प्रतापगढ़, 19 मार्च 2026। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आसपुर देवसरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को तीन जिंदा देशी बम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या, डकैती, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के ऐलाही पुलिया के पास घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से तीन जिंदा देशी बम बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित सिंह (25) पुत्र अमर बहादुर सिंह निवासी ग्राम महुली, थाना आसपुर देवसरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ प्रतापगढ़ और जौनपुर जनपद में हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत लगभग सात गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है और वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
बरामदगी के आधार पर थाना आसपुर देवसरा में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 4/5 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक जयकिशुन यादव, कांस्टेबल अजीत चौहान और नीरज पटेल शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी







