Home Blog Page 44

भाकियू प्रयाग ने मुख्य अभियंता लोनिवि के नाम दिया धन्यवाद पत्र।

मुख्य अभियंता की अनुपस्थिति में उनके कुर्सी के सामने किया गया माल्यार्पण।

राजदेव द्विवेदी

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर घूरपुर प्रतापपुर मार्ग में निर्माण कार्य में हो रहे अनियमितता को लेकर भारतीय किसान यूनियन प्रयाग के प्रदेश अध्यक्ष के के मिश्रा और जिला उपाध्यक्ष ऋषि पांडेय के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में माल्यार्पण व धन्यवाद पत्र सौंपा गया। ज्ञात हो कि घूरपुर प्रतापपुर मार्ग के निर्माण में हो रहे अनियमितता को लेकर भारतीय किसान यूनियन प्रयाग के पदाधिकारियों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद उचित कार्यवाही नहीं होने से संगठन की तरफ से माल्यार्पण व धन्यवाद पत्र देने मुख्य अभियंता के कार्यालय पहुंचे जहां मुख्य अभियंता की अनुपस्थि में उनके कुर्सी के सामने माल्यार्पण कर उनके कार्यालय में धन्यवाद पत्र दिया।जिसमें कहा गया है कि आपके द्वारा घूरपुर प्रतापपुर मार्ग में किए गए भ्रष्टाचार के उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रयागराज की जनता की तरफ से आपको धन्यवाद पत्र दिया जा रहा है। ऐसे ही आप अपने अनुभवी अभियंताओं के साथ उत्कृष्ट कार्य करते रहिए हम आपको ऐसे ही माल्यार्पण और धन्यवाद पत्र देते रहेंगे। जिला उपाध्यक्ष ऋषि पांडेय द्वारा चेतावनी देते हुए कहा गया कि अगर 15 दिनों के अंदर कार्य में सुधार नहीं आया तो घूरपुर प्रतापपुर मार्ग पर आंदोलन होगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी। माल्यार्पण व धन्यवाद पत्र देने में मुख्य रूप से रूपेंद्र यादव जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा, नायक यादव तहसील अध्यक्ष बारा, राम भवन पटेल संगठन मंत्री तहसील बारा, सुनील पटेल ब्लाक अध्यक्ष शंकरगढ़, हरि ओम, कमलू, सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

चौथा स्तंभ खतरे में पत्रकारों की हत्या, हमले और फर्जी मुकदमों ने खड़े किए गंभीर सवाल

राजदेव द्विवेदी

प्रयागराज। जनपद से लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में आज के समय में पत्रकारिता, जिसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है, खुद असुरक्षा और डर के साए में जी रही है। सरकारें बीच-बीच में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए गाइडलाइंस जारी करती हैं और बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। हत्या, मारपीट और फर्जी मुकदमे पत्रकारों की सुरक्षा के खोखले दावों को उजागर कर रहे हैं। जो पत्रकार समाज के लिए दिन-रात काम करते हैं, चाहे बारिश हो, तूफान हो, या अन्य कठिन परिस्थितियाँ हों, वे आज खुद असुरक्षित हैं। आए दिन पत्रकारों पर हमले होते हैं, उनकी हत्याओं की खबरें सामने आती हैं, और जो सच्चाई की आवाज़ उठाते हैं, उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। पुलिस और प्रशासन का रवैया भी पत्रकारों के प्रति दमनकारी होता जा रहा है, जो उन्हें अपनी जिम्मेदारियां निभाने से रोकता है। सरकारें सुरक्षा का दावा तो करती हैं, लेकिन जब पत्रकारों पर फर्जी मुकदमे दर्ज होते हैं, तो यह सवाल उठता है कि सरकार और पुलिस किसके साथ खड़ी है। कई बार पुलिस खुद पत्रकारों पर झूठे मुकदमे दर्ज करती है ताकि उनकी आवाज़ को दबाया जा सके। सरकार की गाइडलाइंस और घोषणाएं केवल कागजों पर रह जाती हैं, और पत्रकारों के लिए कोई ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए जाते। जब सच्चाई उजागर करने वाले पत्रकारों पर हमले और फर्जी मुकदमे होते हैं, तो यह साफ दिखता है कि सच्चाई को दबाने की कोशिश की जा रही है। जो लोग भ्रष्टाचार, अन्याय और समाज की समस्याओं को उजागर करते हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष कानून बनाए जाने चाहिए, जिनमें हमलों और फर्जी मुकदमों के खिलाफ सख्त प्रावधान हों। फर्जी मुकदमे दर्ज करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए और इन मामलों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। पुलिस और प्रशासन को पत्रकारों पर हमलों और झूठे मामलों में जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। साथ ही, पत्रकारों के लिए विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल और हेल्पलाइन लागू की जानी चाहिए।आज जब पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं, तो लोकतंत्र की बुनियाद कैसे मजबूत होगी? जो लोग समाज की समस्याओं को उजागर करते हैं, उन्हें दबाने की कोशिश लोकतंत्र के लिए खतरा है। सरकार और प्रशासन को यह समझना होगा कि पत्रकारों की सुरक्षा केवल उनका अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है। सवाल यह है कि क्या सरकार और पुलिस पत्रकारों के साथ खड़ी होगी, या उन्हें असुरक्षा के साये में छोड़ देगी?

पहला दिन नहाय खाय के साथ होती है छठ पूजा की शुरुआत

राजदेव द्विवेदी

प्रयागराज।दीपावली के साथ होती है पंच पर्वों की शुरुआत जिसके बाद आता है छठ पर्व….जिसका पूर्वांचल में सबसे ज्यादा महत्व हैं उसके बाद पूरे उत्तर भारत में इस पर्व की धूम दिखाई देती है….छठ पर्व चार दिनों तक चलने वाला त्यौहार है….जो उगते हुए सूरज को अर्ध्य देने के साथ में समाप्त हो जाता है….चलिए अब आपको बतातें है कि आखिर ये त्यौहार कितने दिन का और कैसे होता है।
पहला दिन- नहाय खाय, जो कि 25 अक्टूबर 2025 को है.
दूसरा दिन- खरना, जो कि 26 अक्टूबर को है।
तीसरा दिन- संध्या सूर्य अर्घ्य, जो कि 27 अक्टूबर को किया जाएगा।
चौथा दिन- उगते हुए सूर्य को अर्घ्य, जो कि 28 अक्टूबर को किया जाएगा।
सबसे पहले बात करतें हैं … नहाय खाय की
नहाय खाय- छठ पूजा का पहला दिन होता है नहाय खाय. इस दिन व्रती किसी पवित्र नदी में स्नान करके, इस पवित्र व्रत की शुरुआत करती हैं. स्नान के बाद भोजन ग्रहण किया जाता है, जिससे व्रत की शुरुआत हो जाती है. इस दिन सूर्योदय सुबह 6 बजकर 28 मिनट पर होगा और सूर्यास्त शाम 5 बजकर 42 मिनट पर होगा।छठ पूजा का दूसरा दिन होता है खरना. इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं।शाम के समय व्रती मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़ की खीर और घी से बनी रोटी तैयार करती हैं।सूर्य देव की विधिवत पूजा के बाद यही प्रसाद सबसे पहले ग्रहण किया जाता है।इस प्रसाद को खाने के बाद व्रती अगले दिन सूर्य को अर्घ्य देने तक अन्न और जल का पूर्ण रूप से त्याग करती हैं।संध्या अर्घ्य- छठ पूजा का तीसरा और महत्वपूर्ण दिन होता है संध्या अर्घ्य।इस दिन व्रती दिनभर बिना जल पिए निर्जला व्रत रखती हैं।फिर, शाम को व्रती नदी में डूबकी लगाते हुए ढलते हुए सूरज को अर्घ्य देती हैं. इस दिन सूर्य अस्त शाम 5 बजकर 40 मिनट पर होगा।ऊषा यानी की उगते हुए सूर्य को अर्घ्य – इस पूजा का चौथा और आखिरी दिन होता है सुबह के सूरज को अर्घ्य देने का।इस दिन सभी व्रती और भक्त नदी में डूबकी लगाते हुए उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देते हैं।इस दिन सूर्योदय सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर होगा. अर्घ्य देने के बाद, 36 घंटे का व्रत प्रसाद और जल ग्रहण करके खोला जाता है, जिसे पारण कहा जाता है।वहीं बात करें व्रत के खत्म होने के बाद पारण की तो उसमें उपवास रखने वाली महिलाएं पारण में बहुत सारी हरी सब्जी,पकौड़ी और दाल के साथ चावल खाकर अपने उपवास को तोड़ लेती हैं।

प्रयागराज में पत्रकार एल.एन. सिंह की नृशंस हत्या, कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल

राजदेव द्विवेदी

प्रयागराज।सिविल लाइंस इलाके में प्रतिष्ठित पत्रकार एल.एन. सिंह की हत्या ने पूरे प्रयागराज को झकझोर कर रख दिया है। लगातार 20 से 25 बार चाकू से वार कर हमलावरों ने बर्बरता की हदें पार कर दीं। यह घटना अपराधियों के बढ़ते हौसलों और कानून-व्यवस्था की खस्ता हालत को उजागर करती है।
पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल
पत्रकार एल.एन. सिंह की हत्या ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि पत्रकारों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल नहीं है। इससे पहले विजय कुमार मिश्रा और उनके परिवार को धमकियाँ मिलने के बावजूद पुलिस निष्क्रिय बनी रही। वहीं, पिंटू सिंह की हत्या और रीवेंद्र सिंह उर्फ रवी सिंह व राजुल शर्मा के साथ दमनकारी रवैये ने पत्रकारों को असुरक्षा के साये में जीने पर मजबूर कर दिया है।
अपराधियों के हौसले बुलंद
हाल के दिनों में दलित युवक रवींद्र कुमार की हत्या और अब पत्रकार एल.एन. सिंह की नृशंस हत्या ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं है। जब समाज की आवाज़ उठाने वाले पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना करना बेमानी हो जाता है।

प्रशासन से प्रमुख माँगें

  1. हत्यारों की गिरफ्तारी और कठोर सजा: पत्रकार एल.एन. सिंह के हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार कर उन्हें कठोरतम सजा दी जाए।
  2. पत्रकार सुरक्षा प्रोटोकॉल: पत्रकारों के लिए विशेष सुरक्षा उपाय और हेल्पलाइन लागू की जाए।
  3. पुलिस की जवाबदेही तय हो: बढ़ते अपराधों और पत्रकारों के खिलाफ दमनकारी रवैये पर पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

पत्रकार संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और आला अधिकारियों पर होगी।

थाना प्रभारी शंकरगढ़ यशपाल सिंह ने सुनी फरियादियों की फरियाद, दिए त्वरित समाधान के निर्देश

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं गुंडागर्दी किये तो जाएंगे जेल- यशपाल सिंह

राजदेव द्विवेदी

प्रयागराज। थाना प्रभारी शंकरगढ़ यशपाल सिंह ने प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की सुबह भी कार्यालय में पीड़ितों से रूबरू हुए और उनकी फरियाद सुनी। इस दौरान थाना क्षेत्र के कई पीडि़त फरियादी फरियाद लेकर अफसर के सामने मौजूद हुए। थाना प्रभारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके तुरंत समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। थाना प्रभारी यशपाल सिंह ने कहा कि उनका प्रयास है कि थाने आने वाले पीड़ितों की समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि जिस समस्या का समाधान थाना स्तर से हो सकता है, उसका समाधान थाना स्तर पर ही समय बद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। जरूरत पड़ने पर राजस्व कर्मियों की भी मदद ली जाए।आपको बता दें कि तमाम मीडिया रिपोर्ट खंगालने के बाद जानकारी मिली है कि शंकरगढ़ के तत्कालीन थाना प्रभारी यशपाल सिंह उत्तर प्रदेश के पश्चिम आगरा के रहने वाले हैं 97 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं इनके बारे में कहा जाता है कि शुरू से ही यह ईमानदार और सख्त पुलिसिंग को लेकर पुलिस विभाग में जाने जाते हैं। उत्तर प्रदेश के पश्चिम में लंबे समय तक तैनात थे और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए जनता को न्याय देने का काम किया है। यही वजह है कि वहां पर रही तैनाती के दौरान पुलिसिंग का इनके पास एक अच्छा अनुभव है जिसके चलते ही मुरादाबाद,बुलंदशहर, मेरठ, गाजियाबाद, हाथरस और फिरोजाबाद समेत तमाम जिलों में यह दबंग पुलिस अफसर तैनाती के दौरान गरीब जनता को न्याय देते हुए अपराध और अपराधियों पर जमकर प्रहार किया था। शंकरगढ़ की जनता की माने तो तत्कालीन थाना प्रभारी यशपाल सिंह बेहद सख्त मिजाज के पुलिस अफसर हैं गलत कार्य करने वाले व्यक्तियों के साथ इनका कोई संबंध नहीं रहता और गरीब व्यक्तियों के प्रति इनका प्रेम और स्नेह अलग रहता है।इनके बारे में कहा जाता है कि चार्ज लेने के बाद से ही थाने के अंदर दलाली करने वाले तमाम प्राइवेट व्यक्तियों को हिदायत दी गई जिसके बाद वह लोग थाने के अंदर दिखाई नहीं देते। इनके द्वारा सभी को स्पष्ट कहा गया कि अगर मेरे कार्यकाल में दलाली या गलत कार्य करने वाला कोई भी व्यक्ति थाने की अंदर दिखाई दिया तो तत्काल मुकदमा दर्ज करके उसको जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। शंकरगढ़ की जनता ने यह भी कहा कि थाना प्रभारी यशपाल सिंह के सख्त होने की वजह से दलाल और फर्जी वसूली करने वाले कथित लोगों के अंदर हड़कंप है तो वही नीचे पायदान में रहने वाले हर एक गरीब व्यक्ति को उचित न्याय मिल रहा है। जनता ने कहा अब गुंडे बदमाशों के अंदर शंकरगढ़ पुलिस का डर दिखाई दे रहा है नतीजा यह है कि शंकरगढ़ में अपराध का ग्राफ पूरी तरह जीरो हो गया चोरी मारपीट और जमीन कब्जा करने जैसे मामले पूरी तरह से खत्म होते नजर आ रहे हैं।

महेशगंज पुलिस की अनोखी पहल: बच्चों संग मनाई दीपावली, मुस्कुराए गांव के चेहरे

ब्रेकिंग न्यूज | प्रतापगढ़
हामिद इब्राहिम

प्रतापगढ़। दीपावली की रात महेशगंज पुलिस ने समाज में अपनापन और खुशी का संदेश दिया। थानाध्यक्ष मनोज तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव-गांव पहुंची और बच्चों के साथ दीपावली मनाई। पुलिसकर्मियों ने बच्चों संग फुलझड़ियाँ जलाईं और उन्हें मिठाई, लाई-चना, मिट्टी के दीये और फुलझड़ियाँ भी वितरित कीं।

थानाध्यक्ष मनोज तोमर ने कहा कि “त्योहार का असली मकसद दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाना है। जब बच्चे खुश होते हैं, तो लगता है पूरा थाना जगमगा उठा है।”

इस मौके पर उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, विजेंद्र सिंह, अंशु सेंगर, शिवा प्रजापति, महिला एसआई वंदना वर्मा और सुमित सिंह समेत पूरी टीम मौजूद रही।

ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि यह पहली बार है जब पुलिस अधिकारी खुद गांवों में बच्चों के बीच पहुंचे और परिवार की तरह त्योहार मनाया।

बेटियां एक नहीं बल्कि दो घरों को सजने संवारने का करती है कार्य-सुरेश चंद्र

-बाल विकास मिशन प्रतिभा
सम्मान कार्यक्रम में सरकारी नौकरी में चयनित होनहारों को किया सम्मानित

विद्रोही सामना, संवाददाता।
राज्य ब्यूरो प्रमुख, प्रयागराज।
मऊआइमा ब्लाक अन्तर्गत टीटी अब्दालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाल विकास मिशन प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान शशि सिंह पत्नी राज बहादुर के द्वारा 2025 में सरकार नौकरी में चयनित संजय पटेल, धर्मेंद्र पटेल राज कुमार, प्रदीप सरोज, विकास कुमार, मानसी मौर्या एवं धर्मेंद्र यादव को महापुरुषों के चित्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। संचालक सुरेश चंद्र (मास्टर जी) ने कहा कि होनहारों ने शिक्षा से यह मुकाम हासिल की है। इन्हीं की तरह हम अन्य युवाओं को भी उनसे सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेटियां एक नहीं बल्कि दो घरों को सजने एवं संवारने का कार्य करती है। इसलिए बेटों की तरह बेटियों की भी शिक्षा दिलाने में कोई कमी नहीं रखनी चाहिए। जबकि प्रधानपति राज बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा की बदौलत ही विकास की पटकथा लिखी जाती है। शिक्षित समाज ही अपने दम पर अपनी किस्मत को लिखने का कार्य करता है। कार्यक्रम में प्रधान शशि सिंह ने होनहारों के साथ अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। इस मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य राज कुमार मौर्य, अमृत लाल, दीपक कुमार, फूलचंद, दीपक मास्टर, राजेन्द्र मौर्य, सावित्री देवी, पूर्व प्रधान सुषमा देवी, रेखा देवी, राम मिलन, दारा सिंह आदि मौजूद रहे।

मऊआइमा की गंजिया बाजार की पुरानी रौनक आज भी बरकरार, तीन दिनों में उमड़ता है भारी जनसैलाब▪️

धनतेरस, छोटी दिवाली और दिवाली पर 20 किलोमीटर दूर-दराज़ के इलाकों से खरीदारी को जुटते हैं लोग

मऊआइमा (प्रयागराज)। कभी पूर्वांचल की सबसे बड़ी और मशहूर साप्ताहिक बाजारों में शुमार मऊआइमा की गंजिया बाजार आज भले ही साल में केवल तीन दिनों के लिए सजती है, लेकिन उसकी पुरानी रौनक आज भी बरकरार है। धनतेरस, छोटी दिवाली और दिवाली के अवसर पर जब यह बाजार सजती है, तो मानो पूरा कस्बा ही मेले में तब्दील हो जाता है। गलियों में लोगों की भीड़, दुकानों पर मोलभाव करते ग्राहक और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग बाजार—यह सब उस पुराने दौर की याद ताज़ा कर देता है जब गंजिया बाजार पूरे इलाके की आर्थिक धड़कन हुआ करती थी।
तहसील बार एसोसिएशन सोरांव के अध्यक्ष वामिक एजाज फारूकी बताते हैं, “हमारे बचपन में यही एक बाजार होती थी जहाँ सुई से लेकर तलवार तक सब मिलता था। किराना, सब्जी, बर्तन, मोची, चक्की, मिठाई, दवा, टार्च, पटाखे, खिलौने और इलेक्ट्रिक सामान तक—हर जरूरत की चीज़ यहीं उपलब्ध होती थी। 20 किलोमीटर तक के गाँवों से लोग पैदल, बैलगाड़ी और साइकिल से खरीदारी करने आते थे।” स्थानीय निवासी निमिष खत्री पुराने दिनों को याद करते हुए बताते हैं, “हमारे मोहल्ले के प्रसिद्ध भग्गू लाल मिठाई वाले की दुकान इतनी प्रसिद्ध थी कि उनकी मिठाई दिल्ली, मुंबई और कोलकाता तक भेजी जाती थी। विदेशों में रहने वाले लोग भी जब घर आते, तो यही मिठाई अपने साथ ले जाते थे।” समय के साथ हालात बदले। बाईपास सड़क के निर्माण, बाजार की तंग गलियों और आसपास के गाँवों में छोटी-छोटी मार्केटों के खुल जाने से गंजिया बाजार की रौनक धीरे-धीरे फीकी पड़ गई। परंपरा और यादों से जुड़ा यह बाजार अब साल में केवल तीन दिन ही गुलजार होता है, मगर उन तीन दिनों में यहाँ वही पुरानी चहल-पहल लौट आती है।धनतेरस से दिवाली तक इस बाजार में हर तरह के स्टॉल लगते हैं। बर्तनों से लेकर कपड़ों तक, मिठाइयों से लेकर सजावटी सामान तक। दूर-दराज़ के गाँवों के लोग अब भी पूरे परिवार के साथ यहाँ खरीदारी के लिए आते हैं।

