Home Blog Page 55

कुएं का दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण, स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा

कुएं का दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण, स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। यूपी में अगले साल पंचायत चुनाव होने हैं, सभी दावेदारों का अब हर चौखट आना जाना शुरू हो जाएगा। तमाम दावे और तमाम लुभावने वादे भी किए जाएंगे, लेकिन हकीकत में यह वादे किताबी ही साबित होते हैं। क्योंकि इससे ज्यादा अफसोस की बात और क्या हो सकती है कि देश की जनता को मूलभूत जरूरत भी पूरी नहीं हो पा रही है। लोगों को बुनियादी जरूरत यानि पीने के पानी तक के लिए भटकना पड़ता है।जनपद के यमुनानगर विकासखंड शंकरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बेमरा के मजरा गोरखा में एक गंभीर और चिंताजनक मुद्दा सामने आया है। जिसमें ग्रामीण कुएं के दूषित पानी को पीने को मजबूर हैं। इस दूषित पानी के सेवन से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर बहुत ही खराब असर पड़ सकता है और उन्हें विभिन्न बीमारियों का खतरा हो सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की कोई अन्य व्यवस्था नहीं है, जिससे वे कुएं के दूषित पानी को पीने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों ने इस मामले में स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से हस्तक्षेप करने और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि जिम्मेदार अधिकारियों व ग्राम प्रधान से इस कुएं को साफ करवाने के लिए कई बार कहा गया मगर किसी का भी ध्यान इस ओर नहीं गया। इस मुद्दे पर ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था हो सके और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

दबंग ने बंद किया आम रास्ता ग्रामीणों में आक्रोश

दबंग ने बंद किया आम रास्ता ग्रामीणों में आक्रोश

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर शंकरगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेमरा मजरा गोरखा में दबंग ने आम रास्ते को ही बंद कर मकान खड़ा कर दिया है। जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इसके बाद दर्जनों ग्रामीणों ने शंकरगढ़ थाने में लिखित शिकायत कर रास्ता खुलवाने तथा समस्या के स्थाई समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि मोहल्ले के बंशी लाल पुत्र स्वर्गीय राम गरीब ने अवैध तरीके से सरकारी रास्ते में दीवार उठा कर टीना चढ़ा लिया। रास्ते को पाट कर ऊंचा कर दिया जिससे बरसात का पूरा पानी मोहल्लावासियों के घर में घुस रहा है। बताया गया कि 2 वर्ष पहले बंशीलाल ने मोहल्ला वासियों से बोला था कि 15 दिन का समय दो हम सरकारी रास्ते से अपना कब्जा हटा लेंगे लेकिन उसने अपना अवैध कब्जा नहीं हटाकर सरकारी रास्ते में दीवार और टीनशेड खड़ा कर दिया। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है और उनके दैनिक जीवन पर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते की बंद होने से उन्हें अपने आवश्यक कार्यों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय निवासियों ने इस मामले में स्थानीय प्रशासन से हस्तक्षेप करने और दबंग व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि विरोध के बावजूद भी दबंग ने आम रास्ते पर मकान बनाकर खड़ा कर दिया है। वर्षों से हम लोग ग्राम प्रधान से न्याय की गुहार लगाते लगाते थक गए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब उच्च अधिकारियों की चौखट पर दस्तक देंगे। राज्य सरकार सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ गंभीर है लेकिन क्षेत्र के जिम्मेदार इस मामले में कार्यवाही के नाम पर ढुलमुल रवैया अपना रहे हैं।

