Home Blog Page 43

बनारस में बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की अहम बैठक, 24 नवंबर को दिल्ली कूच की तैयारी तेज▪️ वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी थोपना अन्याय : राष्ट्रीय सह-संयोजक डॉ महेंद्र यादव

बनारस। बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक बनारस में आयोजित की गई, जिसमें देश भर के प्राथमिक शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस बैठक का मुख्य एजेंडा 24 नवंबर को जंतर-मंतर, नई दिल्ली में होने वाले विशाल आंदोलन की रणनीति तय करना रहा, जिसमें टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) को अनिवार्य किए जाने के फैसले के विरोध में शिक्षकों की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षक संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय सह-संयोजक डॉ महेंद्र यादव ने की। उन्होंने कहा कि टीईटी अनिवार्यता विशेष रूप से उन शिक्षकों के साथ सरासर अन्याय है, जो 2011 से पूर्व नियमित प्रक्रिया के तहत नियुक्त हुए थे और वर्षों से ईमानदारी व निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरटीई (Right to Education) लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों पर इस नियम को थोपना न्यायिक सिद्धांतों के भी विरुद्ध है, क्योंकि कोई भी कानून लागू होने की तारीख से आगे प्रभावी माना जाता है, न कि पिछली नियुक्तियों पर लागू किया जा सकता है।राष्ट्रीय सह-संयोजक डॉ महेंद्र यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “शिक्षक संघर्ष मोर्चा किसी भी कीमत पर इस काले कानून को लागू नहीं होने देगा।” उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ विरोध का प्रतीक नहीं है, बल्कि सरकार तक यह मजबूत संदेश पहुंचाने का माध्यम भी है कि शिक्षकों के अधिकार और सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि सरकार को शिक्षकों के हित में संशोधित अध्यादेश जारी करते हुए टीईटी अनिवार्यता को तत्काल वापस लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो यह आंदोलन और भी व्यापक व उग्र रूप धारण करेगा। अंत में सभी पदाधिकारियों और शिक्षकों ने 24 नवंबर को जंतर-मंतर पर ऐतिहासिक शक्ति-प्रदर्शन करने का संकल्प लिया और कहा कि यह आंदोलन शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की सुरक्षा के लिए निर्णायक साबित होगा।

राज्यसभा सांसद संजय सिंह संजय सिंह की पदयात्रा का मऊआइमा में ऐतिहासिक स्वागत, उमड़ा जनसैलाब▪️सरयू से संगम तक पैदल यात्रा में रोजगार व सामाजिक न्याय की उठी बुलंद आवाज़▪️प्रदेश में रोजगार के नाम पर सिर्फ दिखाए गएझूठे सपने : राज्यसभा सांसद संजय सिंह

प्रयागराज। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की “रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा शुक्रवार को प्रयागराज जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही जनसमर्थन की लहर में बदलती दिखी। मऊआइमा पहुंचते ही लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यकर्ताओं, युवाओं, व्यापारियों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और गगनभेदी नारों के साथ संजय सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरा इलाका “रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो” के नारों से गूंज उठा।
बतातें चलें कि पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए सांसद संजय सिंह अयोध्या के सरयू तट से प्रयागराज के संगम तट तक लगातार पैदल चल रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक संस्थानों की पारदर्शिता के मुद्दों पर जागरूक करना है। मऊआइमा में स्वागत के दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इम्तियाज शमी ने कहा कि यह पदयात्रा उत्तर प्रदेश के युवाओं की आवाज़ बनकर उभर रही है। उन्होंने कहा कि संजय सिंह जिस साहस और दृढ़ता से निकलकर आए हैं, उससे जनता की उम्मीदें एक बार फिर जागृत हुई हैं। UP 9 न्यूज़ से खास बातचीत में सांसद संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार के नाम पर सिर्फ झूठे सपने दिखाए गए। युवाओं को नौकरियों का इंतज़ार है, लेकिन सरकार सिर्फ दिखावटी घोषणाओं में व्यस्त है। सामाजिक न्याय की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोकतंत्र कमजोर होता है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता संकट में है। जिस SIR सिस्टम की बात हो रही है, उसका सीधा लाभ भाजपा को मिलने की आशंका है। जनता को सतर्क रहना होगा। जैसे ही पदयात्रा मऊआइमा बॉर्डर पर दाखिल हुई, स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। छोटे-बड़े दुकानदार, किसान, युवा और महिलाएं तक इस पदयात्रा का हिस्सा बनने के लिए आगे आए। लोगों ने संजय सिंह के समर्थन में नारे लगाए और प्रदेश में रोजगार व सामाजिक न्याय की बहाली की मांग को बुलंद किया। पदयात्रा के दौरान वातावरण पूरी तरह उत्साह, जोश और उम्मीद से भरा हुआ था। संजय सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल एक व्यक्ति या पार्टी की नहीं, बल्कि उन करोड़ों युवाओं की है जो अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। प्रयागराज की धरती पर कदम रखते ही पदयात्रा ने नया वेग पकड़ लिया, जिससे साफ हो गया कि यह आंदोलन जनता के दिलों में गहरी पैठ बना रहा है। यह पदयात्रा आगामी दिनों में प्रयागराज जिले के कई क्षेत्रों से गुजरेगी और रोजगार व सामाजिक न्याय की दिशा में नई बहस को जन्म देगी।

बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर लालगंज में जश्न, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भांगड़ा और पटाखों के साथ मनाई विजय▪️मंडल अध्यक्ष मनोज अवस्थी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भांगड़ा, पटाखों और मिष्ठान वितरण के साथ मनाई धमाकेदार विजय

लालगंज (रायबरेली)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की प्रचंड एवं ऐतिहासिक विजय की खबर मिलते ही लालगंज नगर में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्सव का माहौल छा गया। नगर के प्रमुख चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष मनोज अवस्थी की अगुवाई में भांगड़ा, ढोल-नगाड़े और पटाखों के साथ विजय जश्न मनाया। जगह-जगह मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को जीत की बधाइयाँ दी गईं।
मंडल अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि “बिहार की जीत जनता की जीत, सुशासन की जीत और विकास की जीत है। महागठबंधन की नीतियों को जनता ने नकार दिया और एनडीए पर अपना भरोसा जताकर यह ऐतिहासिक फैसला दिया है।” उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न ‘सबका साथ, सबका विकास’ को स्वीकारते हुए एनडीए गठबंधन को विशाल समर्थन दिया है। श्री अवस्थी ने केंद्रीय नेतृत्व की सक्रियता को भी जीत का प्रमुख कारक बताया। उन्होंने कहा कि “गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभाओं का बिहार में भाजपा को भरपूर लाभ मिला है। यह विजय राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की विजय है।”
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भी भाजपा बंपर बहुमत से जीत दर्ज करेगी। जश्न कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। सभी ने एकस्वर से भाजपा नेतृत्व के प्रति समर्थन जताया और आने वाले चुनावों में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष अखिलेश बाजपेई, सुरेंद्र कुमार गुप्ता, शीतल सविता, सपना पासवान, मंडल महामंत्री सत्येंद्र सिंह फौजी, मंडल मंत्री गिरिजा शंकर शानू बाजपेई, अवधेश सविता, सुनील मिश्रा, किरण वर्मा, मंडल कोषाध्यक्ष महेश सोनी, शक्ति केंद्र संयोजक आलोक तिवारी, बाबू तिवारी, विमल धानुक, मृत्युंजय बाजपेई, श्याम प्रसाद दीक्षित, शशिकांत शुक्ला, मयंक त्रिवेदी, राम शंकर, हिमांशु सिंह, दीपक अवस्थी, प्रियांशु सिंह, पवन कुमार त्रिवेदी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। लालगंज में देर शाम तक उत्सव का माहौल बना रहा और कार्यकर्ता आगामी राजनीतिक अभियानों में जोश के साथ जुटने का संकल्प लेते दिखाई दिए।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा का ऐलान : टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ 24 नवंबर को दिल्ली कूच करेंगे देशभर के शिक्षक▪️दिल्ली से 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त करने की उठेगी राष्ट्रव्यापी माँग- डॉ महेंद्र यादव

