Home Uncategorized टप्पेबाजी का पर्दाफाश: महिला से जेवर ठगने वाला शातिर गिरफ्तार, 940 रुपये...

टप्पेबाजी का पर्दाफाश: महिला से जेवर ठगने वाला शातिर गिरफ्तार, 940 रुपये बरामद

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र में टप्पेबाजी/ठगी के एक चर्चित मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 940 रुपये नकद भी बरामद किए हैं, जो ठगी की घटना से संबंधित बताए जा रहे हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ठग गिरोह के खिलाफ पुलिस की सख्ती साफ नजर आ रही है।

घटना 13 जनवरी 2026 की है, जब अमरगढ़ चौराहे पर एक महिला को तीन अज्ञात बाइक सवार ठगों ने निशाना बनाया था। आरोपियों ने महिला को पीले धातु का टुकड़ा सोने का बिस्किट बताकर धोखे में लिया और बहाने से उसके सोने के नाक का फूल व चांदी की पायल लेकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की तलाश की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी क्रम में 22 मार्च 2026 को पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब मुखबिर की सूचना पर गौरामाफी तिराहे के पास से अभियुक्त असलम अली (37) निवासी करौरा, थाना मछलीशहर, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर महिलाओं को निशाना बनाता था। वे पहले उन्हें झांसे में लेते थे और फिर मौका पाकर जेवरात ठग लेते थे या छीनकर फरार हो जाते थे। आरोपी ने अमरगढ़ की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, घटना में मिले हिस्से के कुछ पैसे खर्च हो चुके थे, जबकि 940 रुपये उसके पास बचे थे, जिन्हें बरामद कर लिया गया।

गौरतलब है कि गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ जौनपुर जिले के विभिन्न थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार चौरसिया की सख्ती का असर

थाना आसपुर देवसरा के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कड़ा अभियान चला रही है। जब से उन्होंने थाने की कमान संभाली है, क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं। आए दिन अपराधियों की गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

चौरसिया के कुशल नेतृत्व, तेज कार्यशैली और सटीक रणनीति के चलते पुलिस टीम न केवल घटनाओं का तेजी से खुलासा कर रही है, बल्कि अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने में भी लगातार सफलता हासिल कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अपराधियों में खौफ का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply