Home Blog Page 47

शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जे की जाँच शुरू, भूमाफियाओं पर प्रशासन का कसा शिकंजा▪️ विद्रोही सामना की मुहिम का असर : डीएम के निर्देश पर सोरांव तहसील प्रशासन सक्रिय▪️करोड़ो की जमीन पर टिकी निगाहें, लेखपाल की भूमिका पर उठे सवाल

आर.के. त्रिपाठी
प्रयागराज। लंबे समय से मऊआइमा क्षेत्र की विवादित शत्रु संपत्ति पर चल रहे अवैध कब्जे और फर्जीवाड़े के खिलाफ आखिरकार प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। विद्रोही सामना की मुहिम और जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद सोरांव तहसील प्रशासन ने गाटा संख्या 3586, 4920 और 4922 से संबंधित जमीन की व्यापक जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सोरांव राजस्व विभाग और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और विवादित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अब भूमाफियाओं पर शिकंजा कसना तय है और इस बहुचर्चित विवाद का समाधान निकलेगा।

◼️ जमीन पर प्रशासनिक कार्रवाई की शुरुआत

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर सबसे पहले भूमि पर कब्जे की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। राजस्व विभाग को निर्देश दिया गया कि इस जमीन से जुड़ी सभी रजिस्ट्री, इकरारनामे और राजस्व अभिलेख तुरंत उपलब्ध कराए जाएं। फर्जी कागजातों के आधार पर कब और कैसे कब्जे दिए गए, इसकी पूरी तहकीकात शुरू हो चुकी है। गौरतलब है कि यह जमीन पहले से ही विवादों में रही है। स्थानीय स्तर पर कई बार झगड़े और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में प्रशासन ने इस बार सख्त रुख अपनाया है।

◼️ लेखपाल की भूमिका पर गंभीर सवाल

जांच का सबसे संवेदनशील पहलू मौजूदा लेखपाल की भूमिका बताई जा रही है। ग्रामीणों और अभिलेखों के मुताबिक वर्ष 2022 में ही यह जमीन शत्रु संपत्ति घोषित हो चुकी थी। बावजूद इसके, अलग-अलग लोगों को “वंशज” दिखाकर मालिकाना हक सौंप दिया गया।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि लेखपाल द्वारा तैयार की गई आख्या रिपोर्टों पर ही फर्जी नाम दर्ज हुए हैं। अब उनसे जवाब-तलब की तैयारी है। सूत्रों का कहना है कि यदि दोष साबित हुआ तो न केवल निलंबन बल्कि मुकदमा दर्ज होने की भी पूरी संभावना है।

◼️ पुलिस-प्रशासन की संयुक्त रणनीति

जमीन को लेकर लगातार हो रहे विवादों को देखते हुए पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने साफ निर्देश दिया है कि यदि विवादित जमीन पर दोबारा कोई निर्माण कार्य या प्लॉटिंग की कोशिश होती है तो तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। स्थानीय थाना प्रभारी को हिदायत दी गई है कि जमीन पर चौकसी बढ़ाई जाए और किसी भी सूरत में भूमाफियाओं को संरक्षण न मिले।

◼️ 50 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन

करीब 36 बिस्वा की यह विवादित शत्रु संपत्ति मौजूदा बाजार भाव से लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य की मानी जा रही है। यही वजह है कि भूमाफियाओं की निगाह इस पर लगातार टिकी रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करके कब्ज़ा जमाने और बेचने की कोशिशें लंबे समय से चल रही थीं। अब प्रशासन की सख्ती से अवैध धंधेबाजों की कमर टूटने की उम्मीद है।

◼️ फर्जी दस्तावेजों की होगी कानूनी जांच

प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि अगला कदम इस जमीन से जुड़ी सभी रजिस्ट्री की कानूनी जांच करना है। यदि फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर नाम दर्ज कराए गए हैं तो संबंधित लोगों और उन्हें संरक्षण देने वाले राजस्व कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। जिलाधिकारी का कहना है कि “शत्रु संपत्ति पर किसी भी हाल में कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