लखनऊ। देशभर के प्राथमिक शिक्षकों में टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) को अनिवार्य किए जाने को लेकर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने 24 नवंबर को दिल्ली कूच का ऐलान किया है, जिसके तहत देश के विभिन्न राज्यों से हजारों शिक्षक राजधानी में इकट्ठा होकर पुरजोर विरोध दर्ज कराएंगे। यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित किया जाएगा।
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय सह-संयोजक एवं बेसिक शिक्षक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र यादव ने बताया कि टीईटी अनिवार्यता विशेष रूप से उन शिक्षकों के साथ अन्याय है, जो 2011 से पूर्व नियुक्त हुए हैं और वर्षों से अपनी सेवाएं ईमानदारी के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरटीई (Right to Education – RTE) लागू होने से पहले नियुक्त इन शिक्षकों को टीईटी अनिवार्यता से मुक्त रखा जाना चाहिए, क्योंकि यह न केवल उनके अनुभव का अनादर है बल्कि उनके भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। शिक्षक संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय सह-संयोजक डॉ महेंद्र यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “शिक्षक संघर्ष मोर्चा किसी भी हालत में इस काले कानून को लागू नहीं होने देगा। यह न्यायिक सिद्धांतों के विरुद्ध है और किसी भी कानून को उसकी लागू होने की तिथि से पहले प्रभावी मानकर पिछली तिथि से लागू करना उचित नहीं है। लेकिन सरकार द्वारा टीईटी नियम को पूर्व प्रभाव से लागू कर लाखों शिक्षकों के भविष्य को संकट में डाला जा रहा है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हमेशा लागू होने की तारीख से प्रभावी माना जाता है, न कि उससे पहले नियुक्त लोगों पर थोप दिया जाता है। ऐसे में सरकार द्वारा टीईटी को पुराने शिक्षकों पर अनिवार्य करने का निर्णय न केवल तकनीकी रूप से गलत है बल्कि न्याय और समानता की भावना के भी विपरीत है। राष्ट्रीय सह-संयोजक डॉ महेंद्र यादव ने देशभर के सभी शिक्षकों से आह्वान किया है कि 24 नवंबर को भारी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचे, ताकि सरकार इस आवाज को अनसुना न कर सके। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि सरकार को यह संदेश देना है कि शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। आगामी 24 नवंबर को जंतर-मंतर देशभर के शिक्षकों के हक और सम्मान के लिए एक निर्णायक रणभूमि साबित हो सकता है। जहाँ शिक्षक एक स्वर में सरकार से संशोधित अध्यादेश पारित करने और टीईटी अनिवार्यता को वापस लेने की मांग करेंगे।

थाना नवाबगंज पुलिस ने कॉलेजों में छात्रों को किया जागरूक, नए आपराधिक कानूनों की दी जानकारी▪️गंगानगर जोन के अंतर्गत चला ‘नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान 2.0’

प्रयागराज। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे राज्यव्यापी ‘नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान 2.0’ के तहत जोन गंगानगर के थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा विद्यार्थियों और शिक्षकों को नए कानूनों की जानकारी दी गई। इस अभियान का आयोजन पुलिस आयुक्त प्रयागराज व अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त गंगानगर एवं अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के कुशल पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव के नेतृत्व में किया गया।
बतातें चलें कि नवाबगंज पुलिस टीम ने शनिवार, 01 नवम्बर 2025 को एस0पी0 मेमोरियल इण्टरमीडिएट कॉलेज, आनापुर नवाबगंज और फौजी कॉन्वेंट इण्टरमीडिएट कॉलेज, लालगोपालगंज में पहुँचकर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को भारत में लागू हुए तीन नए आपराधिक कानूनों- भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS)-2023 तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)-2023 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये तीनों नए कानून 01 जुलाई 2024 से प्रभावी हो चुके हैं, जिनका उद्देश्य न्याय व्यवस्था को अधिक पीड़ित-केंद्रित, पारदर्शी और व्यावहारिक बनाना है। उन्होंने यह भी समझाया कि अब पुराने कानूनों- भारतीय दण्ड संहिता (IPC), दण्ड प्रक्रिया संहिता (CrPC) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (IEA) को समाप्त कर इनके स्थान पर ये नए कानून लागू किए गए हैं। नवाबगंज पुलिस द्वारा छात्रों और शिक्षकों को इन नए कानूनों की प्रमुख विशेषताओं जैसे- ‘शून्य एफआईआर’ (Zero FIR), E-FIR की सुविधा, समयबद्ध न्याय, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े प्रावधान, नये अपराधों की परिभाषा, तथा फोरेंसिक तकनीक के अनिवार्य उपयोग के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने नए कानूनों के प्रति गहरी रुचि दिखाई और पुलिस टीम से विभिन्न प्रश्न पूछे। पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रश्नों के उत्तर देकर प्रतिभागियों को यह संदेश दिया कि नए कानूनों का उद्देश्य समाज में न्याय-सुलभ, संवेदनशील और त्वरित न्याय व्यवस्था स्थापित करना है। नवाबगंज पुलिस ने यह भी बताया कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे ताकि आमजन, विशेषकर युवाओं में कानून के प्रति सकारात्मक समझ और जिम्मेदारी का भाव विकसित हो सके।

मिशन शक्ति फेज-5 के तहत इंपीरियल स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में हुआ जागरूकता कार्यक्रम▪️महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

संवाददाता
मऊआइमा(प्रयागराज)।
महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5” अभियान के अंतर्गत 01 नवम्बर 2025 को इंपीरियल स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, ब्लॉक बाजार थाना मऊआइमा प्रयागराज में एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक विवेक कुमार राय, उपनिरीक्षक आकांक्षा द्विवेदी, उपनिरीक्षक पूजा पाण्डेय, उपनिरीक्षक शालू रावत, महिला कांस्टेबल सुधा गौड़, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह, कांस्टेबल ओम प्रकाश तथा कांस्टेबल गोरेलाल उपस्थित रहे। टीम ने बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा व सशक्तिकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे सुकन्या समृद्धि योजना, वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सामूहिक विवाह योजना, तथा आयुष्मान भारत चिकित्सा योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े 22 बिंदुओं पर केंद्रित जानकारी साझा की गई। छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों में से1090 (वूमेन पावर हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस हेल्पलाइन) और 101 (फायर ब्रिगेड) की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध से बचाव हेतु साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग की विधि समझाई गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को “गुड टच और बैड टच” के विषय में व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से जागरूक किया गया ताकि वे किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में सजग रह सकें। अंत में मिशन शक्ति टीम ने नए आपराधिक कानूनों की मुख्य धाराओं एवं उनके उपयोग के संबंध में जानकारी दी, जिससे छात्राएं अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें। थाना मऊआइमा, कमिश्नरेट प्रयागराज द्वारा आयोजित यह जागरूकता पहल समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा एवं सम्मान की भावना को और सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास सिद्ध हुई।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण स्वतंत्र रूप से चुनौतियों का सामना करने का देता है अधिकार : सौरभ पांडेय चौकी प्रभारी लालगोपालगंज

लाल गोपालगंज पुलिस ने फौजी कॉन्वेंट विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ने कानून कराया अवगत

प्रयागराज। प्रदेश सरकार एवं शासन की तरफ से चलाए जा रहे दंड से न्याय की ओर अभियान के तहत नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता भारतीय सुरक्षा अधिनियम के संबंध में फौजी कॉन्वेंट विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकगढ़ को अवगत कराया गया। मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत विद्यालय की महिला विद्यार्थियों को महिला सशक्तिकरण से संबंधित जानकारी दी गई।

आपको बता दें कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए चौकी प्रभारी लाल गोपालगंज उप निरीक्षक सौरभ पांडेय ने कहा कि महिलाओं को शारीरिक, भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक नुकसान से बचाना और उन्हें अपने जीवन के फैसले लेने की शक्ति और स्वायत्तता प्रदान करना। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी जैसे क्षेत्रों में पुरुषों के बराबर अवसर प्रदान करना शामिल है, ताकि वे स्वतंत्र रूप से चुनौतियों का सामना कर सकें।
प्रधानाचार्य आर मिश्र ने कहा कि सुरक्षा एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करती है, जबकि सशक्तिकरण महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाता है।

प्रबंधक डॉ फूजैल ने कहा कि शारीरिक और मनोवैज्ञानिक सुरक्षा: महिलाओं को हिंसा, उत्पीड़न और नुकसान के डर के बिना रहने में सक्षम बनाना है।
हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र मिश्र चर्चा में कहा कि घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 जैसे कानून महिलाओं को घर में रहने और कानूनी सुरक्षा प्रदान करते हैं। मिशन शक्ति जैसे अभियानों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया जाता है।
कांस्टेबल अभिजीत शुक्ल कहा कि सुरक्षा सशक्तिकरण की नींव है; जब महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं, तो वे जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं।