कस्बे के बुजुर्गों का कहना है कि गंजिया बाजार केवल खरीदारी का केंद्र नहीं, बल्कि लोगों के मिलने-जुलने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का जरिया भी रही है। आज भले ही यह बाजार तीन दिन की मेहमान हो, लेकिन उसकी ऐतिहासिक पहचान और लोक स्मृतियों में दर्ज रौनक आज भी लोगों के दिलों में जीवंत है।

प्रतापगढ़: पट्टी तहसील संवाददाता बने अब्दुल कलाम

प्रतापगढ़।पत्रकारिता के क्षेत्र से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। विद्रोही सामना समाचार पत्र ने अपने नए पट्टी तहसील संवाददाता के रूप में अब्दुल कलाम की नियुक्ति की है।

अब्दुल कलाम एक सक्रिय, निडर और निष्पक्ष पत्रकार के रूप में क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते हैं। उन्होंने हमेशा समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज़ को उठाया है और जमीनी हकीकत को जनता तक पहुँचाने का कार्य किया है। उनके लेख और रिपोर्टें हमेशा सामाजिक सरोकारों और सच्चाई को सामने लाने के लिए जानी जाती रही हैं।

विद्रोही सामना के संपादक मंडल ने बताया कि

अब्दुल कलाम जैसे ऊर्जावान और जुझारू पत्रकार के जुड़ने से समाचार पत्र की टीम को और मजबूती मिलेगी। अब पट्टी तहसील से संबंधित जनसमस्याओं और स्थानीय मुद्दों की सच्ची रिपोर्टिंग जनता तक पहुंचेगी।

नियुक्ति के अवसर पर अब्दुल कलाम ने कहा

पत्रकारिता मेरे लिए सेवा का माध्यम है। मैं जनता की आवाज़ को सशक्त रूप से उठाने और सच्चाई को निर्भीकता से सामने लाने के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा। विद्रोही सामना से जुड़ना मेरे लिए गर्व की बात है।

विद्रोही सामना परिवार ने अब्दुल कलाम को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

जनप्रतिनिधियों की तलाश में भटक रही जनता

डुगडुगवा में जलभराव से मचा हाहाकार : नाली ध्वस्त, सड़कों पर फैला गंदा पानी, बीमारी का बढ़ा खतरा▪️ डीएम से नाला निर्माण की लगाई गुहार, मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत, फिर भी जिम्मेदारों की नहीं टूटी नींद

आजमगढ़। जनपद के सदर तहसील के अंतर्गत ग्राम डुगडुगवा के हालात इन दिनों किसी मुसीबत से कम नहीं हैं। गांव की जर्जर नाली तंत्र और बरसों से उपेक्षित जलनिकासी व्यवस्था ने पूरे क्षेत्र को बीमारियों के दलदल में धकेल दिया है। सड़कों पर फैला गंदा पानी अब घरों के भीतर घुसने लगा है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बुखार, त्वचा रोग और संक्रमण जैसी बीमारियों ने कई परिवारों को अपनी चपेट में ले लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। अब जनता खुद जिलाधिकारी आजमगढ़ से नाला बनवाने की गुहार लगा रही है ताकि गांव को इस जलभराव की त्रासदी से मुक्ति मिल सके।
ग्रामीणों ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ को भी भेजी है। साथ ही जगह-जगह रुके गंदे पानी की तस्वीरें भी साक्ष्य के रूप में संलग्न की गई हैं। गांव के लोगों का कहना है कि “पच्चीसों साल पुरानी नाली टूटकर मिट्टी में मिल गई है, पानी अब घरों के अंदर तक भर रहा है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।”
ग्रामीणों की एकजुट अपील है — “हम नाला नहीं, जीवन की सुरक्षा मांग रहे हैं।”

फोटो 📸-
ग्राम डुगडुगवा की गलियों में रुका हुआ गंदा पानी, ध्वस्त नाली और सड़कों पर पसरी गंदगी से परेशान ग्रामीण