Home Blog Page 54

महापौर एवं जिलाधिकारी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया नमन

महापौर एवं जिलाधिकारी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया नमन

प्रयागराज।कारगिल विजय दिवस के अवसर पर महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ शनिवार को शहीद चन्द्र शेखर आजाद पार्क में अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि देेते हुए शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं व लोगो के द्वारा बैण्ड की धुन पर वंदे मातरम व राष्ट्रगीतों एवं तिरंगा लहराते हुए कारगिल विजय की गौरवगाथा को याद किया तथा सभी ने मिलकर कारगिल विजय दिवस की खुशी का इजहार किया। लोगो ने जय हिंद, वीर शहीद अमर रहे, भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाकर देशभक्ति भावना से लोगो को भाव विभोर कर दिया।इस अवसर पर महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने शहीद चन्द्रशेखर आजाद को नमन करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में हमारे वीर जवानों ने दुश्मनो को सबक सिखाया था। आज हम अपने बलिदानी शहीदों को याद कर गर्व की अनुभूति कर रहे है। उन्होंने कहा कि कारगिल की बर्फीली चोटियों पर हमारे सैनिकों ने असम्भव को सम्भव कर दिखाया और उन्होंने हमें एकता और साहस का संदेश दिया। हम उनके बलिदानों को कभी नहीं भूलेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके प्रेरणा मिलती रहेगी।इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जनपद प्रयागराज को ऐतिहासिक जनपद बताते हुए कहा कि यहां की भूमि से हमारे कई राष्ट्र निर्माताओं का सम्बन्ध रहा है। आज इस अवसर पर हम सभी अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद जी को नमन करते है तथा कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते है। उन्होंने कहा कि इतिहास में हमारे जो ऐतिहासिक गर्व के पल है, उसके बारे में स्वयं हम जाने और लोगो को अवगत कराया जाये। कारगिल विजय दिवस हमारे इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिवस है। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित बच्चों से कहा कि हो सके तो अपने परिवार के साथ कारगिल जरूर जाये, कहा कि यदि आप वहां जायेंगे, तो आपको एहसास होगा कि कितनी कठिन परिस्थितियों में हमारे देश के जवान हमारे देश की सीमाओं की रक्षा करते है। जो चीजे आप किताबों में पढ़ते है, वहां पर आपको सभी चीजों का भौतिक अनुभव प्राप्त होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि हम सभी अपने प्रत्येक राष्ट्रीय पर्व व त्यौहारों को गौरवपूर्ण ढंग से मनाये।इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी कुंवर पंकज, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह ,रघुनाथ द्विवेदी-अध्यक्ष टैक्सी टैम्पों यूनियन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

आरओ और एआरओ की प्रारंभिक परीक्षा-2023 पर निगरानी के लिए किए गए हैं व्यापक इंतजाम▪️ 27 जुलाई को प्रदेश के 2382 केंद्रों पर होगी आरओ और एआरओ की प्रारंभिक परीक्षा

आरओ और एआरओ की प्रारंभिक परीक्षा-2023 पर निगरानी के लिए किए गए हैं व्यापक इंतजाम
▪️ 27 जुलाई को प्रदेश के 2382 केंद्रों पर होगी आरओ और एआरओ की प्रारंभिक परीक्षा

(यूपीपीएससी) के इतिहास की सबसे बड़ी परीक्षा समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा-2023 पर निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यह परीक्षा 27 जुलाई को प्रदेश के 2382 केंद्रों पर होगी। इससे पूर्व 11 फरवरी 2024 को हुई इसी परीक्षा में पेपर लीक हो गया था और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी। यह परीक्षा अब डेढ़ साल बाद होने जा रही है और इस दौरान परीक्षा की पारदर्शिता व निगरानी के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए।

आरओ/एआरओ परीक्षा पहली बार आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (एआई) की निगरानी में होगी। किसी भी गड़बड़ी की आशंका पर कंट्रोल रूम को सीधे अलर्ट मिल जाएगा और गड़बड़ी को रोका जा सकेगा। परीक्षा कक्ष में अगर कोई अभ्यर्थी उधर-उधर देखना है या धीमे से भी कुछ बोलता है तो एआई तकनीकी मदद से उसे तुरंत चिह्नित कर लिया जाएगा। सिर्फ अभ्यर्थी ही नहीं बल्कि कक्ष निरीक्षकों पर भी एआई की निगरानी होगी ताकि किसी भी तरह से गड़बड़ी की कोई आशंका न रह जाए। आरओ/एआरओ के 411 पदों पर भर्ती के लिए 1076004 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। आयोग को पहली बार इस परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी जिलों में केंद्र बनाने पड़े हैं। प्रयागराज में कुल 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
विज्ञापन

ऐसे काम करेगी एआई तकनीक

परीक्षा के दौरान प्रवेश/निकास द्वार पर किसी भी तरह की हलचल का पता चलने पर अलर्ट
कक्षाओं के अंदर फर्नीचर ठीक से व्यवस्थित न होने पर अलर्ट
कैमरे ऑफलाइन होने या मास्किंग या ब्लैक स्क्रीन द्वारा छेड़छाड़ किये जाने पर अलर्ट
परीक्षा से एक घंटे पहले या बाद में कक्षाओं में किसी भी तरह की हलचल होने पर अलर्ट
यदि अंतरीक्षक निर्धारित समय के बाद भी नहीं हिलता-डुलता/ अंतरीक्षक की गतिविधि में निष्क्रियता पाई जाती है तो अलर्ट
यदि निर्धारित घंटों के दौरान परीक्षा कक्ष में अनुमन्य संख्या से अधिक लोग हैं तो अलर्ट
कक्षा के अंदर भीड़/झगड़े/संघर्ष का पता चलने पर अलर्ट
यदि कक्षा के अंदर मोबाइल फोन पाया जाता है तो अलर्ट
परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों द्वारा आपस में बातचीत करने पर अलर्ट
अपनी सीट से 10 मिनट से अधिक समय तक अनुपस्थित रहने की दशा में अलर्ट
अभ्यर्थियों द्वारा एक से अधिक बार पीछे मुड़ कर देखने पर अलर्ट

पहली बार हर केंद्र पर दो मजिस्ट्रेट

समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा-2023 में पहली बार हर परीक्षा केंद्र में दो मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी जिनमें से एक सेक्टर व दूसरे स्टैटिक मजिस्ट्रेट होंगे। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने 27 जुलाई को होने जा रही इस परीक्षा के लिए फुलप्रूफ निगरानी की व्यवस्था की है। आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा के लिए पहली बार प्रदेश के सभी 75 जिलों में 2382 केंद्र बनाए गए हैं जिनमें 106 केंद्र प्रयागराज के हैं। आरओ/एआरओ के 411 पदों के लिए 1076004 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं जिनमें से 46032 अभ्यर्थी प्रयागराज के केंद्रों में परीक्षा देंगे। आयोग की किसी भी परीक्षा में ऐसा पहली बार होगा कि हर केंद्र पर एक सेक्टर व एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी।

सेक्टर मजिस्ट्रेट कोषागार से प्रश्न पुस्तिकाओं का गोपनीय ट्रंक प्राप्त करेंगे और संबंधित परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति व लाइव सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में स्टैटिक मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराएंगे और अपनी देखरेख में प्रश्न पुस्तिकाओं को गोपनीय ट्रंक खुलवाएंगे, प्रश्न पत्र बंटवाएंगे और अवशेष प्रश्न पत्रों को अपने सामने सील कराएंगे। परीक्षा के बाद गोपनीय बंडल स्टैटिक मजिस्ट्रेट से प्राप्त कर लोक सेवा आयोग में बने काउंटर पर जमा कराने तक की संपूर्ण जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट की ही होगी। वहीं, स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पहले परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से लेकर परीक्षा की समाप्ति तक केंद्र पर सजग व सतत रूप से भ्रमणशील रहना होगा।

