Home Blog Page 66

महिलाओं कर्मचारियों को मासिक धर्म पर 12 दिन का मिले विशेष अवकाश- प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र यादव■ स्पेन पहला यूरोपीय देश है जो महिला कर्मचारियों को मासिक धर्म में सवेतन प्रदान करता है अवकाश

महिलाओं कर्मचारियों को मासिक धर्म पर 12 दिन का मिले विशेष अवकाश- प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र यादव
■ स्पेन पहला यूरोपीय देश है जो महिला कर्मचारियों को मासिक धर्म में सवेतन प्रदान करता है अवकाश

प्रयागराज। बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र यादव ने कहा की मासिक धर्म पर शिक्षक कर्मचारी अधिकारी महिलाओं को 1 वर्ष में कम से कम 12 दिन का विशेष अवकाश मिलना चाहिए। इस दौरान उन्हें शारीरिक और मानसिक रुप से बहुत पीड़ा होती हैं। जिससे वह मासिक धर्म के समय अपने अनुसार एक दिन का अवकाश ले सके। वहीं पुरुष शिक्षक कर्मचारी अधिकारी को माता-पिता पत्नी पुत्र के निधन पर 13 दिन का विशेष अवकाश जो कि हिंदू रीति रिवाज के अनुसार 13वीं तक सभी कार्यों को पूर्ण रूप से संपादित करने के लिए मिलना चाहिए और पितृ विसर्जन के लिए पहले और आखिरी दिन का अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।
बतातें चलें कि अधिकतर सरकारी पुरुष शिक्षक कर्मचारी अधिकारी को मेडिकल लेकर इन कार्यों को करना पड़ता है। अभी तक बिहार और केरल ही ऐसे भारतीय राज्य हैं जहाँ पर महिलाओं के लिए मासिक धर्म अवकाश के लिए नीतियां लागू की है। बिहार में 1992 से महिला कर्मचारी को हर महीने दो दिन का सवेतन मासिक धर्म अवकाश दिया जाता है। केरल में 2023 से सभी विश्वविद्यालयों और संस्थाओं की महिला छात्रों को मासिक धर्म लीव दी जाती है। भारत में कुछ कंपनियों में जैसे जोमैटो स्विंगी वायजुश मासिक धर्म अवकाश नीतियां शुरू की है। संसद में मासिक धर्म विधेयक 2017 तथा 2018 में पेश करने का प्रयास किया गया लेकिन सफल नहीं हुआ। वहीं स्पेन जापान इंडोनेशिया फीलिंपिस ताइवान दक्षिण कोरिया जांबिया और वियतनाम अपने-अपने देश में मासिक धर्म अवकाश देते हैं। स्पेन पहला यूरोपीय देश है जो महिला कर्मचारियों को मासिक धर्म में सवेतन अवकाश प्रदान करता है। बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र यादव ने बताया कि बहुत जल्द ही माननीय मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपा जायेगा।

डेनमार्क में इजरायली दूतावास के पास दो बड़े धमाके, धमाके में किसी के हताहत होने की नहीं है खबर■ डेनमार्क पुलिस ने इजरायल अबेंसी के बाहर हुए दो धमाकों की जांच कर दी है शुरू

डेनमार्क में इजरायली दूतावास के पास दो बड़े धमाके, धमाके में किसी के हताहत होने की नहीं है खबर
■ डेनमार्क पुलिस ने इजरायल अबेंसी के बाहर हुए दो धमाकों की जांच कर दी है शुरू

एजेंसी
इजरायल। ईरान के इजरायल पर मिसाइल अटैक के बाद मीडिल ईस्ट में संकट गहरा गया है। वहीं डेनमार्क में इजरायली दूतावास के पास बड़ा धमाका होने की खबर सामने आई है। कोपेनहेगन में धामके की आवाज सुनी गई है। इजरायली दूतावास के पास दो धमाके हुए हैं। यानी अब ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी जंग की आग डेनमार्क तक जा पहुंची है। हालांकि डेनमार्क में इजरायली अबेंसी के पास हुए धमाके में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। डेनमार्क पुलिस ने दोनों ब्लास्ट को लेकर कहा है कि इसकी जांच की जाएगी। इजरायल अबेंसी के बाहर हुए दो धमाकों की जांच शुरू कर दी गई है। दुनियाभर में जितने भी इजरायल के दूतावास हैं उन सभी के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। ईरान सीधे तौर पर वॉर में आ गया है। हालांकि ये हमला किसने किया है ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। इससे पहले तेल अवीव पर 100 से भी अधिक मिसाइलें दाग कर ईरान ने साफ कर दिया कि हमने हानिया और नसरल्लाह की मौत का बदला ले लिया है। वहीं इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ किया है कि ईरान को हम सबक सिखाएंगे। इजरायल के प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल पर ईरान का मिसाइल हमला विफल रहा और जवाबी कार्रवाई की कसम खाई। उन्होंने कहा ईरान को जल्द ही एक दर्दनाक सबक मिलेगा जैसा गाजा, लेबनान और अन्य स्थानों पर दुश्मनों को मिला है। उन्होंने कहा कि जो भी हम पर हमला करता है। हम उन पर हमला करते हैं। ईरान ने इजराइल पर कई मिसाइलें दागी हैं जिससे इजराइलियों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी लेकिन ईरान में जश्न मनाया गया।
आईडीएफ ने साफ कर दिया है कि हमले का टाइम और जगह हम निर्धारित करेंगे। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इजरायल की तरफ से पलटवार कब और कैसे किया जाता है। हमले से कुछ घंटे पहले अमेरिका ने सचेत किया था। हमले को लेकर अमेरिका की तरफ से इजरायल को चेतवनी जारी की गई थी। बाइडन ने ईरान के मिसाइल हमले को नाकाम करने के लिए अमेरिका तथा इजराइल की सेनाओं की भी प्रशंसा की। बाइडन ने व्हाइट हाउस के अधिकारियों के साथ एक बैठक की शुरुआत में मंगलवार को कहा, ‘‘भूल में न रहें, अमेरिका पूरी, पूरी तरह इजराइल के साथ है। ईरान ने दावा किया है कि उसने इजराइल पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइल दागी हैं। यह दावा मंगलवार को सरकारी टेलीविजन पर एक में उस वक्त किया गया, जब हवाई हमले के सायरन बजने लगे और तेल अवीव तथा यरुशलम के निकट धमाकों की आवाजें सुनी गईं। बयान में चेतावनी दी गई कि “यदि इजराइल इस अभियान का सैन्य तरीके से जवाब देता है तो उसे और भी कठोर प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा’’। अपने बयान में ईरान ने हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्ला और रिवोल्यूशनरी गार्ड जनरल अब्बास निलफोरुशान का जिक्र किया है, जो पिछले सप्ताह बेरूत में एक इजराइली हवाई हमले में मारे गए थे। इसमें हमास के एक शीर्ष नेता इस्माइल हनीयाह का भी उल्लेख किया गया, जिसकी जुलाई में तेहरान में एक संदिग्ध इजराइली हमले में मौत हो गई थी।

तीरंदाजी प्रतियोगिता के विकास के लिए हर संभव मदद: अवनीश

तीरंदाजी प्रतियोगिता के विकास के लिए हर संभव मदद: अवनीश

दो दिवसीय राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन

अवनीश अवस्थी ने प्रतिभागियों को पदक पहनाकर किया सम्मानित

ज्ञानपुर। दो दिवसीय उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण व समापन समारोह मुख्य अतिथि अवनीश कुमार अवस्थी,सलाहकार मुख्यमंत्री, अध्यक्ष तीरंदाजी संघ उ.प्र.,पूर्व आईएएस द्वारा किया गया। कार्यक्रम का आयोजन केएनपीजी हॉस्टल मैदान में संपन्न हुआ, जिसमें पूरे प्रदेश से 10, 13 एवं 15 वर्षीय बालक, बालिका आयु वर्ग के 300 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

अवनीश अवस्थी ने कहा, खेल के शुरुआती दौर में जब कठिनाइयों का सामना खिलाड़ी करता है, तो वहीं से सफलता की शुरुआत हो जाती है। उन्होंने “तीरंदाजी प्रतियोगिता के विकास के लिए हर संभव प्रयास और मदद की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती है। कहा कि हम उत्तर प्रदेश के युवाओं को तीरंदाजी में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने के लिए काम करेंगे।” इस अवसर पर अवनीश अवस्थी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के युवाओं को तीरंदाजी में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने सभी विजेताओं को पदक पहनाकर हौसला बढ़ाया। जिलाधिकारी विशाल सिंह ने खिलाड़ियों के खेल भावना को सराहते हुए कहा कि भदोही जनपद में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता होना गर्व की बात है। वह खेल व खिलाड़ियों के विकास के लिए सदैव तत्पर हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने कहां कि ऐसे राज्य स्तरीय आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलता है। आज भारत के खिलाड़ी ओलंपिक सहित वैश्विक प्रतियोगिताओं में अपनी शानदार परफॉर्मेंस से मेडल जीत रहे हैं। महिला खिलाड़ियों ने भी अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज की है। मा पूर्व विधायक रविंद्र त्रिपाठी ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी को स्मृति चिन्ह तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष विशंभर दयाल द्वारा समर्पित किया गया। कार्यक्रम में सहयोग व सफल बनाने वालों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तीरंदाजी संघ के प्रदेश संयुक्त सचिव योगेंद्र राणा, भारतीय खेल प्राधिकरण सोनीपत के चीफ कोच सहदेव प्रसाद , कोच रुस्तम खान , अभिज्ञान मालवीय ,मुरलीधर, मुकेश कुमार, ए एन राय ,उर्मिला ,अशोक कुमार गुप्ता सचिव, आलोक गुप्ता, विवेक श्रीवास्तव ,सुमन गुप्ता, इला गुप्ता आदि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।कोच रुस्तम खान की स्पोर्ट्स एकेडमी ट्रेनिंग सेंटर( हॉस्टल चौराहा) का अवनीश अवस्थी द्वारा अवलोकन करते हुए प्रशिक्षु 63 खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनको आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कोच रुस्तम खान के योगदानों व खेल भावना के प्रति उनके समर्पण को सराहा।

डंफर के धक्के से महिला की मौत, दो घायल

डंफर के धक्के से महिला की मौत, दो घायल

आक्रोशित ग्रामीणों ने ज्ञानपुर बभनौटी मार्ग पर किया चक्काजाम

बाइक से मायके से ससुराल जा रही थी विवाहिता

ज्ञानपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के असनाव पुलिस चौकी के समीप बुधवार को एक डंफर से धक्का लगने से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गयी, जबकि एक मासूम समेत दो घायल हो गए। महिला मायके से ससुराल जा रही थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ज्ञानपुर बभनौटी मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम समाप्त कराया।
सरो ई बाजार निवासी कल्लू बिन्द की पुत्री रेशमा देवी की शादी हरिहरपुर गांव निवासी सूरज बिन्द के साथ हुई थी। वह तीस सितंबर को अपने मासूम पुत्र बजरंगी के साथ मायके अआयी हुई थी। बुधवार को दोपहर बाद करीब एक बजे रेशमा अपने चचेरे भाई चंदूलाल बिन्द के साथ बाइक से ससुराल हरिहरपुर लौट रही थी। असनाव पुलिस चौकी के समीप ज्ञानपुर बभनौटी मार्ग पर असनाव से बभनौटी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार डंफर ने सामने से टक्कर मार दी। मौके पर ही रेशमा देवी 28 की मौत हो गयी जबकि चंदूलाल बिन्द 20 वर्ष और चार वर्षीय लाइगर उर्फ बजरंगी घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डंफर समेत भाग निकला। आक्रोशित ग्रामीण करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर हंगामा करते रहे। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ ज्ञानपुर और भदोही ने समझा बुझा कर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांधी के रास्ते से भटक गई है सरकार: ललितेश

गांधी के रास्ते से भटक गई है सरकार: ललितेश

प्रतिशोध की भावना से कर रही काम

गोपीगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती पर उन्हें नमन करते हुए तृणमूल कांग्रेस के नेता व भदोही से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी रहे ललितेशपति त्रिपाठी ने गोपीगंज मे राष्ट्रपिता व पूर्व प्रधान मंत्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। कहा कि आज हम यह सोचने पर विवश है कि क्या हम महात्मा गांधी के बताये हुए सत्य के रास्ते पर चल रहे हैं। वर्तमान समय में सरकारी तंत्र न केवल ध्वस्त हो चुका है, बल्कि उलटे प्रतिशोध की भावना से ग्रसित हो कर कदम उठा रहा है। भदोही से विधायक ज़ाहिद बेग के विरुद्ध हाथ-धो कर पीछे पड़ जाने की यह नीति स्पष्ट करती है कि इस सरकार के राज में दोषसि‌द्धि की जगह विपक्षी राजनैतिक दलों से सम्बद्धता किसी के गुनाहगार होने का मुख्य आधार हो गया है। भदोही के समाजवादी पार्टी के नेताओं समेत प्रदेश भर में तमाम जगहो पर इण्डिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं और नेताओं पर लादे जा रहे फर्जी मुकदमें सरकार की प्रतिशोधी भावना की पुष्टि करते हैं। सुचारु कानून व्यवस्था, जो सरकार का मुख्य कार्य है। उसका प्रदेश में कहीं नामोनिशान नहीं है। सुरियावां में एक वृद्ध पुजारी की हत्या के इतने दिनों बाद भी अपराधी का न पकड़ा जाना अक्षम्य है। ऐसी लचर कानून व्यवस्था के राज में कोई अचरज नहीं कि क्यों प्रदेश में अपराध के आंकड़ों में लगातार बढ़ोतरी होते जा रही है। इस गैर-ज़िम्मेदाराना सरकार में आए दिन महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराध सरकार को बने रहने की नैतिकता पर प्रश्नचिन्ह उठाते हैं। कल से मां की उपासना का त्यौहार शुरू हो रहा है। कहा कि यह सरकार महिलाओं की आबरू को सुरक्षित रख पाने में असमर्थ है। बापू और शास्त्री जी के बताए हुए रास्ते पर चलते हुए इस नाकारा सरकार के विरु‌द्ध खड़े होना आज और ज़रूरी हो गया है। इस मौके पर सिद्धार्थ मिश्रा, उमापति मिश्रा लल्लन व अन्य लोग मौजूद रहे।

उपासना का पर्व नवरात्र आज से प्रारम्भ

उपासना का पर्व नवरात्र आज से प्रारम्भ

दुर्गा आराधना का उत्तम समय माना जाता है नवरात्र: पं.देवमणि मिश्र

भदोही। गुरुवार से शारदीय नवरात्र प्रारम्भ हो रहा है। यह 11 अक्टूबर तक चलेगा। नवरात्र के अवसर पर माता दुर्गा की आराधना बड़े ही विधि-विधान के साथ की जाती है। नवरात्र के संबंध में पंडित देवमणि मिश्र ने बताया कि धर्म ग्रंथों एवं पुराणों के अनुसार, शारदीय नवरात्र भगवती दुर्गाजी की आराधना का श्रेष्ठ समय होता है। नवरात्र के पावन दिनों में हर दिन मां के अलग-अलग रूपों की पूजा होती है। जो अपने भक्तों को खुशी, शक्ति और ज्ञान प्रदान करती हैं। नवरात्र का हर दिन देवी के विशिष्ट रूप को समर्पित होता है और हर देवी स्‍वरूप की कृपा से अलग-अलग तरह के मनोरथ पूर्ण होते हैं। नवरात्र का पर्व शक्ति की उपासना का पर्व है। बताया कि शास्त्रों में नवरात्र पर्व मनाए जाने की दो पौराणिक कथाएं हैं। पहली पौराणिक कथा के अनुसार महिषासुर नाम का एक राक्षस था जो ब्रह्माजी का बड़ा भक्त था। उसने अपने तप से ब्रह्माजी को प्रसन्न करके एक वरदान प्राप्त कर लिया। वरदान में उसे कोई देव, दानव या पृथ्वी पर रहने वाला कोई मनुष्य मार ना पाए। वरदान प्राप्त करते ही वह बहुत निर्दयी हो गया और तीनों लोकों में आतंक माचने लगा। उसके आतंक से परेशान होकर देवी देवताओं ने ब्रह्मा, विष्णु, महेश के साथ मिलकर मां शक्ति के रूप में दुर्गा को जन्म दिया। मां दुर्गा और महिषासुर के बीच नौ दिनों तक भयंकर युद्ध हुआ और दसवें दिन मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर दिया। इस दिन को अच्छाई पर बुराई की जीत के रूप में मनाया जाता है। दूसरी पौराण‍िक कथा के अनुसार, भगवान श्रीराम ने लंका पर आक्रमण करने से पहले और रावण के साथ होने वाले युद्ध में जीत के लिए शक्ति की देवी मां भगवतीजी की आराधना की थी। रामेश्वरम में उन्होंने नौ दिनों तक माता की पूजा की। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर मां ने श्रीराम को लंका में विजय प्राप्ति का आशीर्वाद दिया। दसवें दिन भगवान राम ने लंका नरेश रावण को युद्ध में हराकर उसका वध कर लंका पर विजय प्राप्त की। इस दिन को विजयदशमी के रूप में जाना जाता है। श्री मिश्र ने बताया कि नवरात्र के 9 द‍िनों में देवी भगवती के 9 अलग-अलग स्‍वरूपों की पूजा-उपासना की जाती है। पहले दिन मां शैलपुत्री, दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी, तीसरे दिन मां चंद्रघंटा, चौथे दिन मां कुष्मांडा, पांचवें दिन मां स्कंदमाता, छठे दिन मां कात्यायनी, सातवें दिन मां कालरात्रि, आठवें दिन मां महागौरी और नौवें और अंतिम दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इस बार शारदीय नवरात्र नौ दिनों का है। 11 अक्टूबर को नवमी हो जायेगी।

अभिजीत मुहूर्त में होगा कलश स्थापन

भदोही। नवरात्र के पहले दिन विधिनुसार घटस्थापना का विधान है। बतादें कि अभिजित मुहूर्त में कलश स्थापना होगा। कलश स्थापना का मुहूर्त दिन में 11 बजकर 34 मिनट से 12 बजकर 24 मिनट तक है। इसी समय के अंतर्गत कलश स्थापना उत्तम होगा।

आज होगी शैलपुत्री की पूजा

भदोही। नवरात्र के पहले दिन माता दुर्गा के पहले स्वरूप शैलपुत्री के पूजन का विधान है। इस दिन माता दुर्गा के पहले स्वरूप शैलपुत्री की पूजा की जाती है। शैलपुत्री की पूजा से समस्त प्रकार के मनोविकार दूर होते। गुरुवार को माता दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा होगी।

पूर्वजों की विदाई के साथ पितृपक्ष का समापन

पूर्वजों की विदाई के साथ पितृपक्ष का समापन

विभिन्न गंगा घाटों पर लोगो ने पूर्वजों को पिंडदान देकर लिया आशीर्वाद

ज्ञानपुर । दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व कृतज्ञता प्रकट करने का महान पर्व पितृ विसर्जन बुधवार को पूरे जनपद में आस्था, परंपरा व शास्त्रीय रीति-नीति के अनुसार मनाया गया। भारतीय संस्कृति के इस अनोखे पर्व पर सनातन धर्मावलम्बियों ने निकटस्थ पवित्र नदियों में स्नान कर नदी तट पर अपने पुरखों को तर्पण-अर्पण किया। पिण्डदान कर उनकी आत्मा की शांत्यर्थ प्रार्थना की तथा विभिन्न प्रकार के सुस्वादु व्यंजन उन्हें समर्पित कर अपने-अपने लोक वापस जाने हेतु विदाई दी। जो लोग नदियों तक नहीं जा सके वे घर पर ही इस अनुष्ठान को पूर्ण किये। इसके पूर्व लोगों ने एक पखवारे से बढ़े अपने केश व दाढ़ी मुड़वाये। वर्ष के 12 महीनों में आश्विन मास का कृष्ण पक्ष सनातन धर्मावलंबी पितृ पक्ष के रूप में मनाते हैं। पूरे पखवारे लोग प्रतिदिन स्नान करके अपने पूर्वजों को उनकी पुण्यतिथियों के अनुसार जल, गुड़ व काला तिल अर्पित करते हैं। पूरे पक्ष को सूतक के रूप में मनाया जाता है। इसलिए इन 15 दिनों में केश व दाढ़ी आदि नहीं मुड़ाये जाते। मान्यता है कि हमारे पूर्वज काक रूप में आकर अपने वंशजों द्वारा समर्पित जल को ग्रहण कर तृप्त होते हैं। पक्ष के अंतिम दिन अमावस्या को स्वर्ग व पितृलोक से आये इन पितरों की विदाई की जाती है। इसके लिए विभिन्न प्रकार के सुस्वादु व्यंजन बनाये जाते हैं और उन्हें समर्पित किये जाते हैं। इस पर्व पर घर-घर में आस्था का माहौल रहा।
पितृपक्ष के अंतिम दिन पितरों को पिण्डदान के लिए हजारों हिन्दुजनों की आस्था उमड़ पड़ी। वेदपाठी ब्राह्माणों द्वारा शास्त्रोक्त विधियों के अनुसार केश मुंडन कराकर सनातन धर्मावलंबियों ने तिल युक्त पिण्डदान कराया तथा अपनी अभीष्ट सिद्धि के लिए पितृ देवताओं से अनुनय विनय किया। बुधवार को जनपद के विभिन्न गंगाघाटों पर अपने पूर्वजों को तर्पण देने व उनका श्राद्ध लोगों ने आस्थापूर्वक किया।

गंगा घाट पर उमड़ी भीड़, विधि विधान से पितरो को श्राद्ध

गोपीगंज । पितृ विसर्जन पर जनपद के प्रमुख रामपुर गंगा घाट सहित अन्य घाटो पर उमड़ी आस्था की भीड़ ने विधि विधान पूर्वक पुरखो को नमन करते हुए पिंड दान कर जल अर्पित किया।
पितृ पक्ष में एक पखवाड़े तक चले विविध धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत अमावस्या को पितृ विसर्जन पर पुरखों को पिंड दान करने के लिए प्रातःकाल से ही लोग गंगा घाट पर पहुंचने लगे थे। समय के साथ रामपुर सहित अन्य घाटो पर भीड़ बढ़ गई क्षौर क्रिया कर्म के बाद शुभ मुहूर्त में गंगा स्नान कर पिंड दान गौ दान अन्न दान करने का शुरु हुआ सिलसिला देर तक चलता रहा। रामपुर गंगा घाट पर जगह कम होने से आस पास गांव के लोग जहागीराबाद, बरजी, डेरवा ,गुलौरी, चतुर्मुखी, विहरोजपुर बेरासपुर आदि घाटो पर पिंड दान किया। भीड़ को देखते हुए घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर फल फूल आदि की दुकाने सजाई गई थीl भीड़ उमड़ने से व्यवसायी भी खुश नजर आए। गोपीगंज नगर मे राजमार्ग बड़ा चौराहा से लेकर रामपुर घाट तक जाम की स्थिति बनी रही।

दो युवकों के अपहरण के विरोध में बंद से इंफाल घाटी में जनजीवन प्रभावित

दो युवकों के अपहरण के विरोध में बंद से इंफाल घाटी में जनजीवन प्रभावित
इंफाल । मणिपुर में दो युवकों के अपहरण के विरोध में मेइती समूह की संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) द्वारा आहूत बंद के कारण इंफाल घाटी के पांच जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, काकचिंग और थौबल जिलों में प्रदर्शनकारियों के सड़कों को अवरूद्ध किये जाने के कारण दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे तथा वाहन सड़कों से नदारद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थौबल में महिलाओं ने मेला मैदान, वांगजिंग, यैरीपोक और खांगबोक में एनएच 102 को जाम कर दिया।
मेला मैदान के पास महिलाओं ने सड़क पर प्रदर्शन किया, जबकि युवाओं ने वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए टायर जलाए। थौबल में मंगलवार की सुबह बंद शुरू हुआ। इंफाल पूर्वी जिले के खुरई और लामलोंग में पूरी तरह बंद रहा। जेएसी के संयोजक एल सुबोल ने कहा, ‘‘युवाओं की रिहाई तक आंदोलन जारी रहेगा।’’ थौबल जिले के तीन युवकों का पिछले सप्ताह कंगपोकपी में अपहरण कर लिया गया था। बाद में, उनमें से एक को मुक्त करा लिया गया, लेकिन अन्य दो लापता हैं।
पुलिस के अनुसार, दो दोस्तों के साथ, एन जॉनसन सिंह मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले के न्यू कीथेलमंबी में भर्ती परीक्षा देने गए थे, लेकिन रास्ता भटककर कुकी बहुल कंगपोकपी जिले में पहुंच गए। कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने युवकों के अपहरण को राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति की पूरी तरह विफलता बताया।
पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के मेघचंद्र ने कहा कि उन्होंने हाल में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और विधायकों के साथ एक संयुक्त बैठक में मुख्यमंत्री से संवैधानिक प्रावधानों और देश के कानूनों को लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमने उनसे राज्य और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद से दोनों युवकों को बचाने के लिए गृह मंत्री अमित शाह से सहायता मांगने का भी आग्रह किया।’’ मेघचंद्र ने कहा, ‘‘हम यह नहीं समझ पा रहे कि राज्य सरकार दोनों युवकों को बचाने में असमर्थ क्यों रही और गृह विभाग लोगों की सहायता करने में असहाय क्यों दिख रहा है।

पान और गुटखा खाकर रोड पर थूकने वालों की अखबार में छापनी चाहिए फोटो, स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने दिया आइडिया

दिल्ली ।केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पान मसाला, गुटखा खाने और सड़क पर थूकने वालों से निपटने के लिए एक अनोखा आइडिया दिया जिससे स्वच्छता के लिए अहम साबित होगा। गडकरी ने कहा कि पान, मसाला और गुटखा खाकर सड़क पर थूकने वालों की फोटो खींचकर अखबार में छपवाई जाए। गडकरी गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत को लेकर नागपुर नगर निगम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इसके अलावा, गडकरी ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वालों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि हमारे देश के लोग बहुत होशियार हैं, चॉकलेट खाते हैं और उसके रैपर सड़कों पर फेंक देते हैं और वही व्यक्ति जब विदेश जाता है तो चॉकलेट का रैपर अपनी जेब में रखता है, विदेश में अच्छा व्यवहार करता है और यहां सड़क पर फेंक देता है।

गडकरी ने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि वह आजकल जब भी चॉकलेट खाते हैं तो घर पहुंचने के बाद चॉकलेट का रैपर फेंक देते हैं. पहले उसे शराब पीने के बाद उसका रैपर बाहर फेंकने की भी आदत थी। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने गांधी जयंती को स्वच्छ भारत के प्रतीक दिवस के रूप में समर्पित किया है। हर साल, सरकार और अन्य राज्य संस्थान इसके आसपास स्वच्छता अभियान (स्वच्छता अभियान) या कार्यक्रम आयोजित करते हैं। पीएम मोदी आज पंडारा पार्क के एक स्कूल पहुंचे और झाड़ू लगाकर इलाके में सफाई की। देशभर में ऐसे कई आयोजन किये गये. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी संसद परिसर में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। 

जमीनी रंजिश व पैसे को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर हुआ था जान लेवा हमला,4 अभियुक्त व 1 अभियुक्ता गिरफ्तार

जमीनी रंजिश व पैसे को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर हुआ था जान लेवा हमला,4 अभियुक्त व 1 अभियुक्ता गिरफ्तार

उतराव।प्रयागराज जिले के उतरांव थाना क्षेत्र के दुघरा गांव निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख राधेश्याम पटेल पुत्र स्व0 सोहन लाल पटेल अपने ड्राइवर अनिल पटेल पुत्र जगन्नाथ पटेल नीवासी कनेहटी के साथ 29 सितम्बर को करीब 01 बजे फूलपुर से घर जा रहे थे । जैसे वह बलीपुर नेशनल हाइवे सर्विस रोड पर पहुचे थे कि दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने बाइक को ओवरटेक कर गोली मार दी थी। जिससे वह घायल हो गए थे। जिनका एक निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घटना को तत्काल से संज्ञान में लेते हुए एसीपी हंडिया के निर्देशन में कई टीमें गठित की गई थी । जिसमे उतरांव थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी द्वारा सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच पड़ताल में पता चला कि अभियुक्ता सुनीता देवी पत्नी सत्यनारायण और राधेश्याम पटेल में जमीन को लेकर पुरानी रंजिश और पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था। जिसमे सचिन भारतीय पुत्र सत्यनारायण भारतीय और एक अन्य के द्वारा जानलेवा हमला किया गया था। जिसका पुलिस द्वारा खुलासा करते हुए। घटना में कुल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जिनका विवरण।1 करन कुमार पुत्र सूरज भारतीय नीवासी सुदीपुर थाना फूलपुर,2 हिन्देश कुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद नीवासी ग्राम सराय आलम थाना उतरांव,03 करन भारतीय पुत्र विजय प्रकाश भारतीय नीवासी डीहवा थाना उतरांव,4 सत्रजीत भारतीय, 5 सुनीता देवी पत्नी सत्यनारायण निवासिनी ग्राम महरुपुर थाना उतरांव प्रयागराज को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से घटना में प्रयुक्त 01 अवैध तमंचा 12 बोर,01 खोखा कारतूस 12 बोर 04 मोबाइल 03 मोटरसाइकिल। बरामद कर जेल भेज गया। गिरफ्तारी टीम में मुख्य रूप से थाना अध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, व.उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह,उप निरीक्षक सूरज प्रकाश सिंह,राम सुधार सिंह यादव, रितेश चंद उपाध्याय,कांस्टेबल सत्यजीत सिंह,अखिलेश यादव, प्रकाश सिंह,शमशेर सिंह,महिला कांस्टेबल प्रियंका राजभर रही।