नए थानेदार के आने के बाद चोरों की चुनौती? एक ही रात में लगातार वारदात से व्यापारियों में भारी आक्रोश
प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत कस्बे में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में लगातार कई स्थानों को निशाना बनाया। दरियापुर पावर हाउस के पास स्थित तीन दुकानों में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी और शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकानों से हजारों रुपये की नकदी, मशीनें, सीसीटीवी का डीवीआर और जरूरी कागजात समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। एक ही रात में लगातार तीन दुकानों में चोरी की जानकारी सुबह व्यापारियों को हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस टीम के साथ कस्बा चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकानदारों से घटना की जानकारी लेते हुए आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। फिलहाल पुलिस चोरों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
पीछे के रास्ते से दुकान में दाखिल हुए चोर, नकदी और डीवीआर ले गए

दरियापुर पावर हाउस के पास स्थित इरशाद सीमेंट एजेंसी को चोरों ने सबसे पहले निशाना बनाया। दुकानदार के मुताबिक अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से दुकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद गल्ले में रखी करीब 15 से 20 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
इतना ही नहीं, चोर दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ उठा ले गए। बैंक से संबंधित जरूरी कागजात भी चोरों द्वारा ले जाने की बात सामने आई है। सीसीटीवी का डीवीआर चोरी होने से पुलिस के सामने वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने की चुनौती भी बढ़ गई है।
फर्नीचर की दुकान में सेंध लगाकर 30 हजार नकद और मशीनें चोरी
इसके बाद चोरों ने पास स्थित हाफिज जी फर्नीचर की दुकान को निशाना बनाया। यहां चोरों ने सेंध लगाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। दुकान में रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी के साथ रांदा मशीन, कटर मशीन समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया।
सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा मिला और चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद आसपास के व्यापारियों को सूचना दी गई। एक के बाद एक दुकानों में चोरी की जानकारी सामने आने के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
आटा चक्की का शटर तोड़ा, कुछ हाथ नहीं लगा

चोरों ने सद्दाम अंसारी की आटा चक्की को भी नहीं छोड़ा। चोरों ने आटा चक्की के सामने लगे शटर को तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। हालांकि दुकान के अंदर उन्हें कुछ खास नहीं मिला और बिना सामान लिए ही वहां से निकल गए।
इसके बाद चोरों ने पीछे स्थित एक मकान को भी निशाना बनाया। यह मकान अधिवक्ता मो. जीशान का बताया जा रहा है। यहां भी चोर अंदर दाखिल हुए, लेकिन कोई सामान हाथ नहीं लगने के कारण खाली हाथ लौटना पड़ा।

एक साथ कई स्थानों पर वारदात, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
एक ही रात में लगातार कई स्थानों पर चोरी की घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिस की रात्रि गश्त प्रभावी होती तो चोरों को इतनी आसानी से लगातार कई दुकानों को निशाना बनाने का मौका नहीं मिलता।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले दिनों भी थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई थी, जिसमें अभी तक पुलिस के हाथ खाली बताए जा रहे हैं। अब एक ही रात में तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों समेत अन्य स्थानों पर चोरी होने से व्यापारियों की चिंता और बढ़ गई है।
व्यापारियों में भारी आक्रोश, जल्द खुलासे की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और पूर्व की चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।
व्यापारियों के बीच यह चर्चा भी है कि थाना क्षेत्र में नए थानेदार की तैनाती के बाद चोरों ने एक साथ कई दुकानों में वारदात कर पुलिस को खुली चुनौती दी है। हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटनाओं के पीछे कौन लोग शामिल हैं और चोरी में कितना सामान गया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करने की है।