आरओ/एआरओ अभ्यर्थियों के लिए चलेगी आठ कोच की मेमू

27 जुलाई को आरओ/एआरओ (समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी) की भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रेलवे आठ कोच की मेमू ट्रेन का संचालन बनारस से प्रयागराज जंक्शन होते हुए कानपुर तक करेगा।

गाड़ी संख्या 05187 बनारस से 26 जुलाई की शाम 6.00 बजे रवाना होकर रात 8.32 बजे प्रयागराज रामबाग, 8.52 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं रात 11.40 बजे कानपुर पहुंचेगी। दूसरी ओर यूपी रोडवेज द्वारा ऑन डिमांड अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि जिस रूट पर बसों की मांग होगी, उसी रूट पर अतिरिक्त बस चलाई जाएगी।

परीक्षा के लिए रोडवेज आज चलाएगा ऑन डिमांड बसें

समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा के लिए रोडवेज रविवार को ऑन डिमांड बसें चलाएगा। परीक्षा से पहले शनिवार को काफी संख्या में अभ्यर्थी दूसरे जिलों के लिए रवाना हुए। ऐसे में सिविल लाइंस बस अड्डे के साथ प्रयागराज जंक्शन और संगम रेलवे स्टेशन पर भी शाम से परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से यह परीक्षा प्रदेश के सभी जिलों में होगी।

प्रयागराज में 46 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, हालांकि यह सभी दूसरे जिलों के हैं। वहीं, रविवार को प्रयागराज से फतेहपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, वाराणसी, भदोही और कानपुर रूट पर जाने वाले परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा हो सकती है, इसलिए रोडवेज का इस रूट पर विशेष फोकस रहेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया, अतिरिक्त बसों का भी इंतजाम किया गया है। रीजन में तकरीबन 700 बसें हैं। रूटीन सेवा के अतिरिक्त ऑन डिमांड बसें चलेंगी।

पहली बार एक सत्र में होगी परीक्षा

आरओ/एआरओ परीक्षा पहली बार एक सत्र में सुबह 9:30 से अपराह्न 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा दो सत्रों में होती थी। पहले सत्र में सामान्य अध्ययन की परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के 140 सवालों को हल करने के लिए दो घंटे का वक्त मिलता था और दूसरे सत्र में एक घंटे की परीक्षा में सामान्य हिंदी के वस्तुनिष्ठ प्रकार के 60 प्रश्न हल करने पड़ते थे। अब नए प्रश्न पत्र का नाम ‘सामान्य अध्ययन एवं सामान्य हिंदी (सामान्य शब्द ज्ञान एवं व्याकरण)’ होगा और इसमें भी वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। पेपर में कुल 200 प्रश्न होंगे जिनमें 140 प्रश्न सामान्य अध्ययन और 60 प्रश्न सामान्य हिंदी के होंगे। प्रश्नपत्र 200 अंकों का होगा और प्रत्येक प्रश्न के लिए एक अंक निर्धारित होगा। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए तीन घंटे का वक्त मिलेगा।

यूपी विधानसभा का मानसून सत्र 11 अगस्त से, इन मुद्दों पर योगी सरकार को घेर सकता है विपक्ष

लखनऊ।अगले अगस्त महीने से यूपी विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने वाला है। सरकार को घेरने के लिए विपक्ष ने पूरी तैयारी कर ली है। इसमें स्कूल विलय प्रमुख मुद्दा होगा। इसके अलावा बेरोजगारी और महंगाई भी अहम मुद्दे हैं।उत्तर प्रदेश में आगामी महीने से शुरू होने वाला विधानसभा सत्र इस बार काफी हंगामेदार रहने वाला है। विपक्षी दल खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, योगी सरकार को स्कूल मर्जर, कानून व्यवस्था, ट्रांसफर-पोस्टिंग विवाद और पंचायत चुनाव 2026 जैसे अहम मुद्दों पर घेरने की तैयारी में हैं।उत्तर प्रदेश विधान मंडल (विधान सभा और विधान परिषद) का 2025 का मानसून सत्र आगामी 11 अगस्त से शुरू होगा। एक आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, यह सत्र सोमवार, 11 अगस्त को पूर्वाह्न 11:00 बजे विधानसभा भवन में आहुत किया जाएगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा इस सत्र को बुलाया गया है। अधिसूचना उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे द्वारा जारी की गई है।

बता दें कि इससे पहले विधानसभा का पिछला सत्र 18 फरवरी से 5 मार्च 2025 तक आयोजित हुआ था। आगामी सत्र में भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। विपक्षी दलों की रणनीति साफ है कि योगी सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए स्कूलों के विलय (मर्जर) जैसे निर्णयों पर सरकार को घेरना। इसके अलावा राज्य की कानून-व्यवस्था, किसान-नौजवान, बेरोजगारी, महंगाई, अधिकारियों के तबादलों में अनियमितताओं और पंचायत चुनावों की तैयारियों पर भी विपक्ष सवाल उठा सकता है।वहीं, जानकारों की मानें तो यह सत्र आगामी यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिहाज से भी बेहद अहम माना जाएगा। ऐसे में विपक्ष अपनी सियासी धार तेज करेगा, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था में सुधार की बातों को प्रमुखता से रखेगी।

खड़ी ट्रक में पीछे से भिड़ी मिनी ट्रक,चालक की मौत खलासी घायल

खड़ी ट्रक में पीछे से भिड़ी मिनी ट्रक,चालक की मौत खलासी घायल। उतराव । प्रयागराज के उतराव थाना क्षेत्र के महरूपुर नेशनल हाईवे पर एक खड़ी ट्रक में हाथरस से कोलकाता के लिए जा रहा मिनी ट्रक आईसर पीछे से भिड़ गया।जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वही खलासी गंभीर उसे घायल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हाथरस जिले से आम लाद कर कोलकाता के लिए जा रही मिनी ट्रक आईसर जैसे ही प्रयागराज के महरुपुर थाना उतराव नेशनल हाईवे के पास पहुंचा ही था कि अचानक आगे एक ट्रक खड़ा हुआ था। वही तेज रफ्तार मिनी ट्रक पीछे से खड़ी ट्रक में जा भिड़ा। जिसमें चालक घंटों अंदर ही फंसा रहा।वहीं सूचना पर पहुंची पीआरबी मोटरसाइकिल में नियुक्त ज्योति स्वरूप व एचजी सतीश सिंह काफी देर मशक्कत के बाद फौरन क्रेन की मदद से लगभग दो घंटे के बाद ट्रक की बॉडी में फंसे चालक को निकाला। वही खलासी घायल रहा। पुलिस ने फौरन घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए एक निजी अस्पताल भर्ती कराया। लेकिन चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं खड़ी ट्रक चालक अंधेरा का फायदा उठाकर फरार हो गया। चालक की पहचान हरदेव सिंह पुत्र कल्याण सिंह निवासी सिकंदरा राव महामाया जिला हाथरस व खलासी मुकेश पुत्र उदल सिंह सिकंदरा जिला हाथरस के निवासी बताए गए। वहीं चालक की मौत से अस्पताल में घायल खलासी की रो-रो कर बुरा हाल है। घटना लगभग सुबह तड़के 2:00 बजे की है।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जल निकासी के लिए खुदाई करते समय एक मज़दूर के फावड़े से सोने के 11 प्राचीन सिक्के निकले, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उन्हें जब्त किया।

उत्तर प्रदेश।अलीगढ़ के एक गाँव में पाइपलाइन खोदते समय एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम में, उस समय हड़कंप मच गया जब एक मज़दूर का फावड़ा ज़मीन में दबे सोने के सिक्कों से भरे एक थैले पर जा लगा। स्थानीय अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा और मामले की जाँच शुरू कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि जब प्राचीन सिक्के मिले, तब ग्रामीण जल निकासी के लिए खुदाई कर रहे थे। इन बहुमूल्य कलाकृतियों के अचानक प्रकट होने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अधिकारियों द्वारा स्थिति का आकलन करने के लिए आगे का काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इन सोने के सिक्कों की उत्पत्ति और ऐतिहासिक महत्व का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन इनकी खोज ने इस शांत गाँव में निश्चित रूप से एक अप्रत्याशित मोड़ ला दिया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सर्वम सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रातक्वार्सी थाना पुलिस को सिक्कों की बरामदगी की सूचना मिली। तुरंत एक टीम भेजी गई और सभी ग्यारह सिक्के मौके से बरामद कर लिए गए। उन्‍होंने कहा कि बाद में सिक्कों को एक आभूषण की दुकान में भेजा गया, जहां पुष्टि हुई कि वे सोने के बने हैं। पुलिस ने बताया कि अभी जांच जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही यह खबर फैली, भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ लोगों ने कथित तौर पर सिक्के छीनने की कोशिश की लेकिन आसपास के लोगों और स्थानीय पुलिस के समय पर हस्तक्षेप से कोई गड़बड़ी नहीं हुई। पुलिस के अनुसार सिक्कों को जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गयासोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में सिक्कों में फारसी लिपि में कुछ लिखा दिखाई दे रहा है जो इनके प्राचीन होने का संकेत देते हैं। पुलिस ने कहा किअभी तक कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है और विशेषज्ञों की रिपोर्ट का इंतज़ार है।अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सिक्कों को उनकी उत्पत्ति और ऐतिहासिक महत्व का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की जाँच के लिए सौंप दिया गया है। हालाँकि सटीक समयावधि अभी तक निर्धारित नहीं की गई है, लेकिन ऑनलाइन साझा किए गए प्रारंभिक चित्रों से पता चलता है कि सिक्कों पर फ़ारसी शिलालेख हैं, जो संभावित ऐतिहासिक मूल्य का संकेत देते हैं।पुलिस ने बताया कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचने से पहले विशेषज्ञों द्वारा आगे के मूल्यांकन की प्रतीक्षा है।

रोहिणी में दिल्ली पुलिस की महिला एस आई ने की खुदकुशी

रोहिणी में दिल्ली पुलिस की महिला एस आई ने की खुदकुशी

दिल्ली पुलिस की 29 वर्षीय उप निरीक्षक ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी इलाके में स्थित अपने घर पर कथित तौर पर फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान बाहरी दिल्ली के अमन विहार थाने में तैनात 2021 बैच की उप निरीक्षक सविता (29) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह रोहिणी के सेक्टर-11 स्थित अपने घर में फंदे से लटकी मिली।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) हरेश्वर स्वामी ने बताया, ‘‘घटना की सूचना शुक्रवार दोपहर सेक्टर-11 इलाके से मिली। हरियाणा के झज्जर जिले के छारा गांव की रहने वाली महिला पुलिसकर्मी रोहिणी में तीसरी मंजिल में एक फ्लैट में रहती थी।’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुये परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

आपको बता दें कि इससे पहले भी दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों द्वारा आत्महत्या करने की खबरें आययी है। पूर्वी दिल्ली के जीडी कॉलोनी इलाके में 19 मई 2025 सुबह कथित मानसिक तनाव के कारण दिल्ली पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) की संदिग्ध आत्महत्या से मौत हो गई। मृतक की पहचान उस्मानपुर थाने में तैनात ललित सिरोही के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सिरोही अपने परिवार के साथ फ्लैट नंबर 21 में किराए पर रहते थे। अधिकारियों के अनुसार, सिरोही की पत्नी सोमवार सुबह करीब 8 बजे अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने सिरोही को कमरे में खून से लथपथ पाया और पास में ही उनकी सरकारी पिस्तौल भी पड़ी थी। उन्होंने बताया कि परिवार उन्हें तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

संविधान से ‘समाजवाद’ और ‘धर्मनिरपेक्षता’ शब्द हटाने पर क्या है केंद्र का रुख? सरकार ने सदन में दिया जवाब

भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना से ‘समाजवाद’ और ‘धर्मनिरपेक्षता’ शब्दों को हटाने की उसकी कोई योजना नहीं है। आपातकाल के दौरान प्रस्तावना में इन दो शब्दों को शामिल किए जाने की समीक्षा की हालिया माँगों पर ध्यान दिलाते हुए, केंद्र ने कहा कि सरकार द्वारा कोई औपचारिक निर्णय या प्रस्ताव की घोषणा नहीं की गई है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में बताया, “सरकार का आधिकारिक रुख यह है कि संविधान की प्रस्तावना से ‘समाजवाद’ और ‘धर्मनिरपेक्षता’ शब्दों पर पुनर्विचार करने या उन्हें हटाने की कोई योजना या इरादा नहीं है। मेघवाल ने आगे कहा कि प्रस्तावना में संशोधन के संबंध में किसी भी चर्चा के लिए गहन विचार-विमर्श और व्यापक सहमति की आवश्यकता होगी, लेकिन अभी तक, सरकार ने इन प्रावधानों को बदलने के लिए कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरू नहीं की है। कुछ सामाजिक संगठनों द्वारा छेड़े गए विमर्श पर टिप्पणी करते हुए, मेघवाल ने कहा कि कुछ समूह अपनी राय व्यक्त कर रहे होंगे या विशिष्ट शब्दों के पुनर्मूल्यांकन की मांग कर रहे होंगे। उन्होंने कहा, “ऐसी गतिविधियाँ मुद्दे पर सार्वजनिक विमर्श या माहौल बना सकती हैं, लेकिन यह ज़रूरी नहीं कि सरकार के आधिकारिक रुख या कार्यों को प्रतिबिंबित करे।मेघवाल ने बताया कि नवंबर 2024 में, उच्चतम न्यायालय ने 1976 के संशोधन (42वां संविधान संशोधन) को चुनौती देने वाली याचिकाओं को यह उल्लेख करते हुए खारिज कर दिया था कि संविधान में संशोधन करने की संसद की शक्ति प्रस्तावना तक विस्तारित है। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि भारतीय संदर्भ में ‘समाजवादी’ एक कल्याणकारी राज्य (शासन) को व्यक्त करता है और निजी क्षेत्र के विकास में बाधा नहीं डालता है वहीं ‘पंथनिरपेक्ष’ संविधान के मूल ढांचे का अभिन्न हिस्सा है।

अघोषित बिजली कटौती से नाराज लोगों ने विद्युत उपकेंद्र भींटा का घेराव कर किया विरोध प्रदर्शन

अघोषित बिजली कटौती से नाराज लोगों ने विद्युत उपकेंद्र भींटा का घेराव कर किया विरोध प्रदर्शन

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विद्युत उपकेंद्र भींटा का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने बिजली आपूर्ति बाधित कर विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले एक माह से घूरपुर क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। गर्मी से त्रस्त ग्रामीणों ने घूरपुर थाने में लिखित सूचना देने के बाद उपकेंद्र पहुंचकर पावर हाउस की घेराबंदी की। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी चेतन पटेल ने कहा कि बिजली न होने से किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं, व्यापारी संतोष मोदनवाल ने बताया कि अघोषित कटौती से व्यवसाय चौपट हो गया है, जिससे व्यापारी वर्ग में भारी रोष है।समाजसेवी आर्य महेंद्र ने कहा कि भीषण गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग, मरीज, छात्र और गृहिणियां बेहाल हैं। यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं सुधरी तो लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। लोगों ने मांग की कि घूरपुर की बिजली व्यवस्था को मामा-भांजा रीवा रोड लाइन से तत्काल जोड़ा जाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता मोहम्मद ज़फ़र ने कहा कि बिजली और पानी की किल्लत ने लोगों को सड़क पर रात गुजारने को मजबूर कर दिया है। वहीं शमशेर अहमद ने विद्युत कर्मियों पर मनमाने रवैये और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राजू तिवारी, सुबोध कुमार जायसवाल, दिनेश कुमार, सोम कुमार केसरवानी, विमल कुशवाहा, मनीष कुमार केशरवानी,प्रताप बहादुर सिंह, लालचंद्र पटेल, रामबाबू, मो. कमर, रिज़वान अहमद समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

फाइनेंस कर्मी को तमंचा सटाकर बदमाशों ने लूटे हजारों रूपए, मचा हड़कंप

फाइनेंस कर्मी को तमंचा सटाकर बदमाशों ने लूटे हजारों रूपए, मचा हड़कंप

-नवाबगंज दुबरा जगदीशपुर गांव के समीप की है घटना,

विद्रोही सामना-संवाददाता,
नवाबगंज (प्रयागराज)। इलाके के दुबरा जगदीशपुर गांव के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा तमंचा सटाकर फाइनेंस कर्मी से हजारों रूपए लूट घटना को अंजाम देते हुए भाग निकले। लूट की खबर पर पुलिस मामले की तहकीकात करने में जुटी रही। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी।
भदोही चंदौली निवासी शुभम तिवारी फाफामऊ स्थित स्पन्दना स्फूर्ति फाइनेंस कंपनी का पैसा वसूलने का कार्य करता है। शुक्रवार की सुबह वह फरीदपुर से वसूली पर दासापुर के लिए निकला था। जैसे ही वह बाइक से दुबरा जगदीशपुर गांव के पास पहुंचा कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। जिसके बाद बाइक सवार बदमाशों द्वारा तमंचा सटाकर फाइनेंस कर्मी से 16.7 हजार रुपए लूट कर फरार हो गए। वहीं लूट घटना की खबर पर लोगों की भीड़ जुट गई। उधर सूचना पाकर आनन-फानन नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंचकर बाईक सवार बदमाशों का तलाश में जुट गई है। हालांकि पुलिस मामले की तहरीर पर केस नहीं दर्ज की है।

विवाहिता की अबूझ हाल में मौत, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया

विवाहिता की अबूझ हाल में मौत, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया

पति सहित छह पर दहेज हत्या का आरोप

गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के धनापुर उत्तरी था अंजली का मायका

भदोही। शिवपुर अंतर्गत चमाव पश्चिमपुर गांव में एक विवाहिता की अबूझ हाल में मौत हो गयी। विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका अंजली मिश्रा (32 वर्ष) मूल रूप से धनापुर, गोपीगंज (भदोही) की निवासी थी। अंजली के परिजनों ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, अंजली मिश्रा की शादी वर्ष 2020 में आशीष मिश्रा, निवासी चमाव पश्चिमपुर, से हुई थी। आशीष पेशे से एक होटल में एक्जीक्यूटिव शेफ हैं। चार दिन पहले दोनों के बीच घरेलू विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत शिवपुर थाने में भी दर्ज कराई गई थी।
सोमवार रात जब आशीष घर पहुंचे तो गेट का चैनल अंदर से बंद था। उन्होंने वाहन का हार्न बजाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर उन्होंने दूसरी चाबी से चैनल खोला और कमरे में जाकर देखा तो अंजली पंखे की कुंडी से फंदे पर लटकी हुई थी। कमरे में उनके दो छोटे बच्चे—तीन वर्षीय बेटी और दो माह का बेटा—मौजूद थे। मंगलवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अंजली के भाई विवेक पांडेय की तहरीर पर पति आशीष मिश्रा समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। शिवपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।