Home अपराध महिला यात्री का बैग काट उड़ाए जेवर, प्रतापगढ़ पुलिस ने टेंपो गैंग...

महिला यात्री का बैग काट उड़ाए जेवर, प्रतापगढ़ पुलिस ने टेंपो गैंग के दो शातिर चोर दबोचे

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png



प्रतापगढ़। जनपद की कोतवाली नगर पुलिस ने महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित ₹15,920 नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक टेंपो बरामद किया है। मामले का खुलासा शनिवार को पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में किया गया।

पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को कानपुर नगर की रहने वाली एक महिला अपने बेटे के साथ थाना अंतू क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रही थी। गड़वारा से रेलवे स्टेशन प्रतापगढ़ आने के लिए उसने एक ऑटो/टेंपो में सफर किया। इसी दौरान टेंपो में बैठे अज्ञात बदमाशों ने महिला का ध्यान भटकाकर उसके बैग का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी सोने की चैन व चांदी की पायल चोरी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 269/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में शनिवार को थाना कोतवाली नगर के उपनिरीक्षक अमित सिंह और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी बैरक के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवींद्र वर्मा निवासी नेवादा दीवानगंज थाना कंधई तथा संदीप वर्मा निवासी पूरे मुस्तफा थाना कोतवाली देहात प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका चार लोगों का गिरोह है, जो रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों को टेंपो में बैठाकर उनका ध्यान इधर-उधर भटकाता था। इसी दौरान बैग का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर देता था। आरोपियों ने कबूल किया कि 1 मई को महिला यात्री के बैग से सोने की चैन और चांदी की पायल चोरी की गई थी, जिसे बाद में राह चलते एक व्यक्ति को लगभग ₹60 हजार में बेच दिया गया। चोरी की रकम चारों साथियों में बराबर बांटी गई थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की रकम में बचा ₹15,920 बरामद किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त टेंपो भी कब्जे में ले लिया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित सिंह, कांस्टेबल श्याम सुंदर, विलास यादव, योगेंद्र और अंकित शामिल रहे। पुलिस अब गिरोह के फरार दो अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply