थाना के पास चोरी से हड़कंप: बेखौफ चोरों ने उड़ाई दो ई-रिक्शा की बैटरियां, पुलिस पर उठे सवाल
प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि थाना से चंद कदमों की दूरी पर ही वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो जा रहे हैं। ताजा मामला कस्बा रानीगंज के स्टेशन रोड का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने दो ई-रिक्शा से बैटरियां पार कर दीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि स्टेशन रोड निवासी राजू गुप्ता और संतोष गुप्ता ने अपने-अपने ई-रिक्शा घर के बाहर खड़े किए थे। रोज की तरह उन्होंने वाहन सुरक्षित समझकर बाहर ही छोड़ दिए, लेकिन रात के अंधेरे में चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए दोनों ई-रिक्शा की बैटरियां खोल लीं और मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नजर वाहनों पर पड़ी तो बैटरियां गायब देख उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वह थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना के पास ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो बाकी क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस की गश्त नाममात्र की रह गई है। चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है मानो चोरों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है।
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले ही कस्बे में दिनदहाड़े बाइक सवार चोरों ने एक दुकान से करीब आठ हजार रुपये पार कर दिए थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है।
इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और रात्रि गश्त को सख्त किया जाए, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो चोरों के हौसले और बुलंद होते जाएंगे और वारदातों का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।










