Home Blog Page 53

प्रमोद कुमार पाल को मिली डीआईजी की पदोन्नति, उच्च अफसरों ने लगाया रैंक बैज

अनिल पाल,
राज्य ब्यूरो-प्रमुख, प्रयागराज। डीआईजी के पद पर पदोन्नति होने पर उच्च अधिकारियों ने रैंक बैज लगाया गया। पुलिस महानिदेशक होमगार्ड्स बी. के. मौर्य एवं संयुक्त महासमादेष्टा होमगार्ड्स संतोष कुमार के द्वारा डीआईजी के पद पर पदोन्नति होने पर डीआईजी प्रमोद कुमार पाल को रैंक बैज धारण किया गया। वहीं नवनियुक्त डीआईजी प्रमोद कुमार पाल ने बताया कि वह अपने कार्यों को सदैव ही सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी से करूंगा। वहीं विभाग के अफसरों ने डीआईजी प्रमोद पाल को बधाईयां दी है।

पूरे लोटाढ़ संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील, आवागमन में भारी फजीहत

पूरे लोटाढ़ संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील, आवागमन में भारी फजीहत

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। बारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पूरे लोटाढ गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग वर्तमान में पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। कौंधियारा मुख्य मार्ग से शुरू होकर पूरे लोटाढ तक जाने वाली इस सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह कई स्थानों पर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे न केवल आमजन को बल्कि विद्यार्थियों और आपातकालीन सेवाओं को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गांव का एकमात्र संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, किसान, महिलाएं और बुजुर्ग आवागमन करते हैं। खास बात यह है कि इसी मार्ग पर एक प्राथमिक विद्यालय भी स्थित है, जहां छोटे-छोटे बच्चे रोजाना इसी जर्जर सड़क से होकर स्कूल जाते हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब कीचड़ और पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सड़क संकरी, मवेशियों की बाधा भी गंभीर समस्या
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क पहले से ही संकरी है, जिससे दो वाहन आमने-सामने आने पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा, रास्ते के किनारे कुछ ग्रामीणों द्वारा मवेशी बांध दिए जाते हैं, जिससे राहगीरों को चलने में और भी कठिनाई होती है। मां गायत्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, पूरे लोटाढ के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने चिंता जताते हुए कहा कि इस मार्ग की बदहाली से क्षेत्र के विकास में बाधा उत्पन्न हो रही है। “छात्रों की शिक्षा, ग्रामीणों की आजीविका और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है,” उन्होंने कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी हो रहा विस्तार, 120 बेड का अस्पताल निर्माणाधीन
इसी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत स्वo उमेद चंद स्मृति चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र की भी स्थापना की जा रही है, जो यमुनापर क्षेत्र का प्रथम 120 बेड का अस्पताल होगा। इस अस्पताल के निर्माण से न केवल पूरे लोटाढ बल्कि आसपास के गांवों के हजारों लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। ऐसे में संपर्क मार्ग का सुधरा होना और भी आवश्यक हो गया है।
ग्रामीणों ने दी चेतावनी, नहीं हुआ सुधार तो करेंगे आंदोलन
ग्रामीणों की एक सुर में मांग है कि इस संपर्क मार्ग का यथाशीघ्र चौड़ीकरण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए। उनका कहना है कि कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस विषय में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।सूत्रों के अनुसार, यदि शीघ्र ही मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि वे आगामी पंचायत चुनावों का बहिष्कार भी कर सकते हैं।
अब प्रशासन पर है जिम्मेदारी
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी प्राथमिकता देता है और कब तक इस मार्ग की मरम्मत एवं चौड़ीकरण कार्य शुरू करता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सरकार और प्रशासन उनकी वर्षों पुरानी मांग को जल्द सुनवाई देंगे और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेंगे।

मंदुरी पहाड़ पर अवैध खनन का खुलेआम खेल,जिम्मेदारों पर उठ रहे सवाल

मंदुरी पहाड़ पर अवैध खनन का खुलेआम खेल,जिम्मेदारों पर उठ रहे सवाल

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर क्षेत्र के थाना लालापुर अंतर्गत मंदुरी पहाड़ पर अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह अवैध खनन लालापुर थाना क्षेत्र के हल्का इंचार्ज की जानकारी में नहीं है, या फिर यह उनकी मिलीभगत से हो रहा है? अगर जानकारी में नहीं है तो यह उनकी घोर लापरवाही और कार्य में उदासीनता को दर्शाता है। वहीं अगर जानकारी में होते हुए भी यह खनन रुक नहीं रहा, तो यह स्पष्ट संकेत है कि इसमें अवैध खनन माफियाओं के साथ पुलिस और जिम्मेदार विभाग के कुछ अधिकारियों की साठगांठ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन के कारण न सिर्फ प्राकृतिक संसाधनों का नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरणीय खतरा भी बढ़ रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की खामोशी कई सवाल खड़े करती है।ग्रामीणों ने शासन- प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी अधिकारी या कर्मचारी इसमें संलिप्त पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात

भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात

गोपीगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ 124वें एपिसोड ‌को भाजपा गोपीगंज मंडल के सभी बूथों पर सुना गया।
जिस क्रम में बूथ संख्या 395 खड़हट्टी मोहाल में बूथ अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल के आवास पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा के नेतृत्व में ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना गया। मन की बात को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई प्रमुख बातों का उल्लेख किया। उन्होंने भारत की उपलब्धियों के बारे में बात की। देश और समाज के विकास में लोगों के योगदान को भी सराहा। पीएम मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत में शुभांशु शुक्ला का जिक्र किया । मन की बात’ कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभांशु शुक्ला का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी को लेकर देश में बहुत चर्चा हुई। पूरा देश गर्व से भर गया। अगस्त 2023 में चंद्रयान-3 की सफलता का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश में एक नया माहौल बना है। विज्ञान और अंतरिक्ष को लेकर बच्चों में एक नई जिज्ञासा भी जागी है। अब छोटे-छोटे बच्चे भी अंतरिक्ष की बात करते हैं। वे अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनने की बात करते हैं।
इसके साथ ‘इंस्पायर मानक’ अभियान,भारत के मराठा किलों को यूनेस्को ने विश्व धरोहर घोषित करने की चर्चा करते हुए खुदीराम बोस और स्वतंत्रता सेनानियों की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने अगस्त को क्रांति का महीना बताते हुए खुदीराम बोस और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि 11 अगस्त 1908 को अंग्रेजों के खिलाफ अपना देश-प्रेम व्यक्त करने की कीमत चुका रहा था। खुदीराम बोस ने सिर्फ 18 साल की उम्र में वो साहस दिखाया, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया। ऐसे ही अनगिनत बलिदानों के बाद, सदियों की तपस्या के बाद, हमें आज़ादी मिली थी। देश के दीवानों ने अपने रक्त से आजादी के आंदोलन को सींचा था।प्रधानमंत्री ने हैंडलूम स्टार्टअप्स के बारे में भी बताया। कहा, “टेक्सटाइल सेक्टर हमारी सांस्कृतिक विविधता की मिसाल है।आज टेक्सटाइल और अपैरल मार्केट बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इस विकास की सबसे सुंदर बात यह है कि गावों की महिलाएं, शहरों के डिजाइनर, बुजुर्ग बुनकर और स्टार्टअप शुरू करने वाले हमारे युवा सब मिलकर इसे आगे बढ़ा रहे हैं। आज भारत में 3000 से ज्यादा टेक्सटाइल स्टार्टअप हैं। कई ने भारत की हैंडलूम पहचान को ग्लोबल पहचान दी है।”
भारत की विविध संस्कृति का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने पर्यावरण संरक्षण में लोकगीतों के योगदान को भी सराहा। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता की सबसे खूबसूरत झलक हमारे लोकगीतों और परंपराओं में मिलती है और इसी का हिस्सा होते हैं हमारे भजन और हमारे कीर्तन।बोले, “ओडिशा में राधाकृष्ण संकीर्तन मंडली के माध्यम से पारंपरिक गीतों के जरिए जंगल की आग से जागरूकता फैलाने का प्रयास हो रहा है।जंगल और पर्यावरण की रक्षा के लिए उन्होंने पारंपरिक गीतों में नए बोल जोड़े,नए संदेश जोड़े। उनकी टोली गांव-गांव गई। ये उदाहरण हमें याद दिलाता है कि हमारी लोक परंपराएं कोई बीते युग की चीज नहीं है, इनमें आज भी समाज को दिशा देने की शक्ति है।”‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम मोदी ने प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण और ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ का भी उल्लेख किया। उन्होने कहा कि इन पांडुलिपियों में विज्ञान, चिकित्सा की पद्धतियां, संगीत और दर्शन हैं, जो मानवता के भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं। कुछ छात्रों ने पांडुलिपियों के आधार पर पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली पर शोध भी शुरू कर दी है। अगर ऐसा प्रयास देशभर में हो तो हमारा पुरातन ज्ञान केवल दीवारों में बंद नहीं रहेगा। वह नई पीढ़ी की चेतना का हिस्सा बन जाएगा।।
124वें एपिसोड की खास बात पक्षियों की गणना में एआई के इस्तेमाल की भी थी। पीएम मोदी ने कहा, “असम के प्रसिद्ध काजीरंगा नेशनल पार्क में एक अनूठा प्रयास हुआ है। काजीरंगा में पहली बार ग्रासलैंड बर्ड सेंसस किया गया। आपको यह जानकर खुशी होगी कि इस गणना में 40 से अधिक पक्षी प्रजातियों की पहचान की गई, जिनमें कई दुर्लभ पक्षी भी शामिल हैं। यह सब संभव हुआ तकनीक की मदद से। टीम ने साउंड रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाए और फिर उन ध्वनियों को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के जरिए कंप्यूटर पर एनालाइज किया गया। इस प्रक्रिया में पक्षियों को बिना परेशान किए, केवल उनकी आवाज से ही पहचान लिया गया। यह उदाहरण दिखाता है कि जब टेक्नोलॉजी और संवेदनशीलता मिलती है, तो प्रकृति को समझना और भी आसान हो जाता है।
ओम प्रकाश साहू नाम के एक युवक ने हिंसा का रास्ता छोड़ा और मछली पालन शुरू किया। हर बार की तरह इस बार भी पीएम मोदी ने ‘आम शख्स की खास’ उपलब्धि साझा की। उन्होंने कहा कि झारखंड का गुमला जिला एक समय माओवादी हिंसा के लिए जाना जाता था। बासिया ब्लॉक के गांव वीरान थे, लेकिन बदलाव की एक बहुत ही शांत और धैर्य से भरी शुरुआत हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘खेलो भारत नीति 2025’ और स्वच्छता अभियान की भी बात की।
स्वच्छता पर बात करते हुए पीएम मोदी ने भोपाल की ‘सकारात्मक सोच’ और लखनऊ की ‘गोमती नदी’ टीमों की प्रशंसा की, जो सफाई अभियान में जुटी हैं। प्रधानमंत्री ने गोवा के पणजी शहर का भी उदाहरण दिया, जिसे ‘राष्ट्रपति पुरस्कार’ भी मिला।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी त्योहारों के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रविवार को हरियाली तीज है, फिर नाग पंचमी और रक्षा-बंधन, फिर जन्माष्टमी, हमारे नटखट कान्हा के जन्म का उत्सव। ये सभी पर्व यहां हमारी भावनाओं से जुड़े हैं; ये हमें प्रकृति से जुड़ाव और संतुलन का भी संदेश देते हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी अग्रवाल,बृजेश गुप्ता,प्रवीण जायसवाल,विनोद मोदनवाल,कमल मोदनवाल, प्रदीप जायसवाल,संजय गुप्ता, बंटी गुप्ता,बीनू गुप्ता,जितेंद्र साहू,बिरजू मोदनवाल,बलराम, बबलू,रवि गोलू आदि पर उपस्थित रहें।
पश्चिम मोहाल मे विरेद्र पांडेय व संतोष चंद मोदनवाल के साथ बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने प्रधान मंत्री के मन की बात को सुना l

प्रदेश सरकार ने अभी तक पेंशन कटौती नहीं किया बंद: डा.पाठक

प्रदेश सरकार ने अभी तक पेंशन कटौती नहीं किया बंद: डा.पाठक

उत्तर प्रदेश पेंशनर कल्याण संस्था भदोही शाखा की बैठक में उठी मांग

ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश पेंशनर कल्याण संस्था भदोही शाखा की मासिक बैठक डॉ. अमरनाथ पांडेय के निवास पर डॉ.लालमणि उपाध्याय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिसमें पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई । दीनानाथ पाठक की सरस्वती वंदना से बैठक प्रारंभ हुई । केएनपीजी कालेज के सेवा निवृत्त प्राचार्य डॉ. अमरनाथ पांडेय ने निराश्रित विधवा बहू को पारिवारिक पेंशन दिए जाने की पुनः जोरदार मांग उठाई तो संरक्षक डॉ राजकुमार पाठक ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों की बेची गई पेंशन की कटौती पन्द्रह वर्ष के बजाय दस वर्ष आठ माह के बाद बन्द करने का आदेश दिया है और इसे प्रादेशिक पेंशनरों पर भी लागू कर तत्काल कटौती बंद करने को कहा है , किन्तु प्रदेश सरकार ने अभी तक कटौती बंद नहीं किया जिससे पेंशनरों को हानि हो रही है ।
जुलाई माह में जिन पेंशनरों का जन्मदिन है उनमें उपस्थित डॉ लालमणि उपाध्याय एवं कर्मराज यादव उपस्थित रहे उन्हें माल्यार्पण कर एवं लड्डू खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके शतायु होने की कामना की गयी ।
अध्यक्षीय उद्बोधन के बाद जिला मंत्री रमा शंकर मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में दयाराम यादव , श्री राम शर्मा,एहशान हैदर ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिया ।

राजमार्ग पर कांवरियों की लड़ी, सावन सोमवार पर करेंगी जलाभिषेक

राजमार्ग पर कांवरियों की लड़ी, सावन सोमवार पर करेंगी जलाभिषेक

काशी पथ पर पुरूष के साथ महिला कांवरियों का तांता

जंगीगंज में गाय का देशी घी वाला शिविर बना राहत का पड़ाव

प्रयाग के संगम से जल उठाकर बाबा विश्वनाथ-सेमराधनाथ का जलाभिषेक

ज्ञानपुर। प्रयाग काशी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवरियों की लड़ी शनिवार से लेकर रविवार तक बरकरार रही। इसमें महिला कांवरियों की तादात काफी अधिक रही। जंगीगंज सरायजगदीश स्थित प्रमुख उद्यमी दान-धर्मवीर निखिलेश मिश्र घियहा का कांवरिया शिविर इन कांवरियों का पहला पड़ाव बन रहा है। सावन सोमवार पर यह सभी महिला कांवरियां परिजनों के साथ जलाभिषेक करेंगी।
राजमार्ग जंगीगंज में दान-धर्मवीर निखिलेश मिश्र घियहा और उनके पुत्र परमधर्मानुरागी पवन कुमार मिश्र डायरेक्टर एमएसए कंस्ट्रक्शन की ओर से डेढ़ दशक से इस कांवरिया शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में कांवरियों का तांता लगा रहता है। भारी संख्या में महिला पुरूष कांवरिये इस स्थान पर अपनी उपस्थिति जता रहे हैं। सावन सोमवार के मद्देनजर यहां कांवरियों के भीड़तंत्र की लगातार दस्तक जारी है।

मेराज आरिफ को प्रदेश सचिव बनाए जाने पर हुआ स्वागत

मेराज आरिफ को प्रदेश सचिव बनाए जाने पर हुआ स्वागत

मऊआइमा (प्रयागराज )मेराज आरिफ को प्रदेश सचिव मनोनीत किए जाने पर पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इम्तियाज समी, जिला सचिव सुभाष यादव, अल्पसंख्यक सभा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वज़ीर ख़ान, महासचिव आसिफ़ अब्बासी, अल्पसंख्यक सभा जिला उपाध्यक्ष सानू वारसी, विनय मौर्या, प्रधान सद्दाम अहमद, विधान सभा उपाध्यक्ष अरविंद लाला, बीडीसी रामभजन यादव, चंदन पासी, सेक्टर प्रभारी नियाज भुट्टो, राजकुमार विश्वकर्मा आदि ने मऊआइमा में फूल माला पहनाकर स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किए।

दशकों से वीरान पड़ा स्वास्थ्य केंद्र खंडहर में तब्दील तलाश रहा भविष्य

दशकों से वीरान पड़ा स्वास्थ्य केंद्र खंडहर में तब्दील तलाश रहा भविष्य

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर विकासखंड शंकरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा भटपुरा में लगभग 10 वर्ष पहले सरकार ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए एक स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया था। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इस अस्पताल में आज तक न तो कोई डॉक्टर बैठा, न कोई मरीज आया और न ही इसका कभी उद्घाटन हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अस्पताल को चलाना ही नहीं था तो यहां भवन बनाने की क्या जरूरत थी? यह सरकारी धन का खुला दुरुपयोग है।वर्तमान स्थिति यह है कि अस्पताल की इमारत खंडहर में तब्दील हो चुकी है। न दरवाजे बचे हैं, न खिड़कियां। जो जंगले लगे थे उन्हें भी उठा ले जाया गया। परिसर में घास-फूस उग आया है और भवन जर्जर हालत में खड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते जनता की सुविधा के लिए बनाए गए इस अस्पताल का कोई उपयोग नहीं हो सका। अब सवाल उठता है कि निर्माण कार्य में शामिल अधिकारी कौन थे? क्या उन्होंने कभी यह सुनिश्चित किया कि अस्पताल शुरू भी होगा? स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की जांच हो और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सके।

पंचायत चुनाव की आहट होते ही प्रधानी पद के दावेदार वोटरों को लुभाने में जुटे

पंचायत चुनाव की आहट होते ही प्रधानी पद के दावेदार वोटरों को लुभाने में जुटे

ग्रामीणों की जुबानी प्रधानों की कहानी, विकास की उम्मीदें और वास्तविकता

प्रयागराज।पंचायत चुनाव की आहट होते ही प्रधानी पद के दावेदार सक्रिय हो गए हैं और वे वोटरों को लुभाने में जुट गए हैं। विभिन्न दावेदार अपने-अपने तरीके से वोटरों को आकर्षित करने और उन्हें अपनी ओर करने के प्रयास कर रहे हैं।दावेदारों द्वारा वोटरों को लुभाने के लिए विभिन्न रणनीतियों का उपयोग किया जा रहा है, जिनमें वादों, घोषणाओं, और प्रत्यक्ष संपर्क शामिल हैं। कुछ दावेदार वोटरों को आकर्षित करने के लिए स्थानीय मुद्दों पर जोर दे रहे हैं, जबकि अन्य अपने विकास के एजेंडे को प्रस्तुत कर रहे हैं,और चुनावी रणनीतियों को अमल में ला रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानों की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण होती है।
ग्रामीणों की जुबानी,प्रधानों की कहानी
एक दिलचस्प और वास्तविक चित्र प्रस्तुत करती है। गांव की गलियों की खाक छानते हुए विद्रोही सामना टीम ने ग्रामीणों से बातचीत की और जाना कि वे अपने प्रधानों के बारे में क्या सोचते हैं। वही ग्रामीणों का कहना था कि प्रधानों से उन्हें विकास की उम्मीदें होती हैं, लेकिन कई बार वास्तविकता अलग होती है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उनके समस्याओं को सुनते हैं, जबकि कुछ अन्य ने कहा कि उनके प्रधान केवल अपने हितों को देखते हैं। इस खबर के माध्यम से हम ग्रामीणों की जुबानी और प्रधानों की कहानी को प्रस्तुत कर रहे हैं, जिससे पता चलता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और नेतृत्व की वास्तविकता क्या है।
कांवड़ियों की सेवा में जुटे प्रधान पद के दावेदार
हमारे टीम का कारवां आगे बढ़ा तो कुछ अलग दृश्य देखने को मिला,होने वाले पंचायत चुनाव की सर गर्मी ने कावड़ यात्रा का जोश हाई कर दिया है। भावी प्रधान पद के दावेदार लगातार कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं। कावड़ यात्रा में कांवड़ियों को भेजने में भी यह लोग बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। प्रधान और प्रधानी के दावेदारों में कावड़ यात्रा भेजने की होड़ से दिखाई दी। कांवड़ियों को जल भरने और मनकामेश्वर धाम लालापुर देवाधिदेव महादेव को जलाभिषेक करने अपने खर्चे पर भेज रहे हैं। पड़ताल करने पर पता चला कि यह प्रधान पद के संभावित उम्मीदवार हैं जो अपने खर्चे पर कावड़ियों को पुण्य लाभ करवा रहे हैं।
पंचायत चुनाव से पहले अजब गजब के दिख रहे रंग
पंचायत चुनाव से पहले अजब गजब के रंग दिख रहे हैं, भावी उम्मीदवार विजय श्री के लिए हर तरीका अपना रहे हैं। कोई भी किसी से पीछे नहीं रहना चाहता। चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई पार्टी कर रहा है कोई आर्थिक मदद को आगे आ रहा है। यही नहीं कुछ भावी उम्मीदवार पवित्र सावन के महीने के नाम पर वोटरों के घरों में फल, मिठाई, नमकीन और खाद्य सामग्री का पैकेट तक पहुंचा रहे हैं। अगर उनके घर में कोई बीमार है तो अपने खर्चे पर अस्पताल तक पहुंचाने और दवाई दिलाने में भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
क्षेत्र के मतदाताओं ने भी भावी प्रत्याशियों को टोपी पहनाने की लगाई जुगत
क्षेत्र के कुछ मतदाताओं ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि किसी एक भावी प्रत्याशी को ही नहीं सभी भावी प्रत्याशियों को हम लोग टोपी पहनाने में लगे हुए हैं। सभी को भरपूर भरोसा देकर सम्मानित भावी प्रत्याशियों से बीमारी के नाम के साथ ही साथ दोस्तों के लिए गरमा गरम मसालेदार के साथ बोतल भी मांगने से परहेज नहीं कर रहे हैं। हाला कि कुछ ग्रामीण वोटरों ने यह भी कहा कि उक्त लॉलीपॉप से हम लोग बदलेंगे नहीं आने वाले वक्त में वोट उसी को करेंगे जो गांव का विकास करने योग्य होगा। ना पहले वाला भारत है ना हम पहले वाले वोटर
बहरवाल यह नजारा कुछ ही गांवों में देखने को मिल रहा है। अब यह तो आने वाला वक्त ही तय करेगा, मगर इन दिनों भावी उम्मीदवार मतदाताओं की खूब खातिरदारी कर रहे हैं। बहरहाल हमारी टीम इन मुद्दों पर नजर रख रही है आने वाले चुनावी समय में देखेंगे की चुनावी प्रक्रिया कैसे आगे बढ़ती है और स्थानीय प्रशासन इस स्थिति पर कैसे प्रतिक्रिया करता है। अगले अंक में फिर विद्रोही सामना टीम गांव के गलियों में भ्रमण कर लोगों के विचारों से मुखातिब होगी। ग्रामीणों की जुबानी प्रधानों की कहानी के अगले अंक को लेकर समाचार पत्र के माध्यम से क्षेत्रीय जनों तक पहुंचाने का भरसक प्रयत्न करेंगे।

सौम्य सरल स्वभाव के धनी खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय का ह्रदय गति रुकने से निधन▪️बीईओ विनोद पाण्डेय का सहज, सहयोगी एवं कर्मठ व्यक्तित्व सदैव रहेगा स्मरणीय – बीएसए संगीता सिंह

सौम्य सरल स्वभाव के धनी खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय का ह्रदय गति रुकने से निधन
▪️बीईओ विनोद पाण्डेय का सहज, सहयोगी एवं कर्मठ व्यक्तित्व सदैव रहेगा स्मरणीय – बीएसए संगीता सिंह

