प्रतापगढ़। जनपद के थाना मान्धाता क्षेत्र में अवैध संबंधों के चलते हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी।
मामले के अनुसार 18 मार्च 2026 को एक व्यक्ति प्रयागराज जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 20 मार्च को गुमशुदगी दर्ज की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सुमन देवी, अतुल कुमार व उनके सहयोगियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक को बहाने से बुलाकर लोहे की पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बोरे में भरकर शारदा नहर में फेंक दिया गया। 22 मार्च को शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिजनों ने की।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। फरार चल रहे आरोपी अरुण उर्फ रंजीत कुमार (22 वर्ष) निवासी लेहरा बगियापुर को मुखबिर की सूचना पर मान्धाता मोड़ के पास गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश और घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।