◼️ प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों में जगी उम्मीद

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चल रहे विवाद के कारण उन्हें बार-बार असुरक्षा और तनाव झेलना पड़ रहा था। कई बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। अब जिलाधिकारी के हस्तक्षेप और तहसील प्रशासन की सख्ती से लोगों में उम्मीद जगी है कि भूमाफियाओं का खेल खत्म होगा और जमीन सुरक्षित रहेगी।

◼️ विद्रोही सामना की मुहिम का असर

विद्रोही सामना ने इस मुद्दे को लगातार उठाया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई शुरू की। प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि मीडिया की भूमिका और जनदबाव ने इस कार्रवाई को तेज करने में बड़ी भूमिका निभाई है।

प्रयागराज: सोरांव तहसील में लेखपालों का बड़ा फेरबदल, मऊआइमा से हटाए गए राजकुमार सागर

प्रयागराज।
सोरांव तहसील में लंबे समय से एक ही जगह पर तैनात लेखपालों का तबादला कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी सोरांव की ओर से जारी आदेश में दर्जनों लेखपालों को नई तैनाती दी गई है। यह कार्रवाई तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही क्षेत्र में कार्यरत लेखपालों के स्थानांतरण नियम के तहत की गई है।

मऊआइमा से हटाए गए लेखपाल राजकुमार सागर

मऊआइमा में वर्षों से तैनात लेखपाल राजकुमार सागर का ट्रांसफर कर दिया गया है। राजकुमार सागर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिलाधिकारी की सख्ती के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें मलक चतुरी भेज दिया है।

राजकुमार सागर, जो लेखपाल संघ के अध्यक्ष भी हैं, पहले भी ट्रांसफर किए जा चुके थे, लेकिन हाईकोर्ट में याचिका दायर करने के बाद उन्हें मऊआइमा का चार्ज दोबारा मिल गया था। इस बार हालांकि जिला प्रशासन ने कठोर रुख अपनाते हुए उन्हें हटाने का आदेश लागू कर दिया है।

शत्रु संपत्ति मामले में कार्रवाई

मऊआइमा के बहराना क्षेत्र की शत्रु संपत्ति पर कथित रूप से फर्जी आख्या रिपोर्ट देने और भूमाफियाओं से मिलीभगत कर प्लाटिंग कराने के आरोपों के चलते राजकुमार सागर पर कार्रवाई हुई। विद्रोही सामना समाचार पत्र में इस मुद्दे को लगातार उठाए जाने के बाद प्रशासन ने जांच कराई और ट्रांसफर का फैसला लिया।

नागरिकों में खुशी

स्थानीय नागरिकों ने राजकुमार सागर के तबादले का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि उनके तानाशाही रवैये, मनमानी और कथित अवैध वसूली से वे परेशान थे। अब ट्रांसफर के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।

अन्य लेखपालों का भी हुआ तबादला

राजकुमार सागर सहित दर्जनो लेखपालों का तबादला किया गया है। इनमें सोरांव, मांडा, बहराना, जेठवारा, दांदूपुर, सरसवां और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लेखपाल शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि यह प्रक्रिया नियमित स्थानांतरण नीति के तहत की गई है।

गोरखपुर मण्डल की एडी बेसिक बनीं बीएसए संगीता सिंह, भव्य विदाई समारोह हुआ आयोजित» लोकप्रिय जिलाधिकारी गौरांग राठी ने प्रशस्ति पत्र भेंट कर बीएसए संगीता सिंह को किया सम्मानित» उन्नाव से गोरखपुर तक बीएसए संगीता सिंह के कार्यकाल की हो रही सराहना

उन्नाव। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संगीता सिंह को गोरखपुर मण्डल में मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) के पद पर पदोन्नति मिलने पर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कृति राज की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार और शिक्षा विभाग की ओर से नगर खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में बीएसए संगीता सिंह का भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलेभर से आए शिक्षकों, कार्यालय कर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें माल्यार्पण कर उपहार एवम बुके और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं  लोकप्रिय जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बीएसए संगीता सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नए कार्यक्षेत्र गोरखपुर मण्डल में अपार सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
           बतातें चलें कि विदाई समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन और स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद बीएसए संगीता सिंह के कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए स्लाइड शो का आयोजन किया गया। स्लाइड शो में उनके द्वारा जिले में किए गए सुधारों, डिजिटल शिक्षा के प्रोत्साहन, शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विद्यार्थियों के बहुपक्षीय विकास योजनाओं को दर्शाया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, प्रभारी बीएसए उप प्राचार्य (डायट) अमिता सिंह, वित्त एवम लेखाधिकारी शालिनी सिंह, एमडीएम डीसी रामजी, बीईओ संजय यादव, बीईओ अखिलेश वर्मा, बीईओ देवेंद्र कुमार, बीईओ मनींद्र कुमार, बीईओ विनय कुमार, बीईओ अनीता शाह, बीईओ शुचि गुप्ता समेत सभी खंड शिक्षाधिकारी के आलावाँ जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण शंकर मिश्रा व प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कनौजिया, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष भरत चित्रांशी, विश्वनाथ तिवारी, जूनियर संघ के जिलाध्यक्षअनुपम मिश्रा सहित आदि भारी संख्या में अधिकारी, शिक्षकों और कार्यालय कर्मचारियों ने बीएसए संगीता सिंह को नए कार्यक्षेत्र के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
____ इनसेट_
» नवाचार जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए हैं मिसाल – डीएम गौरांग राठी
▪️समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के लोकप्रिय जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बीएसए संगीता सिंह के कड़ी मेहनत और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में बालिकाओं की शिक्षा एवं खेलकूद गतिविधियों को प्राथमिकता देने जैसे कार्य उनकी कार्यकुशलता के प्रतीक रहे। इसके साथ ही निपुण भारत लक्ष्य के अंतर्गत बेहतर प्रगति लाकर उन्होंने जिले को शिक्षा की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनका योगदान न केवल प्रशासनिक स्तर पर बल्कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के जीवन में भी सकारात्मक प्रभाव डालता रहा है। उन्होंने कहा, “संगीता सिंह का नेतृत्व और उनके द्वारा किए गए नवाचार उन्नाव जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए मिसाल हैं। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग ने गुणवत्ता और नैतिकता के उच्च मानक स्थापित किए हैं। उनके कार्यकाल में अनेक कार्यक्रमों ने शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान की।”
_____ इनसेट_
» अधिकारियों और शिक्षकों ने बीएसए के कार्यकाल को सराहा
▪️बीएसए संगीता सिंह के कार्यकाल में उन्नाव जिले की शिक्षा प्रणाली में कई उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिले। उन्होंने डिजिटल शिक्षा के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक उच्च गुणवत्ता की शिक्षा पहुँचाने का कार्य किया। शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को व्यवस्थित किया और स्कूलों में आधुनिक शिक्षण उपकरणों को उपलब्ध कराया। उनके नेतृत्व में स्कूलों में शैक्षिक सुविधाओं में सुधार हुआ, विद्यार्थियों की परीक्षा परिणामों में वृद्धि हुई और शिक्षक-छात्र संबंध और भी मजबूत हुए। शिक्षा में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नवाचार लाने के उनके प्रयासों को अधिकारियों और शिक्षकों ने विशेष रूप से सराहा।
_____ इनसेट_
» बीएसए संगीता सिंह का कार्यकाल प्रेरणा और प्रगति का रहा प्रतीक
▪️विदाई समारोह में शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी भावपूर्ण शब्दों में बीएसए संगीता सिंह के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बीएसए मैम ने हमेशा सभी शिक्षकों के साथ सहयोग और मार्गदर्शन का भाव रखा। उनके निर्णय न केवल न्यायसंगत थे, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने में भी सहायक साबित हुए। अधिकारी और शिक्षक विशेष रूप से उनके नेतृत्व कौशल, समस्याओं को सुलझाने की क्षमता और सभी को समान अवसर देने के दृष्टिकोण की सराहना करते रहे। सभी लोगों का कहना था कि बीएसए संगीता सिंह का कार्यकाल प्रेरणा और प्रगति का प्रतीक रहा।
_____ इनसेट_
» छात्राओं ने स्मृति चिन्ह भेंट कर व्यक्त की भावनाएँ
▪️कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सिकंदरपुर सरोसी की छात्राओं ने भी अपनी ओर से बीएसए संगीता सिंह को उनका फोटो स्केच भेंट कर भव्य अभिनंदन किया। कई छात्राओं ने मंच पर आकर फूलों के गुलदस्ते और स्मृति चिन्ह भेंट किए। उन्होंने बताया कि बीएसए के प्रयासों से उनके स्कूलों में शैक्षिक वातावरण और सुविधाओं में सुधार हुआ है। एक छात्रा ने कहा, “बीएसए मैडम ने हमारे स्कूल में डिजिटल शिक्षण और खेल-कूद सुविधाओं को बढ़ावा के साथ साथ डांस व म्यूजिकल लैब स्थापित कराया। जिसमें हम सभी छात्राओं शास्त्रीय नृत्य और संगीत सीखाया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन ने हमें बेहतर सीखने और नई ऊँचाइयाँ छूने की प्रेरणा दी।”
_____ इनसेट_
» उन्नाव जिले में कार्य करना उनके लिए रही गर्व की बात- बीएसए संगीता सिंह
▪️जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उन्नाव जिले में कार्य करना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने सभी शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों के सहयोग का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस जिले में बिताया गया हर पल मेरे लिए सीखने और योगदान देने वाला रहा। मुझे उम्मीद है कि गोरखपुर मण्डल में भी मैं शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव ला पाऊँगी। उनका सम्बोधन भावनाओं से भरा हुआ था। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका समर्पण और मेहनत हमेशा यादगार रहेगी।
_____ इनसेट_
» बीएसए संगीता सिंह को स्मृति चिन्ह व उपहार भेंट कर किया गया सम्मानित
▪️समारोह के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह को विभिन्न संगठनों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह, प्रशस्तिपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन समूह फोटो, शुभकामनाओं और अच्छे भविष्य की कामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ। अधिकारियों और शिक्षकों ने उन्हें गोरखपुर मण्डल में उज्ज्वल भविष्य और सफलता की शुभकामनाएँ दीं। बीएसए संगीता सिंह ने भी सभी को धन्यवाद दिया और अपने आगामी कार्यक्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
_____ इनसेट__
» प्रेरणा और सहयोग से संवर रही शिक्षा व्यवस्था
▪️भव्य विदाई समारोह ने यह स्पष्ट कर दिया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह का योगदान न केवल उन्नाव जिले में शिक्षा के क्षेत्र में याद किया जाएगा बल्कि अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उनके कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में लाए गए नवाचार और सुधार सदैव प्रेरक उदाहरण रहेंगे। इस कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि शिक्षा विभाग में न केवल प्रशासनिक कार्य महत्वपूर्ण हैं, बल्कि शिक्षक और अधिकारी के बीच प्रेरणा, सहयोग और समझदारी का संबंध भी शिक्षा प्रणाली को मजबूत बनाता है।

