प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के देल्हूपुर-रानीगंज मार्ग पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नरसिंहगढ़ पुल के पास एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे के समय कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार बस्ती जनपद निवासी ईदउल्लाह खान (35) पुत्र अकरम खान अपने साथियों के साथ कार से मुंबई जा रहे थे। वह रानीगंज क्षेत्र के पावर हाउस मार्ग से देल्हूपुर होते हुए प्रयागराज के रास्ते मुंबई के लिए निकले थे। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे जब उनकी कार नरसिंहगढ़ पुल के समीप पहुंची तो सड़क पर बने तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए तथा कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नरसिंहगढ़ पुल के पास स्थित यह मोड़ पहले भी कई दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। घटना स्थल के पास पहले से एक क्षतिग्रस्त कार भी पड़ी हुई है, जो कुछ समय पूर्व हुए हादसे की याद दिलाती है। ग्रामीणों ने इस स्थान पर चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल इस दुर्घटना में पांचों यात्रियों की जान बच जाने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।







