Home Blog Page 27

चिकित्सीय परीक्षण के दौरान बवाल: दुष्कर्म व पॉक्सो आरोपी को गाड़ी से खींचने की कोशिश, एक दर्जन लोगों पर मुकदमा दर्ज

चिकित्सीय परीक्षण के दौरान बवाल: दुष्कर्म व पॉक्सो आरोपी को गाड़ी से खींचने की कोशिश, एक दर्जन लोगों पर मुकदमा दर्ज

प्रतापगढ़। जनपद के पट्टी क्षेत्र में अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो जैसे गंभीर मामले के आरोपी गुलजार अहमद के चिकित्सीय परीक्षण के दौरान अचानक बवाल खड़ा हो गया। मेडिकल परीक्षण पूरा होने के बाद कुछ लोगों ने आक्रोशित होकर आरोपी को पुलिस वाहन से बाहर निकालने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को तत्काल नियंत्रित करते हुए आरोपी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और बाद में न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुलजार अहमद को अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस अभिरक्षा में चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाया गया था। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद वहां मौजूद कुछ लोग अचानक उत्तेजित हो गए। आरोप है कि लगभग 10 से 12 लोगों की भीड़ ने आरोपी और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और आरोपी को वाहन से खींचकर बाहर निकालने का प्रयास किया।

घटना के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस बल पहले से मौजूद था, जिसने स्थिति को बिगड़ने से पहले नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने आरोपी को पूरी सुरक्षा के बीच मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में कारागार भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना पट्टी में दर्जनों लोगों पर गंभीर धाराओं में  मुकदमा दर्ज किया गया है। अज्ञात 10 से 12 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद ली जा रही है तथा गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून को हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। किसी भी आरोपी को सजा देने का अधिकार केवल न्यायालय को है और यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

जेठ-जेठानी पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, महिला ने पुलिस से लगाई गुहार

Oplus_16908288

प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बेला गांव में एक महिला ने अपने जेठ और जेठानी पर मारपीट और लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बुधवार को पट्टी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर बेला गांव निवासी नेहा चौरसिया ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पति रोजी-रोटी कमाने के लिए दिल्ली में रहते हैं। घर पर वह अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ अकेली रहती हैं। नेहा का आरोप है कि उनके पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए उनके जेठ और जेठानी आए दिन उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते रहते हैं।

पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे उनकी जेठानी अचानक उनके कमरे में पहुंच गईं। आरोप है कि उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ने पर उनके बाल पकड़कर उन्हें घसीटते हुए घर से बाहर निकालने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई।

नेहा का आरोप है कि घटना के दौरान उनके जेठ भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपनी पत्नी को मारपीट के लिए उकसाया। पीड़िता के मुताबिक, उन्हें लगातार इस तरह की प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है, जिससे वह काफी परेशान हैं।

घटना के बाद पीड़िता ने पट्टी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्रेम कहानी का नया मोड़, महिला के टॉवर पर चढ़ने से मची अफरा-तफरी

प्रेमी को जेल से रिहा कराने की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ी महिला, प्रतापगढ़ में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

प्रतापगढ़। जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के बालीपुर स्थित मोबाइल टॉवर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक टॉवर पर चढ़ गई। महिला अपने चार वर्षीय बच्चे को नीचे छोड़कर टॉवर पर चढ़ी थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार प्रयास में जुटी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया। पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग महिला को समझाने का प्रयास करते रहे ताकि वह कोई आत्मघाती कदम न उठाए।

मिली जानकारी के अनुसार, महिला महेशगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला ने पहले अपने प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब वही महिला अपने प्रेमी को जेल से रिहा कराने और उससे शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।

बताया जा रहा है कि महिला महेशगंज क्षेत्र में एक निजी सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती थी। महिला का आरोप है कि वह अशोक गौतम के मकान में किराए पर रहती थी। इसी दौरान अशोक गौतम के बेटे अंकित गौतम ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर करीब चार महीने तक पति-पत्नी की तरह साथ रहा।

महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई और उसका गर्भ करीब चार महीने का हो चुका है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक के साथ-साथ उसके परिवार वालों ने भी उसे भरोसा दिया था। महिला के मुताबिक आरोपी के पिता अशोक गौतम और उसकी मां रूपा देवी ने भी शादी का आश्वासन दिया था।

आरोप है कि जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया और गर्भपात कराने की बात कही। इतना ही नहीं, महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। महिला का यह भी कहना है कि आरोपी के कहने पर उसकी निजी सफाई कर्मी की नौकरी भी छुड़वा दी गई।

इसके बाद महिला ने 21 अप्रैल को महेशगंज थाने में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 अप्रैल को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि अब महिला अपने प्रेमी की रिहाई और उससे शादी कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

घटना के दौरान टॉवर के नीचे खड़े लोगों में भी चिंता का माहौल बना रहा। महिला के साथ उसका छोटा बच्चा भी मौजूद था, जिसे स्थानीय लोग संभालते नजर आए। कई घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले में अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

प्रतापगढ़ की सियासत में बड़ा धमाका: सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल के मीडिया प्रभारी बने वकार अहमद, समर्थकों में जश्न

ब्रेकिंग न्यूज़: सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल के मीडिया प्रभारी बने वकार अहमद, समर्थकों में खुशी की लहर

प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव वकार अहमद को प्रतापगढ़ के सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। वकार अहमद लंबे समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़े हुए हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

बताया जा रहा है कि पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता, जनसंपर्क और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मीडिया प्रभारी के रूप में अब वकार अहमद सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल की जनहित योजनाओं, विकास कार्यों और राजनीतिक गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही संगठन और मीडिया के बीच समन्वय स्थापित करने की भी जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।

वकार अहमद की नियुक्ति की जानकारी सामने आते ही उनके समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। कई लोगों ने इसे संगठन के लिए सकारात्मक निर्णय बताते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और अनुभव से पार्टी को मजबूती मिलेगी। कार्यकर्ताओं का मानना है कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

वकार अहमद ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व और सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उन पर जो विश्वास जताया गया है, वह उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को मजबूती से उठाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे।

युवा नेता फैजान ने खुशी जताते हुए कहा, “वकार अहमद को मिली यह जिम्मेदारी उनकी मेहनत, ईमानदारी और पार्टी के प्रति समर्पण का परिणाम है। वह लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि उनकी कार्यशैली से संगठन और मजबूत होगा तथा वे अपनी नई जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से निभाएंगे।”

इस नियुक्ति को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मेडिकल परीक्षण के दौरान बवाल, आरोपी को जीप से खींचने की कोशिश


प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म, अपहरण से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और लड़की को बरामद कर लिया गया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अस्पताल और थाने परिसर में काफी देर तक तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही।


मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले आरोपी ने उसे मिलने के लिए अपनी दुकान पर बुलाया था। आरोप है कि वहां उसे कोल्ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। लड़की का आरोप है कि बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
पीड़िता के अनुसार, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। उसने आरोप लगाया कि बीते करीब छह महीनों के दौरान आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी उसे अपने साथ लेकर पहले अयोध्या और फिर दिल्ली पहुंचा। लड़की का आरोप है कि दिल्ली में उसे बेच दिया गया, जहां उसे नशीले पदार्थ दिए गए और कई लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।


बताया जा रहा है कि पीड़िता ने किसी तरह अपनी मां से फोन पर संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की सूचना मिलने के बाद मां ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पीड़िता को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।


उधर, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस मेडिकल परीक्षण के लिए उसे अस्पताल लेकर पहुंची तो वहां हिंदू संगठन से जुड़े कई कार्यकर्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोपी पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि 20 से अधिक कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पुलिस की जीप से नीचे खींचने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। पुलिस ने किसी तरह आरोपी को वहां से सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया।


हालांकि इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ और कार्यकर्ता थाने पहुंचकर नारेबाजी तथा हंगामा करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित हवालात में पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही पीड़िता द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों और कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

दुकान में घुसकर युवक से मारपीट का आरोप, सीसीटीवी फुटेज आने के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

Oplus_16908288

प्रतापगढ़। जनपद के अंतू थाना क्षेत्र स्थित ककराह बाजार में पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक दरोगा पर दुकान में घुसकर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस जानलेवा हमला और मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी मस्सन की तलाश कर रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम आरोपी की जानकारी जुटाने के उद्देश्य से उसके भाई रुस्तम की दुकान पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने दुकान पर पहुंचकर रुस्तम से आरोपी के संबंध में पूछताछ शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूछताछ के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।आरोप है कि इसी दौरान चौकी इंचार्ज ने युवक रुस्तम के साथ मारपीट की। यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिसकर्मी दुकान के अंदर घुस गए और युवक के साथ हाथापाई की गई।जिसका सीसीटीवी फुटेज जारी किया

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को लेकर नाराजगी जताई। इसी बीच दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी सामने आई, जिसमें कथित रूप से पुलिस और युवक के बीच हुई घटना कैद होने की बात कही जा रही है। फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

आरोप यह भी है कि मारपीट के बाद पुलिस युवक रुस्तम को अपने साथ चौकी ले गई, जहां उससे देर रात तक पूछताछ की गई। हालांकि बाद में युवक को छोड़ दिया गया।

घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका गलत पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है।

बारात में मेहमानों की संख्या बढ़ने से विवाद, भोजन के बाद बिगड़ी कई लोगों की हालत, मची अफरा-तफरी