स्कूल में जल भराव और कीचड़ से अभिभावकों में आक्रोश

बच्चों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ स्कूल एक दूर का सपना

बच्चों की सेहत और पढ़ाई पर खतरा

शिक्षा लेने से पहले बच्चों की कीचड़ से जंग, कैसे स्कूल चलें हम

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। सरकार जहां एक ओर सब बढ़ें,सब पढ़ें का नारा लगाकर शिक्षा का बढ़ावा दे रही है, वही सरकारी तंत्र में कुछ ऐसे लोग हैं जिनकी वजह से ऐसी योजनाओं पर पानी फिरता नजर आ रहा है। ऐसे ही शर्मनाक तस्वीर विकासखंड शंकरगढ़ के प्राथमिक विद्यालय भैंसहाई से सामने आई है। जहां एक तरफ स्वच्छता के बैनर तले गंदगी और कीचड़ का अंबार लगा नजर आया। वहीं दूसरी ओर स्कूल जाने के लिए बच्चों को कीचड़ से जंग लड़ना पड़ रहा है। स्कूल में गंदगी और कीचड़ की समस्या एक गंभीर मुद्दा है जिससे बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। अभिभावकों में इस समस्या को लेकर भारी आक्रोश है और वह जल्द से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि गंदगी और कीचड़ के कारण बच्चों में बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। जिससे अपने बच्चों की सुरक्षा और सेहत को लेकर चिंतित हैं। बच्चों के लिए बने सुविधा घर को देखकर आप हैरान रह जाएंगे शिक्षा के लिए जिस स्कूल में भेजा जा रहा है वहां ठीक से पढ़ाई तो दूर शौच और बाथरूम जाने की भी ठीक व्यवस्था नहीं है। बच्चों के लिए बना शौचालय व पेशाब घर जंगल की तरह दिखाई देता है क्योंकि विद्यालय में बने इस शौचालय परिसर में बड़ी-बड़ी घास उग रही है। जिससे जहरीले जंतुओं के आक्रमण का भय बना रहता है। जबकि स्वच्छता से जुड़े एक से बढ़कर एक नारे दीवार लेखन पर लिखे हुए हैं। लेकिन इन नारों की ओर किसी का ध्यान नहीं है। अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र ही निराकरण कराया जाए।

शंकरगढ़ थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र का हुआ शुभारंभ

महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की नई पहल

सीएम योगी के मिशन शक्ति-5 का हिस्सा

महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए समर्पित

राजदेव द्विवेदी

प्रयागराज। महिलाओं की सुरक्षा सम्मान और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देने के उद्देश्य से शनिवार को शंकरगढ़ थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण के दौरान महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियां पर चर्चा की गई। इस केंद्र का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। थाना प्रभारी शंकरगढ़ यशपाल सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मूल उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, सुरक्षा प्रदान करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना है। महिलाओं का सम्मान करना और उनकी रक्षा करना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण और समर्थन प्रदान करना है। महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090 और 112 आपातकालीन सेवा उपलब्ध है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला बीट पुलिसकर्मियों की तैनाती है। महिलाओं के लिए पिंक बूथ स्थापित किया गया है, महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के बारे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना और उन्हें समाज में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। इस मिशन शक्ति केन्द्र के उद्घाटन से शंकरगढ़ क्षेत्र की महिलाओं को सुरक्षा और समर्थन की ठोस व्यवस्था मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र की सम्मानित महिलाओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। उन्होंने मिशन शक्ति के संदेश को आत्मविश्वास के साथ स्वीकार करते हुए समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक सुष्मिता मौर्य, अनुराधा सिंह, वैशाली अग्रहरि, अनुराधा, ज्योति कनौजिया, उमा वर्मा,निशा कनौजिया आदि तमाम महिलाएं व समस्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे का किया निरीक्षण

कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराये जाने के दिए निर्देश

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज।जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के जनपद प्रयागराज में प्रारम्भिक बिंदु ग्राम पंचायत-जुड़ापुर डांडू पहुंचकर एक्सप्रेस-वे का स्थलीय निरीक्षण किया तथा कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट से संबंधित सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं। उन्होंने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट, प्रोजेक्ट की भौतिक प्रगति एवं ट्रैफिक मैनेजमेंट के बारे में प्रोजेक्ट डिटेल मैप को देखकर समझा एवं कार्यदायी संस्था के प्रशासनिक अधिकारी गंगा एक्सप्रेस-वे से कार्य प्रगति की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली, जिसपर उनके द्वारा बताया गया कि गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण चार ग्रुप में विभाजित कर किया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे का जनपद प्रयागराज में ग्रुप-4 का पार्ट आता है, जिसकी कुल दूरी 156 किमी0 है। जनपद प्रयागराज की सीमा में गंगा एक्सप्रेस-वे के ग्रुप-4 (156 किमी0) में एक्सप्रेस-वे की 15.200 किमी0 की लम्बाई आती है। यह एक्सप्रेस-वे 6-लेन का बनाया जा रहा है और मुख्य स्ट्रक्चर को 8-लेन में बनाया गया है, जिससे भविष्य में एक्सप्रेस-वे को आवश्यकतानुसार 8-लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे के मेन कैरिजवे का कार्य पूर्ण हो चुका है, सर्विस रोड एवं टोल प्लाजा का कार्य प्रगति पर है और नवम्बर माह तक इस कार्य को पूर्ण कर लिया जायेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे पर पौधरोपण, डिस्प्ले बोर्ड, रोड लाइट, प्रत्येक किमी0 की दूरी पर कैमरा लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्षा होने के कारण सर्विस लेन के कार्य की प्रगति धीमी हो गयी थी, परंतु अब प्रोजेक्ट को तेजी से पूर्ण किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर एवं अन्य सम्बंधित से कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में जिला प्रशासन से यदि किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता हो, तो प्रशासन के द्वारा पूरा सहयोग किया जाएगा। उन्होंने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के अवशेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर कार्यदायी संस्था के प्रशासनिक अधिकारी अनिल पुनिया, यूपीडा के सहायक प्रबंधक नरेन्द्र शुक्ला, अडानी ग्रुप से प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मण्डलायुक्त ने संगम क्षेत्र का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज।मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल शनिवार को संगम क्षेत्र का भ्रमणकर दशाश्वमेध घाट, रामघाट तथा अन्य घाटों पर पितृ पक्ष की अमावस्या तिथि पर संगम क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं के द्वारा किए जाने वाले श्राद्धकर्म के दृष्टिगत घाटों पर की गयी व्यवस्थाओं इत्यादि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, शौचालय, चेंजिंग रूम सहित अन्य सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित बनाये रखने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त सांई तेजा व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।तत्पश्चात मण्डलायुक्त ने मेला प्राधिकरण सभागार में बैठक करते हुए माघ मेला हेतु विभागों के द्वारा किए जाने वाले कार्यों की तैयारियों के बारे में विभागवार विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पीडब्लूडी, विद्युत, सिंचाई, स्वास्थ्य, जल निगम तथा मेला प्राधिकरण के द्वारा कराये जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए सभी सम्बंधित विभागों को माघ मेला के दृष्टिगत कराये जाने वाले कार्यों की सभी तैयारियों को समय से प्रारम्भ किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने सिंचाई विभाग, पीडब्लूडी विभाग व अन्य महत्वपूर्ण विभागों को माघ मेला में कराये जाने वाले कार्यों हेतु टेण्डर की कार्यवाही समय से पूर्ण कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या के आधार पर सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यदायी संस्थायें उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की तैयारियां अभी से शुरू कर दें।मण्डलायुक्त ने लेटे हनुमान जी मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए निर्माणाधीन कार्यो को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय में पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में पानी हटने के बाद जमीन के समतलीकरण आदि कार्यों के बारे में अभी से योजना बनाकर समय से समतलीकरण की कार्रवाई कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने मेला क्षेत्र में पानी हटने के बाद साफ-सफाई के कार्य को और तेजी से कराये जाने के लिए कहा है। बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने नगर निगम, पीडब्लूडी एवं प्रयागराज विकास प्राधिकरण के द्वारा महाकुम्भ-2025 में बनायी गयी सड़कों, जिनमें जहां कहीं मरम्मत की आवश्यकता है, उन्हें ठीक कराये जाने के लिए कहा है।बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद प्रसाद ने मण्डलायुक्त को पॉवर प्रेजेंटेशन के माध्यम से माघ मेले में की जाने वाली तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए महाकुम्भ-2025 में कराये गये कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर नगर आयुक्त सांई तेजा, उपजिलाधिकारी विवेक शुक्ला, उपजिलाधिकारी अभिनव पाठक सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं-डीएम मनीष वर्मा

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के दिए निर्देश

समाधान दिवस में कुल 555 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 11 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण

अनिल पाल,
राज्य ब्यूरो प्रमुख, प्रयागराज। शनिवार को
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सोरांव में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया है कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाये। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं को सुनते हुए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कर शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने एवं प्रार्थनापत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत सड़क बनाने या अन्य मांग श्रेणी की हो, तो सम्बंधित अधिकारी प्रकरण पर उचित कार्रवाई करते हुए उसे अपनी कार्ययोजना में सम्मिलित करें। साथ ही साथ उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि शिकायतकर्ता का फीडबैक भी लिया जाये और शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट भी होना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयें हुए वरासत, अवैध कब्जा व अन्य शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने प्रार्थनापत्रों की अलग-अलग सूची बनाकर सम्बंधित को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने चकमार्गो को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए कहा है। उन्होंने विद्युत बिल में अनियमित्ता से सम्बंधित शिकायतों को निस्तारित करने हेतु विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील सोरांव में कुल 555 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें राजस्व विभाग से सम्बंधित 287, विकास विभाग की 58, पुलिस विभाग 123, विद्युत विभाग की 15 व अन्य विभागों से सम्बंधित 72 थी, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों को आज ही प्राप्त करते हुए उनको निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा है कि शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत हो जाना चाहिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, उपजिलाधिकारी सोरांव हीरा लाल सैनी, तहसीलदार राजेश कुमार पाल, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