मिशन शक्ति 5.0 : नारी सुरक्षा-सम्मान का मजबूत कवच, प्रयागराज में चलाया गया जागरूकता अभियान▪️गंगानगर जोन में बाजारों से कॉलेज तक, मिशन शक्ति टीमों ने किया अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण योजना “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत रविवार को गंगानगर जोन कमिश्नरेट के सभी थानों की महिला पुलिसकर्मियों व मिशन शक्ति टीमों द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस आयुक्त व अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त गंगानगर एवं अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के कुशल पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर जागरूकता फैलायी। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सहायता योजनाओं के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक न खोलने, किसी संदिग्ध व्यक्ति की मित्रता स्वीकार न करने और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह भी दी गई। मिशन शक्ति टीम ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल बिना हिचक शिकायत करें। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 112 (पुलिस आपात सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और पम्पलेट भी वितरित किए गए। मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि हर महिला और बालिका के भीतर आत्मविश्वास जगाना है कि वे सुरक्षित हैं, समर्थ हैं और हर कदम पर पुलिस उनके साथ खड़ी है।

शंकरगढ़ थाना दिवस में एसडीएम बारा ने सुनी फरियादियों की फरियाद

एसडीएम प्रेरणा गौतम ने थाना दिवस में दिए आवश्यक निर्देश 16 शिकायतें आई सामने

थाना दिवस में फरियादियों को मिली न्याय की उम्मीद, एसडीएम ने दिलाया भरोसा

राजदेव द्विवेदी

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर थाना शंकरगढ़ में शनिवार को उपजिलाधिकारी बारा प्रेरणा गौतम की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एसडीएम बारा और प्रभारी निरीक्षक शंकरगढ़ यशपाल सिंह ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। इस दौरान 16 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए फरियादियों द्वारा प्रस्तुत मामलों को न केवल गंभीरता से लिया गया बल्कि मौके पर ही 7 मामलों का त्वरित निस्तारण भी सुनिश्चित किया गया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समय सीमा के भीतर किया जाए।राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में अतिक्रमण और अन्य विवादों को लेकर जांच की और संबंधित पक्षों को उचित निर्देश दिए।इस समाधान दिवस ने क्षेत्र के लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाया।फरियादियों ने अधिकारियों की सक्रियता और गंभीरता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उनकी समस्याओं को हल करने में मददगार साबित होते हैं।सम्पूर्ण समाधान दिवस जैसे कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच संवाद का मजबूत जरिया बनते हैं। इससे न केवल समस्याओं का समाधान होता है, बल्कि पारदर्शिता और विश्वास भी कायम होता है। इस मौके पर कानूनगो देवी शंकर, कानूनगो अभय राज यादव समेत कई लेखपाल एवं थाना शंकरगढ़ के समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।

मिशन शक्ति फेज 5.0 : बिहार पुलिस टीम ने वाजितपुर स्कूल पहुँचकर बढ़ाया बेटियों का हौसला, दिलाई सुरक्षा की शपथ▪️एसआई रेखा दुबे ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों से लेकर कानूनी अधिकारों तक की दी जानकारी

सुमेरपुर(उन्नाव)। पुलिस अधीक्षक उन्नाव के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में थाना बिहार की मिशन शक्ति टीम प्रभारी उप निरीक्षक रेखा दुबे के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल पूनम राजपूत, कांस्टेबल शैलेश यादव, हेड कांस्टेबल सईद अहमद व हेड कांस्टेबल नीरज सिंह द्वारा शनिवार 25 अक्टूबर को श्री भगवान बक्श सिंह इंटर कॉलेज, वाजितपुर में छात्राएँ एवं छात्रों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम प्रभारी उप निरीक्षक रेखा दुबे ने नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन पर केंद्रित संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर है, किन्तु जागरूकता से ही अपराधों की रोकथाम संभव है। छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ किसी भी प्रकार की शंका व खतरे की स्थिति में तुरंत सहायता मांगने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने बताया कि 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस, फायर व एम्बुलेंस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड लाइन, 1930 साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन, 102/108 स्वास्थ्य व एम्बुलेंस सेवाएँ हमेशा महिलाओं की सुरक्षा हेतु सक्रिय हैं। इसके अतिरिक्त, गुड टच–बैड टच, घरेलू हिंसा से जुड़े कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों के खतरे व उनसे बचाव के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में आवाज उठाना और कानून का सहयोग लेना उनका अधिकार है। टीम ने यह भी बताया कि जनपद के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श, शिकायतों के निस्तारण एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को “जागरूक बनें, सुरक्षित रहें” का संकल्प दिलाया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस जनहितकारी पहल के लिए उन्नाव की बिहार पुलिस का आभार व्यक्त किया।