Oplus_16908288


सीवान/संवाददाता:बिहार के सीवान जिले से जुड़ी एक घटना इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इस वायरल खबर की पुष्टि नहीं हो सकी वायरल दावों के अनुसार एक शादी समारोह उस समय अचानक विवाद और अफरा-तफरी में बदल गया, जब बारात में शामिल लोगों की संख्या को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया। हालांकि इस मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं।

फोटो AI द्वारा बनाई गई

जानकारी के अनुसार लड़की पक्ष की ओर से करीब 100 बारातियों के स्वागत और भोजन की व्यवस्था की गई थी। शादी की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और परिवार के लोग खुशी के माहौल में कार्यक्रम को सफल बनाने में लगे हुए थे। लेकिन दावा किया जा रहा है कि दूल्हा पक्ष तय संख्या से अधिक, लगभग 200 लोगों को लेकर बारात में पहुंच गया। अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर परेशानी खड़ी हो गई।

वायरल दावों के मुताबिक मेहमानों की संख्या बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले मामला बातचीत तक सीमित रहा, लेकिन बाद में स्थिति तनावपूर्ण होती चली गई। इसी बीच सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा है कि नाराजगी में भोजन में कथित तौर पर ऐसी दवा मिला दी गई जिससे कई बारातियों की तबीयत खराब हो गई।

बताया जा रहा है कि भोजन करने के कुछ देर बाद कई लोगों को अचानक पेट दर्द और अन्य समस्याएं होने लगीं। इसके बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागते दिखाई दिए। कुछ लोग पानी की बोतल लेकर दौड़ते नजर आए, जबकि कई लोग खुले स्थान और खेतों की तरफ जाते देखे गए। देखते ही देखते शादी का खुशियों भरा माहौल चिंता और हड़कंप में बदल गया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की भी बात सामने आ रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की चर्चा भी सोशल मीडिया पर की जा रही है।

घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अभी तक किसी जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी या पुलिस विभाग की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

यह भी ध्यान देने वाली बात है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में वायरल खबरों और पोस्ट को तथ्यों की पुष्टि के बाद ही सही मानना जरूरी है। फिलहाल मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा जारी है और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

आधी रात ट्रामा सेंटर में शर्मनाक करतूत! इलाज के बहाने आया शातिर, वार्डबॉय का मोबाइल उड़ाकर हुआ फरार, CCTV में कैद हुई हरकत

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज कस्बे में स्थित सीओ कार्यालय के सामने बने ट्रामा सेंटर से चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने स्वास्थ्यकर्मियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी पैदा कर दी है। मरीजों की सेवा और इलाज के लिए बने अस्पताल परिसर में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर इलाज कराने के बहाने पहुंचकर ट्रामा सेंटर कर्मी का मोबाइल चोरी कर लिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

फार्मेसी से मोबाइल चुराने के बाद इसी वाहन में बैठता दिखा

मिली जानकारी के अनुसार ट्रामा सेंटर में कार्यरत कर्मी राज कुमार का मोबाइल फोन फार्मेसी के पास रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि देर रात लगभग 1 बजे के आसपास एक व्यक्ति दवा लेने के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचा डॉ को दिखाने के बाद । वह पर्चा लेकर फार्मेसी काउंटर तक आया, जहां मौजूद नर्स ने पर्चा देखकर दवा उपलब्ध कराई। इसके बाद नर्स किसी कार्य से वहां से बाहर चली गई।

इनवर्टर के पास रखा मोबाइल उठाता
मोबाइल चोरी कर पीछे जेब में रखता

इसी दौरान वहां मौजूद व्यक्ति की नीयत बदल गई और उसने मौके का फायदा उठाते हुए आसपास नजर दौड़ाई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वह पहले गेट के पास कुछ देर खड़ा दिखाई देता है, फिर इनवर्टर के पास रखे मोबाइल की तरफ बढ़ता है। फुटेज में उसकी गतिविधियां काफी संदिग्ध दिखाई दे रही हैं। आरोप है कि उसने मोबाइल उठाया और उसे तुरंत फ्लाइट मोड पर डालकर अपनी जेब में रख लिया ताकि फोन ट्रेस न किया जा सके। इसके बाद वह तेजी से बाहर निकलता दिखाई देता है।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति सफेद रंग की टी-शर्ट और ब्लू जींस पहने हुए नजर आ रहा है। फुटेज में यह भी दिखाई दे रहा है कि वह बाहर निकलने के बाद यूपी-72 डीटी 4262 नंबर के वाहन में बैठता है। बताया जा रहा है कि वह किसी मरीज को दवा दिलाने या इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लेकर आया था, लेकिन इसी दौरान उसने कथित तौर पर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया।

