Home अपराध प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: गर्भवती युवती की हत्या का खुलासा,...

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: गर्भवती युवती की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़, 19 मार्च 2026। जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम संबंधों में विवाद के चलते 25 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका 15 मार्च को इलाज के लिए घर से लालगंज जाने के लिए निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर थाना लालगंज में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती का आरोपी अनुज सिंह से प्रेम संबंध था।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी अनुज सिंह (27 वर्ष), निवासी सांगीपुर, को रायपुर तियाई के पास ग्राम कैथौला से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका उस पर साथ रहने का दबाव बना रही थी, जबकि उसकी शादी कहीं और तय हो चुकी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी ने पहले युवती को जहर देने की कोशिश की और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कार में रखकर संग्रामगढ़ क्षेत्र की नहर में फेंक दिया।

17 मार्च को संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में शारदा सहायक नहर के किनारे युवती का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना लालगंज पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसने तत्परता दिखाते हुए गंभीर मामले का सफल अनावरण किया।

Leave a Reply