प्रतापगढ़। जनपद के लीलापुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी अभिषेक सरोज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अभिषेक सरोज पुत्र दयाराम सरोज निवासी बल्दियान हंडौर थाना लीलापुर के विरुद्ध दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज आशोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अमला सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय थी।
उपनिरीक्षक सौरभ यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी ढकवा मोड़ के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।