घटना के सामने आने के बाद ट्रामा सेंटर कर्मियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं। जहां एक ओर स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे लोग भरोसे का फायदा उठाकर चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।

फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। यदि फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ती है तो आरोपी तक पहुंचना आसान हो सकता है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

बच्चों की रील से शुरू हुआ विवाद, दो पक्षों में चले ईंट-पत्थर; आधा दर्जन से अधिक घायल, 13 वर्षीय किशोरी भी झुलसी

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के बालीपुर गांव में शुक्रवार रात बच्चों के रील बनाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए और जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में दोनों पक्षों से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि पास के घर में खाना बना रही 13 वर्षीय किशोरी भी गर्म सब्जी गिरने से झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

ट्रामा सेंटर में घायलों से पूछताछ करती पुलिस

जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। गांव के कुछ बच्चे घर के पास खेल रहे थे, वहीं कुछ किशोर सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहे थे और वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बच्चों में कहासुनी शुरू हो गई। पहले मामूली बहस हुई, लेकिन धीरे-धीरे दोनों पक्षों के बड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए और एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और ईंट-पत्थर चलने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। लोग अपने घरों से निकलकर इधर-उधर भागने लगे। महिलाओं और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। गांव में चीख-पुकार और हंगामे का माहौल बना रहा।

घटना में एक पक्ष से पतरकी (50) पत्नी स्वर्गीय बारईची, ताज अली (14) पुत्र अफसर अली, शहबाज अली (15) पुत्र स्वर्गीय बबलू तथा आफिसर अली (30) पुत्र मोहम्मद सिद्दीकी निवासी बालीपुर घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से शमशेर अली (50) पुत्र रहमत उल्ला और सलीम (26) पुत्र मोहर अली निवासी बालीपुर को चोटें आई हैं। सभी घायलों को पुलिस ने अलग-अलग एंबुलेंस की मदद से रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के दौरान एक और दर्दनाक हादसा हो गया। विवाद स्थल के पास ही वाजिद अली का घर है। बताया गया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी घर में चूल्हे पर सब्जी बना रही थी। तभी बाहर हो रहे हंगामे और पत्थरबाजी को देखकर वह खाना बचाने के लिए बर्तन अंदर ले जाने लगी। इसी दौरान किसी पक्ष की ओर से फेंका गया पत्थर सीधे उसके खाने वाले बर्तन पर जा गिरा। पत्थर लगते ही गर्म सब्जी उसके पैर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। किशोरी की चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़े और उसे तत्काल उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए भेजा और पुलिस तैनात कर दी ताकि दोबारा कोई विवाद न हो सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिससे पूरे गांव का माहौल बिगड़ गया। ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो मामला और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

नाबालिग को चौकी ले जाकर पिटाई, 5 हजार की उगाही और एनकाउंटर की धमकी! प्रतापगढ़ में सिपाहियों पर महिला के सनसनीखेज आरोप

प्रतापगढ़ में सिपाहियों पर गंभीर आरोप, महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

प्रतापगढ़। जनपद के कंधई थाना क्षेत्र से पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगने का मामला सामने आया है। पीड़िता सदरून निशा पत्नी गुलाम हुसैन निवासी ग्राम गुतौली ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ को शिकायती पत्र देकर चौकी के दो सिपाहियों पर मारपीट, गाली-गलौज, धन उगाही और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस अधीक्षक से मिल पीड़िता ने दिया प्रार्थना पत्र

पीड़िता के अनुसार 10 मई 2026 को बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विपक्षी पक्ष द्वारा चौकी पर फोन करने के बाद चौकी के सिपाही राजेश और संतोष यादव मौके पर पहुंचे और उसके नाबालिग बेटे महफूज को पकड़कर चौकी ले गए। महिला का आरोप है कि चौकी ले जाने के बाद उसके बेटे के साथ मारपीट की गई और परिवार को अपशब्द कहे गए।

शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि सिपाहियों ने मामले को दबाने के नाम पर 5000 रुपये की मांग की और रकम लेने के बाद देर रात मां-बेटे को छोड़ा गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपित पुलिसकर्मी लगातार फोन कर दोबारा रुपये मांग रहे हैं तथा रुपये न देने पर छेड़खानी और गोहत्या जैसे गंभीर मामलों में फंसाकर एनकाउंटर कराने की धमकी दे रहे हैं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका भाई जो टेंपो चालक है, उसकी गाड़ी सड़क पर न चलने देने की धमकी दी जा रही है। इतना ही नहीं, आरोप है कि पुलिसकर्मी घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं और परिवार की महिलाओं व जवान बेटी को भी परेशान किया जाता है।

पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में दावा किया है कि पिछले दो वर्षों से उसका परिवार मानसिक प्रताड़ना झेल रहा है और पहले भी अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब महिला ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।