प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र की दुर्गागंज चौकी अंतर्गत खामपुर दुबे पट्टी गांव में शनिवार की आधी रात हुए एक रहस्यमयी घटनाक्रम ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रात करीब 12:30 बजे गांव निवासी अनमोल मिश्रा के घर के बाहर अचानक हुए तेज धमाके से परिवार सहित आसपास के लोग दहशत में आ गए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि गहरी नींद में सो रहे ग्रामीण भी घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था। अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग घबराकर बाहर निकले तो मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। घटना की सूचना कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई और देर रात तक लोगों के बीच चर्चाओं का दौर चलता रहा।
घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ लोग इसे सुनियोजित शरारत मान रहे हैं, तो कुछ के अनुसार किसी ने डर पैदा करने की नीयत से यह हरकत की हो सकती है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर घर के बाहर क्या फेंका गया था और इसके पीछे किसका हाथ है।
सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में भय और उत्सुकता दोनों का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विजय कांत सत्यार्थी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला बम का नहीं बल्कि पटाखा फेंके जाने का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और पुलिस सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आधी रात अनमोल मिश्रा के घर को निशाना बनाकर यह हरकत किसने की और उसका मकसद क्या था। पुलिस जांच के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा। गांव के लोग अब जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।







