प्रतापगढ़। जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम मामूली सड़क दुर्घटना ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। स्कूटी में कार की टक्कर लगने के बाद शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कार सवार युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर स्कूटी सवार युवक पर फायर झोंक दिया। गोली युवक के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव के दौरान उसके साथ मौजूद साथी को भी चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बाजार में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे बोधी सिंह का पुरवा निवासी सौरभ सिंह (26) पुत्र सुभाष सिंह रविवार शाम अपने बुआ के लड़के सक्षम के साथ किसी काम से रानीगंज कैथौला बाजार गया था। दोनों ने पुलिस चौकी के पास अपनी स्कूटी खड़ी कर खरीदारी शुरू की थी। इसी दौरान वहां पहले से खड़ी एक कार अचानक पीछे की ओर बैक होने लगी और स्कूटी से टकरा गई।
टक्कर के बाद स्कूटी क्षतिग्रस्त होने पर सौरभ ने कार चालक से विरोध जताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार युवक ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और सौरभ को दौड़ाकर गोली मार दी। गोली उसके कंधे में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
गोली चलने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान सौरभ के साथ मौजूद सक्षम को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर किसी तरह विवाद को शांत कराया और दोनों घायलों को निजी वाहन से रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि सक्षम का उपचार कर घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद किन परिस्थितियों में इतना बढ़ा कि गोली चलाने की नौबत आ गई।
घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृज नंदन राय भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपित की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रविवार शाम बाजार के बीच हुई इस सनसनीखेज फायरिंग की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही। मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद जिस तरह गोलीबारी तक पहुंचा, उसने कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।







