Home Blog Page 42

तकरार के बाद जहर खाने से मचा हड़कंप, ट्रामा सेंटर में इलाज जारी

0

प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के सिंगाही गांव में बुधवार दोपहर पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार सिंगाही गांव निवासी सीता देवी (25) पत्नी बलराम का किसी बात को लेकर अपने पति से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर सीता देवी ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।


परिजनों ने जब उनकी हालत खराब होते देखी तो घर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचाने से स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


बताया जा रहा है कि घटना के दौरान पति बलराम ने भी गुस्से में आकर बचा हुआ कीटनाशक पदार्थ खा लिया, लेकिन मात्रा कम होने के कारण उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। उसे भी एहतियातन चिकित्सकीय परीक्षण के लिए ले जाया गया, जहां जांच के बाद उसे खतरे से बाहर बताया गया।


घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग इसे आपसी समझ की कमी का परिणाम बता रहे हैं।


विशेषज्ञों का कहना है कि पारिवारिक विवादों को संवाद और आपसी समझ से सुलझाया जाना चाहिए। गुस्से में उठाया गया कोई भी कदम पूरे परिवार के लिए भारी पड़ सकता है। फिलहाल सीता देवी का इलाज जारी है और डॉक्टरों को उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद है।

मधुमक्खियों के हमले से मां-पिता-पुत्र समेत छह लोग घायल, रानीगंज ट्रामा सेंटर में इलाज जारी

0
oplus_136314912

मधुमक्खियों के हमले से मां-पिता-पुत्र समेत छह लोग घायल, रानीगंज ट्रामा सेंटर में इलाज जार

प्रतापगढ़। जनपद के फतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनाउपुर गांव में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के तीन लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। देखते ही देखते मधुमक्खियों के झुंड ने आसपास मौजूद अन्य लोगों को भी अपना निशाना बना लिया। घटना में कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धनाउपुर गांव निवासी अरविंद दूबे (30) पुत्र आद्या दूबे अपनी मां श्यामा देवी (65) और 12 वर्षीय बेटे अर्जुन दूबे के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान खेत के किनारे लगे पेड़ पर मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते में अचानक हलचल हुई और देखते ही देखते झुंड ने तीनों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के लगातार डंक मारने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

परिजनों की आवाज सुनकर बचाव के लिए दौड़े गांव के तीन अन्य लोग भी मधुमक्खियों के हमले की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने किसी तरह धुआं कर और कपड़े लहराकर मधुमक्खियों को भगाया, जिसके बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों की टीम द्वारा सभी का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों को शरीर पर कई स्थानों पर डंक लगे हैं, जिनका उपचार जारी है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों और आबादी के आसपास लगे मधुमक्खी के छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल सभी घायलों की हालत पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही

मासूम को बहला-फुसलाकर बनाया शिकार, लेकिन बच न सका—आसपुर देवसरा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

0

आसपुर देवसरा थाना पुलिस की सख्त कार्रवाई—नाबालिग को भगाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

प्रतापगढ़ जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी को एक गांव की नाबालिग लड़की को अमन पुत्र गुलशेर निवासी ग्राम उदईशाहपर द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगा था। परिजनों ने तत्काल थाने में शिकायती पत्र देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी के निर्देशन में उपनिरीक्षक सचिन पटेल ने पुलिस टीम के साथ संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

थाना अध्यक्ष राकेश चौरसिया ने बयान जारी करते हुए कहा, “महिलाओं और नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर आरोपी को कानून के शिकंजे में पहुंचाया है।”

पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

सहेरुआ में सनसनी: घर के अंदर मिली महिला की लाश, रिश्तों के जाल में उलझी हत्या की गुत्थी!

0
Oplus_16908288

सहेरुआ में 35 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालात में मिला, हत्या की आशंका
प्रतापगढ़। जनपद के देल्हूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सहेरुआ गांव में शनिवार शाम एक 35 वर्षीय महिला का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मृतका की पहचान पूजा गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार, पूजा की शादी वर्ष 2015 में कुलदीप गुप्ता के साथ हुई थी। वर्ष 2016 में उनके एक पुत्र का जन्म हुआ। पारिवारिक जीवन सामान्य चल रहा था, लेकिन वर्ष 2023 में उनके पति कुलदीप गुप्ता का शव मुंबई में एक ट्रेन के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उस घटना ने भी कई सवाल खड़े किए थे। उस समय परिवार के कुछ सदस्यों ने पूजा पर संदेह व्यक्त किया था, हालांकि मामले में क्या निष्कर्ष निकला, यह स्पष्ट नहीं हो सका।
पति की मृत्यु के बाद पूजा कुछ समय तक ससुराल में रहीं, फिर मायके चली गईं और बाद में मुंबई में रहने लगीं। हाल ही में वह दोबारा ससुराल क्षेत्र में आकर शनि देव मंदिर के पास दुकान लगाकर मेला कर रही थीं और यहीं रह रही थीं।
मृतका के बेटे के चाचा रामलखन गुप्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूजा के अपने एक रिश्तेदार (मौसिया ससुर) से कथित अवैध संबंध थे। उनका दावा है कि घटना से ठीक पहले दोनों के बीच मोबाइल फोन पर 18 बार बातचीत हुई थी। रामलखन गुप्ता ने आशंका जताई कि उसी व्यक्ति ने या उसके माध्यम से पूजा की हत्या करवाई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है और मामले की जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घर के आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग इस रहस्यमय मौत को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। फिलहाल सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे सच्चाई सामने आ सके।

तहसील परिसर में अधिवक्ताओं की भूख हड़ताल जारी, स्वास्थ्य बिगड़ने लगा, जिम्मेदार अब तक बेखबर

0
Oplus_16908288

तहसील परिसर में अधिवक्ताओं की भूख हड़ताल जारी, स्वास्थ्य बिगड़ने लगा, जिम्मेदार अब तक बेखबर

प्रतापगढ़। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बीते 14 दिनों से चल रहे क्रमिक अनशन ने अब भूख हड़ताल का रूप ले लिया है, जिसके चलते आंदोलनरत अधिवक्ताओं की तबीयत पर भी असर पड़ने लगा है। सोमवार 16 फरवरी की दोपहर से अधिवक्ताओं ने क्रमिक अनशन समाप्त कर पूर्ण भूख हड़ताल शुरू कर दी, जिसके बाद से वे लगातार तहसील परिसर में डटे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि अधिवक्ता लाल बहादुर यादव व अजय त्रिपाठी,रात भर भी परिसर में ही धरने पर बैठे रहे। मंगलवार सुबह जब साथी अधिवक्ता और स्थानीय लोग धरनास्थल पर पहुंचे तो भूख हड़ताल पर बैठे दोनों अधिवक्ताओं की सेहत में गिरावट देखी गई। लंबे समय से भोजन न लेने के कारण कमजोरी और चक्कर आने जैसी शिकायतें सामने आईं। इसके बावजूद आंदोलनरत अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों से पीछे हटने से साफ इनकार कर दिया है।

धरने पर बैठे अधिवक्ताओं का कहना है कि उनका आंदोलन 3 फरवरी से लगातार जारी है, लेकिन अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी, जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक प्रतिनिधि उनकी समस्याओं को सुनने तक नहीं पहुंचा। उनका आरोप है कि प्रशासन जानबूझकर इस मुद्दे को नजरअंदाज कर रहा है, जिससे अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जा सकता है,और अधिवक्ता अजय त्रिपाठी ने कहा जरूरत पड़ी तो आत्मदाह भी करूंगा ज़

जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

तहसील परिसर में चल रहे इस आंदोलन को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज है। कई सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने चिंता जताते हुए प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर मामले का समाधान निकालने की अपील की है, ताकि आंदोलनरत अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य पर कोई गंभीर असर न पड़े।

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और सबकी निगाहें प्रशासनिक कदमों पर टिकी हैं कि आखिर कब जिम्मेदार अधिकारी धरनास्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों की मांगों पर ध्यान देंगे।

रानीगंज तहसील में एसडीएम के स्थानांतरण को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन तेज, क्रमिक अनशन भूख हड़ताल में बदला

0

रानीगंज तहसील में एसडीएम के स्थानांतरण को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन तेज, क्रमिक अनशन भूख हड़ताल में बदल

प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी के स्थानांतरण की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन अब और उग्र रूप लेता जा रहा है। पिछले 14 दिनों से चल रहा क्रमिक अनशन सोमवार को भूख हड़ताल में तब्दील हो गया, जिससे तहसील परिसर में आंदोलन का माहौल और गरमा गया।

आंदोलन की अगुवाई कर रहे अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक रानीगंज के एसडीएम विमल कुमार का पूर्ण रूप से स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। अधिवक्ताओं के लगातार विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन दिन पूर्व एसडीएम के न्यायिक अधिकार दूसरे अधिकारी को सौंप दिए थे, लेकिन इससे आंदोलनकारी संतुष्ट नहीं हुए।

सोमवार को चल रहे क्रमिक अनशन के दौरान अधिवक्ताओं की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद जिला बार के पूर्व उपाध्यक्ष लाल बहादुर यादव तथा तहसील बार एसोसिएशन के मंत्री अजय त्रिपाठी भूख हड़ताल पर बैठ गए।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व न्यायिक सदस्य देवेश प्रताप सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांग न्यायसंगत है और जब तक स्थानांतरण आदेश जारी नहीं होता, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि पखवाड़े भर से चल रहे आंदोलन के बावजूद किसी भी जनप्रतिनिधि ने अधिवक्ताओं का हाल जानने की जरूरत नहीं समझी।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि जिला प्रशासन उनकी न्यायिक मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रहा है, जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में अधिवक्ता आमरण अनशन पर बैठ सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे, जिनमें शिवेंद्र प्रताप सिंह, सुरेश चंद्र शुक्ला, वसीम अहमद, सीबी सिंह, शैलेश पांडेय, अशोक कुमार पाण्डेय तथा बसंत यादव सहित सैकड़ों अधिवक्ता शामिल रहे।
रानीगंज तहसील क्षेत्र प्रतापगढ़ में चल रहे इस आंदोलन पर अब जिला प्रशासन के अगले कदम का इंतजार किया जा रहा है, क्योंकि अधिवक्ताओं ने पीछे हटने से साफ इनकार कर दिया है।

वार्षिकोत्सव में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जीता सबका दिल, देशभक्ति प्रस्तुतियों से गूंजा पूरा परिसर

0

प्रतापगढ़। जनपद के प्रतापगढ़ के रानीगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत देल्हूपुर के भिखनापुर पड़ाव स्थित जम जम पब्लिक स्कूल में शनिवार, 14 फरवरी को वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस कार्यक्रम में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गीत से हुई, जिसके बाद स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और शिक्षा के महत्व पर आधारित नृत्य, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं। छोटे बच्चों के आत्मविश्वास और मंच संचालन कौशल को देखकर उपस्थित लोग भावुक भी हुए और गर्व भी महसूस किया।

देशभक्ति गीतों पर बच्चों द्वारा किए गए समूह नृत्य और सैनिकों के सम्मान में प्रस्तुत नाटक ने खूब तालियां बटोरीं। वहीं शिक्षा, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर आधारित कार्यक्रमों ने दर्शकों को संदेश भी दिया कि नई पीढ़ी समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखती है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के अभिभावक, महिलाएं, बुजुर्ग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और बच्चों की प्रस्तुति पर दर्शक बार-बार तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन करते रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय सरोज (नगर पंचायत पृथ्वीगंज अध्यक्ष प्रतिनिधि) रहे। उनके साथ कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अदील हम्ज़ा, सोनू गुप्ता, अखलाक अहमद, डॉ शेख अकील, शुजात उल्ला, गुलज़ार अहमद, आजाद अली, मुहीज अहमद तथा मौलाना नफीस सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक मास्टर सलीम उद्दीन ने किया। वहीं मंच संचालन की विशेष जिम्मेदारी दो सगी जुड़वा छात्राओं ने अंग्रेजी भाषा में निभाई, जिसने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। उपस्थित लोगों ने बच्चियों के आत्मविश्वास और उच्चारण की जमकर सराहना की।

विद्यालय के प्रबंधक मो. मुजीब ने अपने संबोधन में कहा,

“हमारा प्रयास सिर्फ बच्चों को पढ़ाना नहीं बल्कि उन्हें एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। आज बच्चों ने जिस आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह हमारे लिए गर्व की बात है। अभिभावकों का सहयोग भी स्कूल की सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।”

कार्यक्रम के संचालक मास्टर सलीम उद्दीन ने कहा,

“आज का मंच बच्चों के लिए एक अवसर है जहाँ वे अपनी छुपी प्रतिभा को सामने लाते हैं। हम चाहते हैं कि बच्चे पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।”

मुख्य अतिथि संजय सरोज ने अपने संबोधन में बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा,

“आज के बच्चों ने जिस तरह देशभक्ति और सामाजिक विषयों पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया, वह प्रशंसनीय है। शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक समझ भी जरूरी है, और इस विद्यालय ने वह जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। मैं विद्यालय प्रबंधन और सभी शिक्षकों को बधाई देता हूं।”

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया तथा अभिभावकों ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। पूरे दिन स्कूल परिसर में उत्साह, खुशी और बच्चों की खिलखिलाहट गूंजती रही।

वार्षिकोत्सव का यह कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और लोगों ने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे।

रंगदारी और जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0

Pratapgarh थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में प्रतापगढ़ पुलिस ने रंगदारी मांगने और जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी को कोतवाली देहात क्षेत्र के श्रीकांत का पुरवा गांव में एक युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर देने और परिवार से रंगदारी मांगने की शिकायत पुलिस को दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल, क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज और थाना प्रभारी पुष्पराज के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रूप से आरोपी की तलाश में जुटी थी।

इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी अपने घर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी विपिन तिवारी उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिक कार्रवाई के लिए थाने लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेजा गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में नामजद रह चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में राहत का माहौल है और लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सकें।

यमुनानगर में आए दिन जिओ टेलीकॉम कंपनी के बेहतर सर्विस के दावे हो रहे फेल, उपभोक्ता परेशान

प्रयागराज। टेलीकॉम कंपनियां बेहतर सर्विस देने का दावा कर मनमानी दाम वसूल रही हैं। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को अच्छी सर्विस नहीं दे पा रही है। पिछले कुछ दिनों से नेटवर्क में कमी के कारण उपभोक्ताओं को कॉल करने से लेकर इंटरनेट तक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक की ऑनलाइन लेनदेन करने में भी दिक्कत आ रही है। क्षेत्र में एअरटेल, बीएसएनएल,जिओ सहित विभिन्न टेलीकॉम कंपनियां उपभोक्ताओं को सर्विस मुहैया करा रही हैं। लेकिन अधिकांश कंपनी की सर्विस में पिछले कई दिनों से बाधा आ रही है। खराब स्थिति सैकड़ो गांव के लिए एक बड़ी समस्या बन गई है। नेटवर्क की बदहाली के कारण लोगों को मोबाइल पर बात करने के लिए छतों, खेतों और सड़कों पर आना-जाना पड़ रहा है। यह अब केवल तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर जन समस्या बन चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार कॉल ड्रॉप, आवाज कटना और नेटवर्क का पूरी तरह गायब रहना आम बात हो गई है। एक ओर जहां सरकार डिजिटल इंडिया के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं यमुनानगर के गांवों में खासकर जिओ नेटवर्क की यह स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या से तंग आकर बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपने जिओ सिम को पोर्ट करने या बदलने पर मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी विज्ञापनों में खुद को देश का सबसे बड़ा नेटवर्क बताती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे इतर है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार कस्टमर केयर और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है, हाला कि, उन्हें ना तो कोई संतोषजनक जवाब मिला, और ना ही स्थिति में कोई सुधार होता नज़र आ रहा है जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। कई जगहों पर बिजली कटने के बाद नेटवर्क पूरी तरह से ठप हो जाता है, जिससे कॉल करना और इंटरनेट उपयोग करना मुश्किल हो जाता है।

कैमूर सेंचुरी प्रकरण में ‘काउंटर नैरेटिव’ की परतें खुलीं, जांच के केंद्र में मास्टरमाइंड प्रतिपालक चुर्क का नाम बरकरार▪️काउंटर खबर के जरिए जांच से ध्यान भटकाने को उछाली गई खबर, जांच के घेरे में प्रतिपालक चुर्क की भूमिका▪️कैमूर सेंचुरी में ‘रक्षक’ ही बना ‘भक्षक’ : बिना अनुमति अवैध मोरंग खनन और सड़क निर्माण का सनसनीखेज खुलासा

मिर्जापुर। कैमूर वन्यजीव अभयारण्य अंतर्गत हलिया–चौरा क्षेत्र में अवैध मोरंग खनन और सड़क निर्माण को लेकर जारी विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। प्रतिपालक चुर्क भास्कर प्रसाद पाण्डेय के पक्ष में प्रकाशित कराई गई खबर—जिसमें रिटायर वन क्षेत्राधिकारी अवधनारायण मिश्रा को अवैध अतिक्रमण एवं खनन का “मास्टरमाइंड” बताया गया— जो अब सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों और विभागीय सूत्रों का कहना है कि यह खबर मूल प्रकरण से ध्यान भटकाने और जिम्मेदारी स्थानांतरित करने की कोशिश प्रतीत हो रही है।
जानकारी के अनुसार, 20 से 23 दिसंबर 2025 में क्षेत्रीय वनाधिकारी की अनुपस्थिति के दौरान संरक्षित वन भूमि से बड़े पैमाने पर खनन और सड़क निर्माण कराया गया, जिसके वीडियो साक्ष्य उच्चाधिकारियों तक पहुंच चुके हैं। विभागीय भ्रमण में सामने आए तथ्यों के आधार पर सेक्सन/बीट स्तर पर सूचना छुपाने और वैधानिक कार्रवाई न करने की गंभीर चूक उजागर हुई।इसी क्रम में वन कर्मियों द्वारा मौखिक रूप से प्रतिपालक चुर्क के दबाव का उल्लेख भी किया गया, हालांकि संबंधित पक्ष ने अब तक लिखित स्पष्टीकरण नहीं दिया है। इसी बीच, सोशल मीडिया (व्हाट्सअप ग्रुपों) में वॉयरल रिपोर्ट में सारा ठीकरा रिटायर अधिकारी पर फोड़ने का प्रयास किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह खबर न तो स्थल-आधारित तथ्यों से मेल खाती है और न ही मौजूदा जांच निष्कर्षों का संतुलित प्रस्तुतीकरण करती है। उनका कहना है कि जांच अधिकारी पर दोषारोपण कर वास्तविक जिम्मेदारियों से ध्यान हटाया जा रहा है, जबकि अवैध खनन के हालिया निशान, मशीनों के उपयोग और त्वरित निर्माण के प्रमाण क्षेत्र में स्पष्ट हैं।
ग्रामीणों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं की मांग है कि पीसीसीएफ स्तर से निष्पक्ष, समयबद्ध और बहु-स्तरीय जांच कराई जाए, जिसमें वर्तमान प्रकरण, वीडियो साक्ष्य, विभागीय चूक और सभी संबंधित अधिकारियों की भूमिका का समग्र मूल्यांकन हो। उनका यह भी कहना है कि किसी एक व्यक्ति को कठघरे में खड़ा कर बाकी जिम्मेदारियों को ढंकना कैमूर जैसे संवेदनशील अभयारण्य के संरक्षण के हित में नहीं है।
फिलहाल, मामला उच्च स्तर पर विचाराधीन बताया जा रहा है। देखना होगा कि जांच निष्कर्ष किस दिशा में जाते हैं और क्या दोषियों पर त्वरित व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो पाती है, ताकि संरक्षित वन क्षेत्र की गरिमा और कानून का भरोसा कायम रहे।