Home अपराध आसपुर देवसरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मुकदमे में...

आसपुर देवसरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मुकदमे में दो आरोपी गिरफ्तार

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना आसपुर देवसरा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया ने आसपुर देवसरा थाने की कमान संभाली है, तब से अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और एक के बाद एक आरोपी जेल भेजे जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम मझिगवां में पुस्तैनी आबादी की विवादित भूमि पर भूसा रखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। मामूली कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों से हुई हिंसक मारपीट में बदल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया। घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरगढ़ भेजा गया था।

जांच के दौरान प्रथम पक्ष के राजेंद्र गौतम, सिकंदर गौतम एवं आशीष गौतम तथा दूसरे पक्ष के रामलाल, शीला देवी, आकाश गौतम और आशीष के बीच मारपीट की पुष्टि हुई। मामले में दोनों पक्षों पर एक-दूसरे पर हमला करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप पाए गए। इसके आधार पर थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा अपराध संख्या 95/26 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक जयकिशुन यादव और कांस्टेबल कैलाश यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर वांछित आरोपी रामलाल पुत्र रामखेलावन (50 वर्ष) तथा आशीष पुत्र रामलाल (19 वर्ष) निवासी ग्राम मझिगवां, थाना आसपुर देवसरा को उनके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

क्षेत्र में चर्चा है कि थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में आसपुर देवसरा पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। फरार आरोपियों की धरपकड़, वारंटियों की गिरफ्तारी और अपराधियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल है, जबकि आम जनता पुलिस की कार्यशैली की सराहना कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply