शादी करने के लिए घर से भगाने की बात कबूली, रायपुर तियाई चौराहे से गिरफ्तारी
प्रतापगढ़। लालगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत दी है।
मामला उस समय सामने आया जब गोविंदपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री 21 जून को अचानक घर से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।
परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव का ही रहने वाला संतोष यादव उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
उपनिरीक्षक दीपक कुमार अपनी टीम के साथ लगातार आरोपी की तलाश कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर रायपुर तियाई चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह किशोरी को शादी करने के उद्देश्य से झारखंड लेकर गया था। पुलिस ने अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार नाबालिग से जुड़े मामलों में कानून बेहद सख्त है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाती है। किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष यादव पुत्र राममिलन यादव निवासी इदिलपुर थाना लालगंज के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल नितीश यादव और महिला आरक्षी रोली पाण्डेय शामिल रहीं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।