उन्नाव। बड़े गौर से सुन रहा था जमाना तुम्हें, तुम्हीं सो गए दास्तां कहते कहते। बिछड़ा कुछ इस अदा से की रुत ही बदल गई। एक शख्स पूरे जिले के अधिकारियों एवं सहकर्मियों और शिक्षकों को वीरान कर गया। सुबह का मंजर बदल गया, बादलों में घनघोर घटाएं छा गई, मौसम ने भी अपना मिजाज बदल दिया। जब खण्ड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय का हृदयाघात से निधन का समाचार मिला तो सब के गले रूँध गए और आसमां ने भी रो दिया। यह सब कैसे हो गया जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं उनके सहकर्मी और शिक्षक सब लोग बीईओ विनोद पाण्डेय के आवास की ओर भागे। हर दिल अजीज, मिलनसार एवम सौम्य सरल स्वभाव के धनी खंड शिक्षा अधिकारी विनोद पांडेय ने दुनिया को आखिरकार अलविदा कह दिया। पोस्टमार्टम हाउस में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के शिक्षक साथियों की उमड़ी भीड़ ने यह साबित करने के लिए पर्याप्त थी कि वास्तव में वह एक नेक दिल इंसान थे।
बतातें चलें कि जनपद के बिछिया ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय पुत्र स्व. दुर्गा चरन का शनिवार को ह्रदय गति रुकने से निधन हो गया। वह करीब 55 वर्ष थे। खंड शिक्षा अधिकारी के असामयिक मौत से बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं सहकर्मियों और शिक्षक कर्मचारियों में शोक की लहर व्याप्त है। वे अपने पीछे पत्नी रंजना व इकलौती बेटी शिवांगी समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गये। बीईओ विनोद कुमार पाण्डेय के निधन की सूचना पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया।
बतातें चलें कि उन्नाव जनपद के कोतवाली थाना अंतर्गत सिविल लाइंस स्थित बब्बू पाण्डेय के मकान के ऊपरी मंजिल में किराये के आवास में अकेले खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय रहते थे। वह मूल रूप से जालौन जनपद के उठवा गांव के मूल निवासी थे। मौजूदा समय में इटावा शहर की सदर कोतवाली क्षेत्र के विनीत विहार कालोनी में अपना मकान बना कर रहते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को बीईओ विनोद पाण्डेय की मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में ड्यूटी लगी हुई थी। इसलिए उन्होंने चालक को सुबह जल्दी बुलाया था। चालक ने कई फोन मिलाया लेकिन काल रिसीव नहीं हुई। देर होती देख वह ऊपर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बंद था। आवाज देने पर भी नहीं खुला इसपर उसने मकान मालिक को बताया फिर किसी तरह दरवाजा खोलकर वह लोग बाथरूम में पहुंचे तो बीईओ विनोद पाण्डेय अचेत पड़े थे। यह देख विभागीय लोगों को सूचना देकर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके पार्थिव शरीर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की खबर पाकर इटावा से पत्नी रंजना व इकलौती बेटी शिवांगी दोपहर बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंची और शव देखते अचेत हो गई। बीएसए संगीता सिंह व साथ अन्य शिक्षिकाओं ने पोस्टमार्टम हाउस में बिलखती पत्नी रंजना व बेटी शिवांगी और और भाई प्रमोद कुमार पांडेय को ढांढस बंधाया। उनके साले राहुल ने बताया कि वह तीन भाइयों में छोटे थे। उनके केवल एक बेटी शिवांगी है। जो बीटेक कर रही है। नवंबर में उसकी शादी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह ने कहा कि खण्ड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय के चिर निद्रा में लीन होने की खबर से हर कोई स्तब्ध है। उनका सहज, सहयोगी एवं कर्मठ व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर मृत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस अप्रत्याशित दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय के निधन पर बीईओ संजय यादव, बीईओ अखिलेश वर्मा, बीईओ देवेंद्र कुमार, बीईओ मनींद्र कुमार, बीईओ विनय कुमार, बीईओ अनीता शाह, बीईओ शुचि गुप्ता, विभागीय कानपुर मण्डल के चार्टर्ड अकाउंटेंट के सहायक दिलीप कुमार वर्मा, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय मन्त्री एवम जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय व ब्लॉक अध्यक्ष सुमेरपुर विनोद सिंह और संघर्ष समिति सुमेरपुर ब्लॉक अध्यक्ष देश दीपक पाण्डेय, बीईओ विनोद पाण्डेय के बेहद करीबी शिक्षक निखिल बाजपेई, जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण शंकर मिश्रा व प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कनौजिया और वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष वेद नारायण मिश्रा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष भरत चित्रांशी व जिला मन्त्री संकल्प मिश्रा और कोषाध्यक्ष सोनू बाजपेई व धर्मेश श्रीवास्तव, गणेश शंकर गुप्ता सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारी और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारियों, शिक्षामित्र व अनुदेशकों समेत भारी संख्या में लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए नम आँखों से अश्रुपूरित श्रद्धांजलि समर्पित किया।