मेढ़ौली में फिर बवाल: चौथी बार मारपीट की घटना से दहशत, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के मेढ़ौली गांव में एक बार फिर मारपीट की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। बीते कुछ दिनों में लगातार चौथी बार हुई इस घटना ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
ताजा मामला मेढ़ौली गांव का है, जहां अकबर अली (40 वर्ष) पुत्र रमजान और राजिया (30 वर्ष) पुत्री रमजान को दर्जनों पड़ोसियों ने मिलकर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों घायलों को परिजन तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर 6 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पीड़ित का यह भी आरोप है कि बाद में थाना प्रभारी द्वारा तहरीर से दो नाम हटाने का दबाव बनाया गया, जिससे पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि मेढ़ौली गांव में बीते कुछ दिनों से लगातार हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। 14 मार्च को एक युवक को गोली मार दी गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, लेकिन इसके बावजूद घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
इसके बाद रविवार शाम को भी एक युवक को बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया गया था। मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि सोमवार दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति को पीटकर घायल कर दिया गया। इन घटनाओं के बीच अब ताजा मारपीट की घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
लगातार हो रही इन वारदातों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि क्षेत्र में कानून का खौफ खत्म होता जा रहा है।
वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लेकिन जिस तरह से एक के बाद एक घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस चुनौती से कैसे निपटती है और क्या मेढ़ौली गांव में शांति बहाल हो पाती है या फिर ऐसे ही घटनाओं का सिलसिला जारी रहेगा। फिलहाल, गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।