विद्या मंदिर में स्मार्टगांव प्रतियोगिता के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया पुरस्कृत▪️ ग्रामीण छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की अनूठी पहल- उपप्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश पांडेय▪️ऑनलाइन भाषण प्रतियोगिता में अंश प्रताप सिंह रहे प्रथम, मिला 1500 रूपये का पुरस्कार

लालगंज (रायबरेली)। बरातीलाल गंगाराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लालगंज में शनिवार को ‘स्मार्टगांव’ संस्था द्वारा आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “राष्ट्र के प्रति भारतीयों के अधिकार और कर्तव्य” था, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों ने ऑनलाइन भाषण वीडियो अपलोड कर प्रतिभा दिखाई।
समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना व दीप प्रज्वलन से हुआ। उपप्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश पांडेय ने ‘स्मार्टगांव’ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता ग्रामीण छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी। संस्था के प्रतिनिधि व विद्यालय मीडिया प्रभारी नीरज पांडेय ने बताया कि इसका उद्देश्य ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है। प्रमाण पत्र वितरण के दौरान छात्रों का उत्साह देखने लायक रहा। अंश प्रताप सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पंद्रह सौ रूपये का पुरस्कार जीता। कक्षा 10 की छात्राओं में अर्चिका, मनस्वी व कुशाग्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने उन्हें आत्मविश्वास के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रस्तुति देने का अवसर दिया।प्रतिभागी छात्रों में अभय केसरवानी, सूर्यांश दीक्षित, रुद्र प्रताप सिंह, मनस्वी साहू ,अंश प्रताप सिंह,अर्चिका, अक्षत चौरसिया, अंश त्रिवेदी, आयुष तिवारी, कुशाग्री यादव और नैतिक सिंह भी शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन विज्ञान शिक्षक संजय सिंह और आलोक मिश्रा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

थाना दिवस में कार्यवाहक इंस्पेक्टर ने फरियादियों को भगाया, एसीपी से शिकायत

प्रयागराज के फूलपुर थाने में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। थाना दिवस के दौरान कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक सर्चिंद्र यादव ने एक फरियादी के साथ अभद्र व्यवहार किया।
जानकारी के अनुसार अस्करी रजा जैदी का है, जो सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं । वह वर्तमानमें फूलपुर कस्बे में रहते हैं। उनकी ग्राम रसूलपुर देह माफी में पुश्तैनी जमीन है, जहां उनके पूर्वजों का कब्रिस्तान और इमामबाड़ा
अस्करी रजा अपनी आबादी भूमि पर नया निर्माण कार्य करवा रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने महिला ओं के साथ मिलकर उनके निर्माण कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि जुबेर अहमद और अन्य लोगों ने पिलर गिरा दिए और मारपीट की। इससे अस्करी रजा और उनके परिवार को चोटें आई। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने थाने में शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक की अनुपस्थिति में कार्यवाहक प्रभारी सचिंद्र यादव ने न केवल उनकी शिकायत सुनने से इनकार किया, बल्कि प्रार्थना पत्र को फेंककर उन्हें थाने से भगा दिया। भाजपा के जिला मंत्री रोहित केसरी ने इस मामले को एसीपी फूलपुर के संज्ञान में लाया।एसीपी ने मामले की जांच और विधिक कार्यवाही का आश्वासन दिया है। सूत्रों के अनुसार, पिछले 6 माह से थाने पर तैनात सचिंद्र यादव पर जनता से बदसलूकी और वसूली के आरोप हैं। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। सूत्रों की माने तो निरीक्षक सचिंद्र यादव के मऊ आइमा में तैनाती के दौरान एक विशेष जाति के गोल बंद होने के आरोप में मऊ आइमा से ट्रांसफर हुआ था। और वहीं काम फूलपुर में भी उनके द्वारा किया जा रहा है। सचिंद्र यादव के इस कारनामे की चर्चा आमजन मानस में जोरो पर है।