प्रतापगढ़।जनपद के रानीगंज क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल और डीजल को लेकर हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। सुभाष किसान सेवा केंद्र अतरौली और हर्ष किसान सेवा केंद्र पृथ्वीगंज पट्टी पेट्रोल पम्प पर भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। हालात ऐसे हैं कि पुलिस को मौके पर तैनात होकर लाइन लगवाकर ईंधन वितरण कराना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पेट्रोल पम्पों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग जा रही हैं। लोग अपने वाहनों के साथ-साथ डिब्बों और टंकियों में भी डीजल-पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ और अधिक बढ़ रही है। कई लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन जमा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्थिति और भी बिगड़ती जा रही है।

भीड़ के चलते कई बार ग्राहकों के बीच कहासुनी और मारपीट की नौबत भी आ रही है। धक्का-मुक्की और जल्दबाजी में लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे अव्यवस्था फैल रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है, जो लोगों को लाइन में लगाकर शांतिपूर्ण तरीके से ईंधन दिलाने का प्रयास कर रही है।
पेट्रोल पम्प संचालक शाहिद ने बताया कि अचानक बढ़ी मांग और लोगों द्वारा अतिरिक्त ईंधन लेने की होड़ के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे संयम बरतें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें, ताकि सभी को सुविधा मिल सके।
प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही जा रही है। फिलहाल, आमजन को सलाह दी जा रही है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें, जिससे व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।







