प्रतापगढ़, 19 मार्च। जनपद के थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 की रात ग्राम तीबीपुर निवासी एक किसान के खेत से अज्ञात चोरों ने समरसेबल का स्टार्टार व स्टेबलाइजर चोरी कर लिया था। इसके साथ ही पड़ोसी के खेत से झटका मशीन, छोटी बैटरी और सोलर पैनल भी चोरी कर लिए गए थे। वहीं गांव के एक बंद पड़े घर से एलईडी टीवी भी चोरी कर ली गई थी। मामले में थाना आसपुर देवसरा में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए घटना का खुलासा किया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल व क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बनरहिया बाग स्थित हनुमान मंदिर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रवी वर्मा उर्फ मोहित वर्मा, मिथलेश कुमार विश्वकर्मा उर्फ रिंकू तथा अभिषेक विश्वकर्मा शामिल हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से चोरी की एक स्टेबलाइजर, स्टार्टार, झटका मशीन, छोटी बैटरी, सोलर पैनल और एक एलईडी टीवी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर उक्त चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और चोरी के सामान को बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।







