Home अपराध राजकीय इंटर कॉलेज में बड़ी चोरी, आठ सोलर पैनल उखाड़ ले गए...

राजकीय इंटर कॉलेज में बड़ी चोरी, आठ सोलर पैनल उखाड़ ले गए चोर

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। रानीगंज क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला शिवगढ़ के दादुपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का है, जहां मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय में घुसकर लाखों रुपये कीमत के आठ सोलर पैनल चोरी कर लिए। घटना की जानकारी बुधवार सुबह होने पर विद्यालय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात अज्ञात चोर विद्यालय परिसर में पहुंचे और सबसे पहले मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के अंदर बने लकड़ी के गेट का ताला भी तोड़ दिया। चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। अंदर घुसने के बाद वे सीढ़ियों के रास्ते भवन की छत पर पहुंचे, जहां पांच किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम के आठ पैनल लगे हुए थे।

चोरों ने बड़ी सफाई से सभी सोलर पैनलों को खोलकर अपने कब्जे में लिया और फरार हो गए। रात के अंधेरे में हुई इस वारदात की भनक किसी को नहीं लगी। बुधवार सुबह जब विद्यालय के कर्मचारियों ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा तो उन्हें चोरी की आशंका हुई। सूचना तत्काल विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप सिंह को दी गई।

प्रधानाचार्य के मौके पर पहुंचने पर छत से सभी आठ सोलर पैनल गायब मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी।

विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब कॉलेज चोरों के निशाने पर आया हो। इससे पहले भी विद्यालय से सोलर सिस्टम की बैटरियां और अन्य सामान चोरी हो चुका है। हालांकि उन मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विद्यालय प्रशासन में नाराजगी और चिंता का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply