प्रतापगढ़। कुंडा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शराब के लिए पैसे न मिलने पर एक बेटे ने अपनी ही मां पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था।
घटना 15 जून की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि रामकृष्ण नामक युवक शराब पीने के लिए अपनी मां से रुपये मांग रहा था। मां द्वारा पैसे देने से मना करने पर उसने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड तथा अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में महिला के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। नाक और कान से खून निकलने के कारण वह बेहोश हो गईं।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कुंडा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी रामकृष्ण को चौसा गैस गोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मां को डंडे से पीटा था और बाद में डंडा घर के पीछे फेंककर फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर डंडा भी बरामद कर लिया।