ग्राम चौपाल में नदारत रहे अधिकारी,पंचायत सचिवालय में लटका मिला ताला

ग्राम चौपाल में नदारत रहे अधिकारी,पंचायत सचिवालय में लटका मिला ताला

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। गांव में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराने के अफसरों के दावे शुक्रवार को पड़ताल के दौरान हवा हवाई दिखे। गांव की समस्या को गांव में निस्तारण के लिए शासन ने ग्राम चौपाल आयोजन करने का आदेश और निर्देश दे रखा है। ग्राम चौपाल एक ऐसा मंच है जहां सरकारी अधिकारी ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद करते हैं, उनकी समस्याओं को सुनते हैं, और उनका समाधान करने का प्रयास करते हैं। यह पहल सरकार और जनता के बीच एक सेतु का काम करती है। बता दें कि जनपद के यमुनानगर विकासखंड शंकरगढ़ क्षेत्र में आयोजित ग्राम चौपाल में अधिकारियों की अनुपस्थिति ने एक बार फिर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की पोल खोल दी है। बता दें कि गोंइसरा ग्राम पंचायत में तैनात रहे सचिव गौरी शंकर का हाल ही में तबादला होने की वजह से अभी तक नवीन सचिव की तैनाती नहीं हो सकी है। शुक्रवार को आयोजित इस ग्राम चौपाल की जिम्मेदारी लघु सिंचाई विभाग के जेई एमआई कृष्ण कुमार को दी गई थी, लेकिन वे समय पर नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामवासियों में आक्रोश है।
मामले की हकीकत
मीडिया टीम ने जब गोइसरा पंचायत सचिवालय का दौरा किया, तो वहां के पंचायत भवन का नजारा देखकर हैरानी हुई। 10 बजे से 02 बजे तक आयोजित होने वाले ग्राम चौपाल में 11:31 बजे तक भी पंचायत भवन का ताला बंद था, जिससे साफ जाहिर होता है कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर कितने गंभीर हैं।
जेई एमआई कृष्ण कुमार का बयान
जब इस विषय पर जेई एमआई कृष्ण कुमार से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उनके कार्य क्षेत्र से हटकर उन्हें ग्राम चौपाल में ड्यूटी दे दी गई है, जबकि वहीं विकासखंड में पहले से कई सचिव मौजूद हैं। आगे उन्होंने कहा कि फिर भी वह जाकर अपना फोटो खिंचाने का कोरम पूरा कर लेते हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर कितने गंभीर हैं और उनका फोकस सिर्फ कागजी कार्रवाई पर है। सूत्रों की माने तो जेई एमआई कृष्ण कुमार पर पहले भी भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। उन पर ब्लास्टिंग कूप में भी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगता रहा है। इससे पहले भी शंकरगढ़ में भ्रष्टाचार की कई खबरें सामने आ चुकी हैं। अब सवाल यह उठता है कि खंड विकास अधिकारी के निर्देशों के बाद भी ऐसे भ्रष्ट और लापरवाह अधिकारियों पर क्यों नहीं दिख रहा असर? आखिर साफ-सुथरी और तेजतर्रार खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार के निर्देशों के बाद भी क्यों नहीं हो रही कार्रवाई? इससे साफ जाहिर होता है कि खंड विकास अधिकारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। अब देखना यह होगा कि शंकरगढ़ विकासखंड क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है। क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और क्या ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली में सुधार होगा? यह तो समय ही बताएगा, लेकिन इतना तय है कि क्षेत्र के विकास के लिए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना बेहद जरूरी है।

हमें चाहिए पाठशाला, नहीं चाहिए मधुशाला सपा महिला सभा का कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन

हमें चाहिए पाठशाला, नहीं चाहिए मधुशाला सपा महिला सभा का कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन

हजारों परिषदीय स्कूलों को बंद करने का सपा ने किया विरोध

प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज से रोके सरकार

भदोही। समाजवादी महिला सभा ने गुरूवार को हजारों परिषदीय स्कूलों को बंद करने का विरोध किया है। कहा कि यह रसोईयों की बेरोजगारी का कारण बनेगा। इसे लेकर महिला सभा ने कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान हमें चाहिए पाठशाला, नहीं चाहिए मधुशाला का नारा भी गूंजा।
धरना प्रदर्शन में सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष सरिता बिंद ने कहा सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के मर्ज की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। सभी रसोइयों को पुनः बहाल किया जाए, उन्हें सम्मानजनक मानदेय, नियमित नियुक्ति तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाए। आरटीई कानून के अनुसार प्रत्येक बस्ती में एक किमी की परिधि में प्राथमिक विद्यालय और तीन किमी के दायरे में उच्च प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्था पुनः सुनिश्चित की जाए।समाजवादी महिला सभा मांग किया हैं कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम द्वारा जो मुलभूत सुविधाएं गरीब, पिछड़े नौनिहालो को मिलनी चाहिए उससे उनको वँचित न किया जाय।शिक्षा का प्रसार समाज के निचले स्तर तक मिलता रहे। इस
मौके पर सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामला सरोज, पूर्व प्रमुख सुनीता यादव,रन्नो देवी, हिरावती देवी मीरा देवी पूजा देवी, आरती देवी, संगीता देवी नितु देवी आदि तमाम महिलाए शामिल रहे।

मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने संबंधित को दिए सख्त हिदायत

मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने संबंधित को दिए सख्त हिदायत

जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही क्षम्य नहीं-मंडलायुक्त

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज।मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत गुरूवार को ऑनलाइन माध्यम से आईजीआरएस, एवं योजनाओं के क्रियान्वयन के प्रगति की मण्डलीय समीक्षा करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा है कि लापरवाही करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। आईजीआरएस की समीक्षा में अत्यधिक संख्या में फीडबैक की रिपोर्ट खराब पाये जाने एवं कार्यों में लापरवाही पाये जाने पर उप निदेशक पंचायत एवं अधीक्षण अभियंता जल निगम ग्रामीण को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही साथ यह भी हिदायत दी है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाये जाने पर वेतन अवरूद्ध किए जाने सहित अन्य कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। अधीक्षण अभियंता जल निगम के द्वारा फूलपुर के सैदाबाद में पाइपलाइन के लीकेज को ठीक न कराने एवं हण्डिया में नई पाइप लाइन बिछाये जाने से सम्बंधित कार्यों में लापरवाही पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लीकेज ठीक न होने तक वेतन आहरण पर रोक लगाये जाने का निर्देश दिया है। मण्डलायुक्त ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को जनशिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने एवं शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिए जाने के लिए निर्देशित किया है।मण्डलायुक्त ने राजस्व वादों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए कहा कि तीन वर्ष एवं पांच वर्ष से अधिक लम्बित वादों का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने धारा-34, 35 से सम्बंधित प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा में अनिवार्य रूप से निस्तारित किए जाने का निर्देश दिया है। कहा कि मुकदमों का निस्तारण मेरिट के आधार पर किया जाये।
बैठक में मण्डलायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जांच के अभाव में लोगो को हाइपरटेंशन व डायबिटीज की बीमारी के बारे में जानकारी नहीं प्राप्त हो पाती है। अतः वेल्नेस सेंटर पर नियुक्त सीएचओ के माध्यम से 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगो का हाइपरटेंशन व डायबिटीज की जांच सुनिश्चित करा ली जाये। उन्होंने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को डायबिटीज एवं बीपी की जांच हेतु सीएचओ के लिए लक्ष्य निर्धारित किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम जांच करने वाले सीएचओ के प्रोत्साहन राशि के भुगतान को रोकने के लिए कहा है। संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने सभी गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन कराने एवं रजिस्ट्रेशन के सापेक्ष शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश दिय है। जनपद प्रयागराज के कोरांव, माण्डा एवं फतेहपुर के हथिगांव में होम डिलिवरी होने का तथ्य संज्ञान में आने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मण्डलायुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी प्रयागराज एवं मुख्य चिकित्साधिकारी फतेहपुर से होम डिलिवरी होने का कारण सहित विस्तृत रिपोर्ट 28 जुलाई तक प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।टीकाकरण के कार्यों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बच्चों का हेपेटाइटस बी, डिप्थीरिया मीजल्स एवं रूबेला से बचाव हेतु टीकाकरण कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर अधिक संख्या में सिजेरियन ऑपरेशन किये जाने के निर्देश दिए है साथ ही साथ उन्होंने सिजेरियन ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों की कार्यशैली पर निगरानी किए जाने का भी निर्देश दिया है, जिससे कि अधिक से अधिक संख्या में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराया जा सके। आशाओं के भुगतान की समीक्षा में बहरिया, हण्डिया, भगवतपुर सहित अन्य ब्लाकों में आशाओं के भुगतान की प्रगति खराब पाये जाने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए 80 प्रतिशत से कम आशाओं के भुगतान पाये जाने पर सम्बंधित ब्लॉक लेखा प्रबंधक का वेतन रोके जाने का निर्देश दिया है। मण्डलायुक्त ने दस्तक अभियान की समीक्षा करते हुए जल-जमाव, नाली एवं शौचालयों की नियमित रूप से सफाई कराये जाने के साथ-साथ दवाओं का छिड़काव भी कराये जाने का निर्देश दिया है।गौआश्रय स्थलों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने सभी गौआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाये जाने एवं बरसात के मौसम को देखते हुए गौ आश्रय स्थलों में जल जमाव न होने देने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को टीम गठित कर गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं के बारे में निरीक्षण कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने गौ आश्रय स्थलों पर भूसा-चारा, पानी, प्रकाश की समुचित व्यवस्था किए जाने के साथ-साथ सभी गौवंशों का टीकाकरण कराये जाने का निर्देश दिया है।जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने जल जीवन मिशन से सम्बंधित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने एवं पाइप बिछाये जाने हेतु रोड कटिंग कार्यों का गुणवत्ता के साथ शत-प्रतिशत रिस्टोरेशन कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने हिदायत दी है कि कार्य किए जाने के बाद सड़कों को ठीक कराये जाने का कार्य यदि गुणवत्ता के साथ नहीं पाया गया तो सम्बंधित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी समितियों पर खाद की उपलब्धता बनाये रखने एवं किसी भी दशा में ओवर रेट की शिकायत न मिलने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि ओवर रेटिग की शिकायत पाये जाने पर सम्बंधित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई तो सुनिश्चित की ही जायेगी साथ ही साथ उससे वसूली भी सुनिश्चित की जायेगी।इस अवसर पर सभी जिलो के जिलाधिकारी एवं सभी सम्बंधित विभागों के मण्डलीय अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।

गौ संरक्षण केंद्र कुलहड़िया कौंधियारा में जिंदगी की भीख मांग रहे गोवंश

गौ संरक्षण केंद्र कुलहड़िया कौंधियारा में जिंदगी की भीख मांग रहे गोवंश

भूख प्यास और इलाज के अभाव में तड़प रहे बेजुबान गोवंश कौवों का बन रहे ग्रास

योगी सरकार के आदेशों व निर्देशों की जिम्मेदार उड़ा रहे धज्जियां

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। बिहार का चारा घोटाला चर्चित जरूर रहा है मगर यूपी में अगर गहनता से जांच हो जाए तो पता नहीं कितने रुपए का भूसा घोटाला सामने आ जाएगा। मगर ऐसा होगा नहीं क्योंकि पता नहीं कितने सरकारी अफसरों की कुर्सी के नीचे से जमीन खिसक जाएगी। पता नहीं कितने सरकारी अफसर शाही जिम्मेदार जेल के सलाखों के पीछे पहुंच जाएंगे इसलिए यह जांच होना बहुत कठिन है। बताते चलें कि जनपद के यमुनानगर विकासखंड कौंधियारा के कुलहड़िया गांव से आ रही है एक दर्दनाक तस्वीर, जहां अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल पर बेसहारा गौवंश बदहाली की कगार पर हैं और अपनी जिंदगी की भीख मांग रहे हैं। ग्राम पंचायत कुलहड़िया स्थित अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल के बाहर गेट पर साफ-साफ लिखा है कि ‘गौशाला में प्रवेश वर्जित है – आज्ञा से दरोगा’। लेकिन जब मीडिया टीम अंदर की स्थिति जाननी चाही तो ग्राम प्रधान राधिका प्रसाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा– ‘दरवाजा तभी खुलेगा जब मैं रहूंगा, नहीं तो जो करना है कर लो।’”मीडिया टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 112 नंबर पर कॉल कर प्रशासन की मदद ली। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद जब टीम अंदर पहुंची तो जो दृश्य था, वह अत्यंत चिंताजनक था। गौशाला में मौजूद करीब आठ गोवंश बुरी हालत में हैं कुपोषित, कमजोर और इलाज से वंचित हैं।एक गोवंश की मौत हो चुकी है और उसकी आंख में कीड़े भरे हुए थे।यह दृश्य किसी का भी दिल दहला दे।”क्या ग्राम पंचायत और स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं कि इन बेजुबानों की जान की रक्षा की जाए? गोवंश संरक्षण के नाम पर बनी यह आश्रय स्थल अब उपेक्षा का शिकार हो चुका है।””ग्राम प्रधान, सचिव और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब होना जरूरी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस मामले की तत्काल जांच हो और उचित कार्रवाई की जाए। यह सिर्फ खबर नहीं, एक पुकार है – उन बेजुबानों की, जिनकी जान हमारे भरोसे है।”जब इस बाबत खंड विकास अधिकारी कौंधियारा से दूरभाष पर वार्ता की गई तो उन्होंने कहा कि जांच कर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

ग्रामीणों की सेवा में जुटे प्रधानी के दावेदार पंचायत चुनाव के आहट से प्रधानों के बदल गए सुर                                          

ग्रामीणों की सेवा में जुटे प्रधानी के दावेदार

पंचायत चुनाव के आहट से प्रधानों के बदल गए सुर

शुरू हुआ लॉलीपॉप का खेल, जिसके घर में जितने वोट उसकी उतनी सेवा

राजदेव द्विवेदी

प्रयागराज। ग्राम पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट बढ़ गई है मौजूदा प्रधान और इस बार अपनी किस्मत आजमाने को तैयार हो रहे प्रत्याशियों की गांवों में हलचल तेज हो गई है। ग्राम पंचायत चुनाव से पहले क्या है गांव का हाल चुनाव को लेकर क्या कह रहे हैं ग्रामीण पढिए पूरी रिपोर्ट–साल 2026 में होने वाले ग्राम पंचायत को चुनावों को लेकर सर गर्मियां तेज हैं। हाला कि चुनाव की तारीखों का शेड्यूल अभी ऐलान नहीं किया गया है लेकिन दावेदारों ने अभी से ताकत लगा रखी है। गांव के चौक चौराहों पर गांव के नुक्कड़ों और चौपालों में बैठकें सजने लगी हैं। दावेदार मतदाताओं के सुख दुख में भागीदार होकर उनकी सेवा में जुट गए हैं। ऐसे में विद्रोही सामना टीम ने गांव का हाल जानने के लिए गांव के गलियों की ओर रुख किया। दूसरी बार प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे एक नौजवान दावेदार से भेंट हो गई। दावेदार ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि प्रधानी का चुनाव विधायकी के चुनाव से ज्यादा मुश्किल है। गांव में एक-एक वोट का हिसाब रखना और लोगों को समझाने में पिछले 1 साल से हमारा पूरा समय इसी में जा रहा है। वह दावेदार समय के बारे में तो बताते हैं लेकिन कितना खर्च हुआ इस पर कुछ नहीं बोलते, बस इतना कहते हैं कि गांव वालों की सेवा में दिन-रात लगे हैं। सुबह से शाम तक लोगों के काम करवाने की कोशिश करता हूं जो हमसे बन पड़ता है वह हम लोगों के लिए करते हैं अगर हमारी पंचायत के लोगों ने हमें एक मौका दिया तो हर समस्या का निदान करूंगा। हाला कि गांव में इन दिनों लोग धान की रोपाई में लगे हुए हैं। नई फसल की बुवाई के साथ ही प्रधानी के चुनाव को लेकर बैठकों का दौर भी चल रहा है। फिर कारवां आगे बढ़ा चाय की गुमटी और मिठाई की दुकानों पर चुनाव के ही चर्चे सुनने को मिले। कोयले की भट्टी पर चाय को खौलाते हुए एक बुजुर्ग ने हल्के फुल्के अंदाज में कहा कि आजकल प्रधान की मोटरसाइकिल की टंकी बिल्कुल फुल रहती है। प्रधान किसी को ना नहीं कहते हैं अस्पताल से लेकर ब्लॉक मुख्यालय तक जिसको जहां जाना होता है प्रधान तैयार हैं। दुकान पर बैठे और लोग उनकी हां में हां मिलाते हैं तो इसी बीच प्रधान पद के एक उम्मीदवार तपाक से कहते हैं जब जनता हमका प्रधान बनाई तो जनता की सेवा के लिए जो कुछ होई हम जरूर करब। खुले शब्दों में कोई कुछ नहीं बोलता है लेकिन दबे शब्दों में कई लोग बताते हैं कि कैसे प्रधानी के दावेदारों की गाड़ियां इन दिनों टैक्सी नजर आती है तो शराब और मुर्गों की पार्टियां भी चलती है। इसी बीच शांति को भंग करते हुए एक बुजुर्ग ने कहा कि 4 साल तक सीधे मुंह बात न करने वाले प्रधान लोगों के घर-घर जाकर दिक्कतें पूछ रहे हैं। हमने अपने जीवन के 70 सावन गुजारे हैं लेकिन हाल वही हैं प्रधानों के क्या हुआ वादों का, कसमों का, चुनाव संपन्न होने के बाद जिनको हम सलामी ठोकते थे तो पलट कर उनका जवाब नहीं मिलता था आज पांव छूकर आशीर्वाद ले रहे हैं सब समय का तगाजा है। पंचायत चुनाव के समय आते ही स्थानीय प्रधानों के सुर में अचानक बदलाव देखा जा रहा है। चुनावी मौसम के इस दौर में प्रधानों द्वारा अपने समर्थकों और वोटरों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न वादे और लाभ प्रदान करने का लॉलीपॉप का खेल शुरू हो गया है। इसी बीच एक नौजवान के स्वर टूटे और बोल पड़े इस तरह की राजनीति से चुनावी प्रक्रिया पर असर पड़ता है और मतदाताओं को भ्रमित किया जाता है। मगर इस बार हम लोग भ्रमित होने वाले नहीं है क्योंकि अब नए युग का भारत है। बहरहाल हमारी टीम इन मुद्दों पर नजर रख रही है आने वाले चुनावी समय में देखेंगे कि चुनावी प्रक्रिया कैसे आगे बढ़ती है और स्थानीय प्रशासन इस स्थिति पर कैसे प्रतिक्रिया करता है। अगले अंक में फिर विद्रोही सामना टीम गांव के गलियों में भ्रमण कर लोगों के विचारों से मुखातिब होगी। ग्रामीणों की जुबानी प्रधान की कहानी के अंक को लेकर समाचार पत्र के माध्यम से क्षेत्रीय जनों तक पहुंचाने का भरसक प्रयत्न करेंगे।

रात के अंधेरे में बारा पुलिस करती है वाहनों से अवैध वसूली, वीडियो सामने आने के बाद मचा हड़कंप

रात के अंधेरे में बारा पुलिस करती है वाहनों से अवैध वसूली, वीडियो सामने आने के बाद मचा हड़कंप

नो एंट्री के नाम पर अवैध वसूली के आरोप का वीडियो सोशल मीडिया में हो रहा तेजी से वायरल

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर बारा पुलिस रात के अंधेरे में वाहनों से अवैध वसूली करती है।पुलिस की वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।बारा थाना क्षेत्र के उमापुर टोल प्लाजा के पास रात के अंधेरे में एंट्री की छूट होते ही पुलिस की लूट का खेल शुरू हो जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा व सुना जा सकता है कि गाड़ी मालिक स्वयं को वकील बता रहे और पुलिस से जानना चाहते हैं कि आखिर नो एंट्री के नाम पर लोगों को परेशान कर अवैध वसूली क्यों की जा रही है, जिसमें नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। बहरहाल यह एक गंभीर मुद्दा सामने आया है जिसमें बारा पुलिस पर नो एंट्री के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया जा रहा है। इस तरह की अवैध वसूली से लोगों में भारी आक्रोश है। और वे इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की भी मांग कर रहे हैं।इस तरह की गतिविधियों से यूपी पुलिस की छवि खराब हो रही है और लोगों का विश्वास खोया जा रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि उच्च अधिकारी मामले को संज्ञान में लेते हैं और आवश्यक कार्रवाई करते हैं या इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और लोगों को न्याय मिल सकेगा। यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा जो जांच का विषय है।बहरहाल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो को हिंदी दैनिक समाचार पत्र विद्रोही सामना पुष्टि नहीं करता है।

रंजिश को लेकर जानलेवा हमले में घायल मुंशी लाल की गई जान, मचा कोहराम

रंजिश को लेकर जानलेवा हमले में घायल मुंशी लाल की गई जान, मचा कोहराम

-नवाबगंज मुबारकपुर उपरहार गांव का है मामला, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी

विद्रोही सामना-संवाददाता,
राज्य ब्यूरो-प्रमुख, प्रयागराज। नवाबगंज इलाके के मुबारकपुर उपरहार गांव में तीन दिन पूर्व रंजिश को लेकर मुबारकपुर उपरहार गांव में जानलेवा हमले में घायल मुंशी लाल पाल की जिंदगी और मौत के बीच जुझते हुए शनिवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया है। जबकि घटना की खबर गांव पहुंची तो परिजनों में कोहराम मचा रहा। जबकि मामला दो संप्रदाय के बीच होने के चलते गांव में तनाव बढ़ गया है।
बता दें कि नवाबगंज मुबारकपुर उपरहार में धारदार हथियार, कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करते हुए मुशी लाल पाल, अशोक पाल, राम नरेश पाल, सचिन पाल एवं शोभा लाल पाल को घायल किया गया था। वहीं घायलों में मुंशी लाल पाल की हालत गंभीर होने पर सदर के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां घायल मुंशी लाल पाल की शनिवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया है। जिसकी खबर गांव पहुंची तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाऊस भेज‌‌‌ दी है। हालांकि घटना मामले में नामजद दो अभियुक्तों में हसीना एवं महबूब उर्फ करिया को पुलिस जेल भेज दी है। हालांकि नामजद आरोपियों में इरफान, साहिल, अमन, हसनैन एवं शहजाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि घायल मुंशी लाल पाल की मौत के बाद आरोपियों के खिलाफ धारा बढ़ाते हुए हत्या, हत्या की कोशिश समेत धाराओं में केस दर्ज कर फरार की तलाश की जा रही है। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। मृतक के एक पुत्र सुनील पाल एवं रिया पाल समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा है।

एसबीआई आरसेटी नाथद्वारा का केंद्रीय ग्रामीण मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री पंकज यादव द्वारा निरीक्षण

एसबीआई आरसेटी नाथद्वारा का केंद्रीय ग्रामीण मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री पंकज यादव द्वारा निरीक्षण
भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान नाथद्वारा का केंद्रीय ग्रामीण मंत्रालय के संयुक्त सचिव (स्किल) श्री पंकज यादव (भारतीय प्रशासनिक सेवा) द्वारा आज निरीक्षण किया गया। श्री यादव के साथ श्री संतोष कुमार तिवारी निदेशक (स्किल) भारत सरकार एवं श्री सुदीप दत्ता अंडर सेक्रेटरी (स्किल )भारत सरकार भी उपस्थित रहे।
अपनी विजिट के दौरान श्री यादव एवम् अन्य अतिथियों द्वारा संस्थान की गतिविधियों का अवलोकन किया गया एवं संस्थान में वर्तमान प्रशिक्षुओं के साथ प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए उत्पादों एवं अन्य कार्यकलापों के बारे में विस्तृत चर्चा की । इस दौरान श्री यादव द्वारा प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार हेतु प्रेरित किया तथा इस हेतु बैंक ऋण सुविधा प्राप्त करने के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के निदेशक श्री दीपक गहलोत ने अतिथियों का स्वागत किया एवं संस्थान के बारे में जानकारी दी। राजीविका से जिला प्रबंधक श्री मुकेश कुमार ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं हेतु स्वरोजगार हेतु राजीविका द्वारा किए गए प्रयासों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान संस्थान से अनुदेशक श्री महेश आसोपा,श्री राजेंद्र कुमार नागर, कार्यालय सहायक सुश्री हर्षिता जोशी उपस्थित रहे।