ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि युवक की मौत के बाद परिजन उसे तांत्रिक के पास भी लेकर गए। उन्हें उम्मीद थी कि झाड़-फूंक से शायद युवक की जान बच जाए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मंगलवार सुबह परिजन संदीप को फिर रानीगंज ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोबारा उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







