कई वर्षों से चल रहे मामलों में न्यायालय से जारी था वारंट
प्रतापगढ़। कोतवाली देहात पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के गंभीर मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर जिले में अपराधियों, वारंटियों तथा वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली देहात पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी और जांच अभियान चला रही थी।
उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारंटी अभियुक्त मोहनगंज बाजार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुन्ना शर्मा पुत्र किशोरी लाल निवासी लोका का पुरवा मोहनगंज के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे।
मामले में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था, लेकिन आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की तथा न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में ऐसे अपराधियों की सूची तैयार की गई है, जिनके विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी हैं। सभी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल शत्रुजय शर्मा और कांस्टेबल नवीन गौतम भी शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि अपराध और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून से बचने का प्रयास करने वालों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।







